Advertisement

पाकिस्तान सरकार में 20 साल बाद मंत्री बना कोई हिंदू, जानिए कौन है यह शख्स

बीते हफ्ते पाकिस्तान की सुप्रीम कोर्ट ने नवाज शरीफ को पनामा पेपर्स लीक मामले में भ्रष्टाचार का दोषी मानकर प्रधानमंत्री पद से बर्खास्त कर दिया था।
पाकिस्तान सरकार में 20 साल बाद मंत्री बना कोई हिंदू, जानिए कौन है यह शख्स

पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शाहिद खाकन अब्बासी के कैबिनेट ने शुक्रवार को शपथ ली और इस बार कैबिनेट में हिंदू सांसद दर्शन लाल को भी शामिल किया गया। दर्शन लाल पाकिस्तान सरकार में पिछले 2 दशक से ज्यादा समय में शामिल किए जाने वाले पहले हिंदू हैं। राष्ट्रपति ममनून हुसैन ने 47 सांसदों को कैबिनेट मंत्री की शपथ दिलाई, इनमें से 19 राज्यमंत्री हैं।

कौन हैं दर्शन लाल?

एक सरकारी अधिकारी के मुताबिक, दर्शन लाल को पाकिस्तान के चारों प्रांतों के बीच समन्वय का प्रभारी बनाया गया है।

65 वर्षीय दर्शन लाल पेशे से डॉक्टर रहे हैं और सिंध प्रांत में मीरपुर मथेलो शहर में प्रैक्टिस करते थे। साल 2013 में वह PML-N पार्टी की टिकट पर माइनॉरिटी कोटे से दूसरी बार सांसद चुने गए थे। पाकिस्तान में इतने सालों बाद हिंदू का मंत्री बनाया जाना इसलिए भी मायने रखता है क्योंकि वहां की संसद में हिंदुओं की भागीदारी बहुत कम है। हिंदू सांसदों में रमेश कुमार वंकवान, भवन दास, रमेश लाल, लाल चंद मल्ही, संजय पेरवानी जैसे कुछ नाम ही हैं।

 

नई कैबिनेट

नई कैबिनेट में ज्यादातर पुराने चेहरे ही हैं। ज्यादातर नए लोगों को राज्य मंत्री बनाया गया है। शाहिद खाकन अब्बासी ने चार घंटों तक नवाज शरीफ से सलाह-मशविरा करने के बाद कैबिनेट चुनी।

वहीं, नवाज शरीफ के कैबिनेट में रक्षा और ऊर्जा मंत्रालय संभालने वाले ख्वाजा आसिफ को अब्बासी ने विदेश मंत्री चुना है। पाकिस्तान सरकार में साल 2013 से ही कोई विदेश मंत्री नहीं था। पाकिस्तान की आखिरी विदेश मंत्री हीना रब्बानी खार थीं। इस बार कैबिनेट का विस्तार लगभग दुगना कर दिया गया है।

बीते हफ्ते पाकिस्तान की सुप्रीम कोर्ट ने नवाज शरीफ को पनामा पेपर्स लीक मामले में भ्रष्टाचार का दोषी मानकर प्रधानमंत्री पद से बर्खास्त कर दिया था। इसके बाद शाहिद खाकन अब्बासी को नया प्रधानमंत्री बनाया गया है।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad