Advertisement

एलन मस्क की स्पेसएक्स ने रचा इतिहास, पहली बार चार आम नागरिकों को भेजा अंतरिक्ष

मशहूर व्यवसायी एलन मस्क की अमेरिकी एयरोस्पेस कंपनी स्पेसएक्स ने चार आम लोगों को अंतरिक्ष में भेजकर...
एलन मस्क की स्पेसएक्स ने रचा इतिहास, पहली बार चार आम नागरिकों को भेजा अंतरिक्ष

मशहूर व्यवसायी एलन मस्क की अमेरिकी एयरोस्पेस कंपनी स्पेसएक्स ने चार आम लोगों को अंतरिक्ष में भेजकर इतिहास रच दिया है। स्पेसएक्स ने आज इंस्पिरेशन 4 मिशन को विश्व के पहले ऑल-सिविलियन क्रू के साथ अंतरिक्ष में लॉन्च कर एक नया कीर्तिमान बनाया है। अमेरिका के फ्लोरिडा स्थित कैनेडी स्पेस सेंटर से आज सुबह लगभग 5:30 बजे (भारतीय समयानुसार) चार आम लोगों को लेकर स्पेसएक्स का क्रू ड्रैगन कैप्सूल फाल्कन-9 रॉकेट से अंतरिक्ष के लिए रवाना हो गया।


इस मिशन के तहत चार शौकिया अंतरिक्ष यात्री पृथ्वी की सतह से 357 मील (575 किलोमीटर) की ऊंचाई पर यात्रा कर रहे हैं, जो निजी अंतरिक्ष यान में तीन दिन पृथ्वी की कक्षा में रहेंगे, अंतरिक्ष यान पृथ्वी की परिक्रमा करेगा। इस मिशन की विशेष बात है कि इसमें एक भी पेशेवर अंतरिक्ष यात्री नहीं है। इस मिशन को इंस्पिरेशन 4 नाम दिया गया है। बता दें कि 2009 के बाद पहली बार इंसान इतनी ऊंचाई पर होगा।

उल्लेखनीय है कि स्पेसएक्स की यह उड़ान फाल्कन 9 रॉकेट द्वारा संचालित है। यह प्रक्षेपण अमेरिका स्थित फ्लोरिडा के केप कैनावेरल में नासा के कैनेडी स्पेस सेंटर से हुआ, जहां अपोलो 11 मिशन ने एक बार चंद्रमा के लिए उड़ान भरी थी। इस प्रकार के दल को अंतरिक्ष मिशन पर भेज कर यह संकेत देने का प्रयास किया जा रहा है कि अंतरिक्ष अब सबके लिए खुल रहा है। इस परियोजना के पीछे हैं अरबपति व्यापारी जैरेड आइजैकमैन। उन्होंने ही अपने खर्च पर इस पूरे मिशन को किराए पर ले लिया था और फिर तीन तीन अनाम लोगों को उनके साथ चलने के लिए आमंत्रित किया। साथ ही उनके सहयात्रियों को चुनने के लिए एक अनूठी चयन प्रक्रिया को अपनाया गया।

बता दें कि 38 साल के आइजैकमैन "शिफ्ट4पेमेंट्स" नाम की कंपनी के संस्थापक हैं और इस मिशन के कमांडर हैं। उनकी कंपनी दुकानों और रेस्तरां को बैंक कार्ड लेनदेन पूरा करने के लिए सर्विस देती है। उन्होंने इस कंपनी को 16 साल की उम्र में अपने घर के बेसमेंट से शुरू किया था। उन्हें हवाई जहाज उड़ाना बहुत पसंद है और उनके पास एक हल्के जेट में पूरे विश्व का चक्कर लगाने का रिकॉर्ड है।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad