Advertisement

दुनियाभर में कोरोना से मरने वालों की संख्या 20 हजार के पार, 3 अरब लोगों को किया जा चुका है 'लॉकडाउन'

चीन के वुहान शहर से फैले कोरोना वायरस ने दुनियाभर में भयानक तबाही मचाई है। यह वायरस 182 से ज्यादा देशों...
दुनियाभर में कोरोना से मरने वालों की संख्या 20 हजार के पार, 3 अरब लोगों को किया जा चुका है 'लॉकडाउन'

चीन के वुहान शहर से फैले कोरोना वायरस ने दुनियाभर में भयानक तबाही मचाई है। यह वायरस 182 से ज्यादा देशों में फैल चुका है और अब तक 20 हजार से ज्यादा लोगों की जान ले चुका है। अकेले चीन और इटली में ही मरने वालों का आंकड़ा 7 हजार के पार हो चुका है। साढ़े चार लाख लोग इससे संक्रमित हैं। दुनियाभर के देशों में इमरजेंसी जैसे हालात हैं। कई देशों ने इससे बचाव के लिए लॉकडाउन का रास्ता अख्तियार किया है और तीन अरब से ज्यादा लोग लॉकडाउन में रहने को मजबूर हैं। विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) लगातार इस मामले पर नजर बनाए हुए है और सभी देशों में राहत के लिए कई संगठनों के साथ मिलकर काम कर रहा है। डब्ल्यूएचओ का कहना है कि वैश्विक तौर पर किए गए प्रयासों के जरिए ही इस वायरस से छुटकारा पाया जा सकता है। वहीं, सिर्फ अमेरिका की बात करें तो वहां कोरोना संक्रमित मामलों की संख्या 50 हजार पहुंच गई है। इसी बीच अमेरिका में 2000 अरब डॉलर के राहत पैकेज पर सहमति बन गई है।

कोरोना के खिलाफ भारत को मिला अमेरिका का साथ

अमेरिका ने कहा है कि वो कोरोना वायरस के खिलाफ जंग में भारत के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा है।  विदेश विभाग ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का समर्थन करते हुए कहा कि एक साथ, हम अपने नागरिकों और लोगों को हर जगह सुरक्षित कर सकते हैं।

ईरान ने ठुकराया अमेरिका का प्रस्ताव

अमेरिका का कहना है कि ईरान को कोविड-19 के लिए मानवीय सहायता की अनुमति देनी चाहिए। अमेरिकी प्रतिबंधों ने मानवीय व्यापार को छूट दी, लेकिन ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला खामेनी ने चिकित्सा सहायता के कई अमेरिकी प्रस्तावों को अस्वीकार कर दिया है। नकद भुगतान से लोगों की जरूरतें पूरी नहीं होने वाली मगर पैसों का गलत इस्तेमाल कर सकता है। 

भारत से अपने देश लौटेंगे जर्मनी के नागरिक

21 दिनों के लॉकडाउन के मद्देनजर भारत में फंसे जर्मनी के नागरिकों की इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर सुरक्षा जांच की गई, इसके बाद वे अपने देश लौटेंगे।

अमेरिका में 60 हजार मामले दर्ज

समाचार एजेंसी एएफपी के अनुसार कोरोना वायरस की वजह से अमेरिका में कुल मामले बढ़कर 60,000 पहुंच गए, वहीं 827 लोगों की अभी तक जान गई है।

 

दुनियाभर में 20,000 से अधिक मौतें

कोरोना वायरस की वजह से बुधवार को मरने वालों की संख्या 20 हजार को पार कर गई। इटली में 7,500 से अधिक मौतें हुई हैं तो स्पेन और ईरान में मृतकों की संख्या में भी लगातार इजाफा हो रहा है।

स्पेन की उप प्रधानमंत्री भी कोरोना पॉजिटिव

रॉयटर्स के मुताबिक, स्पेन की उप प्रधानमंत्री कार्मेन काल्वो को भी कोरोना पॉजिटिव पाया गया है। स्पेन सरकार ने बुधवार को ये जानकारी दी।

कोरोना वायरस महामारी से पूरी मानवता खतरे में: संयुक्त राष्ट्र

संयुक्त राष्ट्र ने दुनिया के निर्धनतम लोगों के लिए दो अरब डॉलर की सहायता की अपील समेत मानवीय पहल की शुरुआत करते हुए बुधवार को कहा कि कोरोना वायरस महामारी पूरी मानव जाति के लिए खतरा पैदा कर रही है। संयुक्त राष्ट्र के महासचिव एंतोनियो गुतारेस ने पहल की घोषणा करते हुए कहा कि कोविड-19 पूरी मानवता के लिए खतरा पैदा कर रहा है और पूरी मानव जाति को इससे लड़ना चाहिए। वैश्विक कार्रवाई और एकजुटता बहुत महत्वपूर्ण हैं। देशों के अकेले काम करने से ज्यादा कुछ हासिल नहीं होगा।

पोम्पिओ का बयान

अमेरिकी विदेश मंत्री पोम्पिओ ने कहा कि जी 7 देशों ने कोरोना वायरस को लेकर चीन पर गलत सूचना अभियान चलाने का आरोप लगाया। 

प्रिंस चार्ल्स के स्वास्थ्य में सुधार

71 साल के प्रिंस चार्ल्स के स्वास्थ्य में सुधार हो रहा है। इससे पहले वह कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए थे। उनके प्रवक्ता ने कहा है कि अब धीरे धीरे उनके स्वास्थ्य में सुधार हो रहा है। बताया जा रहा है कि शाही परिवार का कोई अन्य सदस्य इस वायरस से प्रभावित नहीं हुआ है।

कोरोना वायरस से लड़ने के लिए इजरायल ने एप्लिकेशन को लॉन्च किया

कोरोना वायरस से लड़ने के लिए इजरायल ने एप्लिकेशन को लॉन्च किया है, जिसका नाम है वोकलिस हेल्थ। इसकी शुरुआत इसी सप्ताह से होगी। यह एप्लिकेशन अस्पतालों और रक्षा मंत्रालय के साथ काम कर रहा है।

 

अमेरिका ने अपने नागरिकों के लिए निर्देश जारी किया

भारत में लॉकडाउन के मद्देनजर अमेरिका ने अपने नागरिकों के लिए निर्देश जारी किया है। भारत के कानून का पालन करें अमेरिकी नागरिक। भारत में फंसे लोगों के लिए होटल मुहैया कराने और उनकी वापसी के लिए भारत सरकार के संपर्क में है अमेरिकी प्रशासन।

कोरोना वायरस से फ्लॉयड कार्डोज की हुई मौत

कोरोना वायरस की चपेट में आकर भारतीय सेलिब्रेटी शेफ फ्लॉयड कार्डोज (59) की अमेरिका में मौत हो गई। न्यू जर्सी में रहने वाले कार्डोज 19 मार्च को पॉजिटिव मिले थे। इसके बाद उनका इलाज चल रहा था। वह इसी महीने मुंबई आए थे और एक बड़ी पार्टी दी थी। इसमें करीब 200 जानी-मानी हस्तियां मौजूद थीं।

चीन के वुहान में शुरू हुई बस सेवा

चीन में विदेशों से आए कोरोना वायरस संक्रमित लोगों के 47 नए मामले सामने आए हैं। इसी बीच इस घातक वैश्विक महामारी के केंद्र वुहान में नौ सप्ताह के लॉकडाउन के बाद पहली बार बुधवार को शहर के भीतर बस सेवा शुरू की गई। चीन ने मध्य हुबेई प्रांत में पांच करोड़ 60 लाख से अधिक लोगों पर तीन महीने से लागू बंद को हटाने का मंगलवार को फैसला किया था।

स्पेन में 3,434 लोगों ने तोड़ा दम

स्पेन में कोरोना वायरस के संक्रमण से हुई मौतों के मामले में चीन से भी अधिक हो गए हैं। सरकार ने यह जानकारी दी। स्पेन में बीते 24 घंटे में 738 लोगों ने दम तोड़ दिया, जिसके बाद मृतकों की संख्या बढ़कर 3,434 हो गई है, जबकि 47,610 लोग संक्रमित हैं। स्पेन में तेजी से फैलते कोरोना वायरस को रोकने के लिए 11 दिन से लॉकडाउन जारी है।

ईरान में बुधवार को 143 और लोगों की मौत

वहीं ईरान में बुधवार को 143 और लोगों की मौत के बाद मृतकों की संख्या बढ़कर 2,077 हो गई है। ईरान कोरोना वायरस से सबसे अधिक प्रभावित देशों में से एक है। स्वास्थ्य मंत्रालय के प्रवक्ता कियानूश जहानपुर ने कहा, 'हमारे साथियों को बीते 24 घंटे में 2,206 लोगों के कोरोना वायरस से संक्रमित होने की जानकारी मिली है जिसके साथ ही देश में संक्रमित लोगों की संख्या बढ़कर 27,017 हो गई है।'

नेपाल में कोरोना वायरस का तीसरा मामला

नेपाल में कोरोना वायरस का तीसरा मामला मिला है। यहां 31 वर्षीय एक व्यक्ति को कोरोना वायरस से संक्रमित पाया गया है जो खाड़ी देश से लौटा था। इसके साथ ही सरकार ने महामारी से लड़ने के लिए एक सप्ताह के राष्ट्रव्यापी लॉकडाउन की घोषणा की है। नेपाल में कोविड-19 से संक्रमण का यह तीसरा मामला है। नेपाल सरकार ने भारत और चीन के साथ लगती अपनी सीमाओं को पहले ही बंद कर दिया है।

पाकिस्तान में संक्रमितों की संख्या 1,000 के पार

पाकिस्तान में भी कोरोना का कहर तेजी से फैल रहा है। पाकिस्तान की स्थिति डराने वाली है। अब तक पाकिस्तान में कोरोना संक्रमितों की संख्या 1,000 के पार हो गई है और इस वायरस से सात लोगों की मौत हो चुकी है।

 

 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad