Advertisement

दो दिवसीय दौरे पर जापान पहुंचे मोदी, आबे से कल करेंगे वार्ता

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपनी दो दिवसीय जापान यात्रा के लिए टोक्यो पहुंच गए हैं। इस यात्रा के दौरान मोदी कल अपने जापानी समकक्ष के साथ व्यापक विषयों पर चर्चा करेंगे जिसके बाद दोनों देशों के बीच 12 समझौतों पर हस्ताक्षर किए जाएंगे। इस दौरान दोनों राष्ट्रों के बीच महत्वपूर्ण असैन्य परमाणु करार होने की भी संभावना है।
दो दिवसीय दौरे पर जापान पहुंचे मोदी, आबे से कल करेंगे वार्ता

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज शाम करीब 7 बजे टोक्यो पहुंचे। पीएम की यह यात्रा दो दिनों की है। आधिकारिक यात्रा कल शुक्रवार से सुरू होगी। उम्मीद जताई जा रही है कि दोनों देशों के प्रमुखों के बीच बातचीत के दौरान द्विपक्षीय सामरिक संबंधों को गति दी जाएगी। शिखर सम्मेलन के दौरान दोनों नेता सुरक्षा, कारोबार, निवेश, कौशल विकास और आधारभूत संरचना जैसे व्यापक क्षेत्रों में संबंधों को गति प्रदान करने के रास्तों पर चर्चा करेंगे। प्रधानमंत्री मोदी के कल से शुरू दो दिवसीय आधिकारिक कार्यक्रम के दौरान यहां और कोबे में जापानी कारोबारियों को संबोधित करने का कार्यक्रम है। अपनी यात्रा शुरू करने से पूर्व मोदी ने कहा कि वे 11 नवंबर को टोक्यो में अबे से मुलाकात में द्विपक्षीय संबंधों के संपूर्ण आयामों की समीक्षा करने को आशान्वित हैं। उन्होंने कहा,  मैं भारत और जापान के शीर्ष कारोबारी नेताओं के साथ विस्तृत चर्चा करूंगा और हम कारोबार एवं निवेश संबंधों को और मजबूत बनाने के रास्तों पर विचार करेंगे।

प्रधानमंत्री की इस महत्वपूर्ण यात्रा में शिखर स्तर की वार्ता के बाद दोनों पक्षों के बीच 12 समझौतों पर हस्ताक्षर किए जाएंगे। इनमें कौशल विकास, सांस्कृतिक आदान-प्रदान और आधारभूत संरचना जैसे क्षेत्र शामिल हैं। सूत्रों ने बताया कि कल असैन्य परमाणु करार पर हस्ताक्षर होने की उम्मीद के बीच दोनों पक्ष इस विषय पर वार्ता को अंतिम रूप देने की प्रक्रिया में हैं। पिछले महीने दिसंबर में अबे की भारत यात्रा के दौरान दोनों देशों के बीच इस बारे में व्यापक सहमति बनी थी लेकिन अंतिम समझौते पर हस्ताक्षर नहीं किया जा सका था क्योंकि कुछ तकनीकी एवं कानूनी मुद्दे सामने आ गए थे। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता विकास स्वरूप ने पिछले सप्ताह कहा था कि दोनों देशों ने करार के मसौदे के जुड़े कानूनी एवं तकनीकी पहलुओं समेत आंतरिक प्रक्रियाओं को पूरा कर लिया है।

भारत और जापान के बीच परमाणु करार के विषय पर बातचीत कई वर्षों से जारी है लेकिन इसके बारे में प्रगति रूकी हुई थी क्योंकि फुकुशिमा परमाणु उर्जा संयंत्र में 2011 में दुर्घटना के बाद जापान में राजनीतिक प्रतिरोध की स्थिति थी। जापान दुनिया का एकमात्र देश है जिस पर परमाणु बम गिराया गया है और वह परमाणु मुद्दे को लेकर काफी संवेदनशील है और भारत के साथ परमाणु करार इस दिशा में महत्वपूर्ण है क्योंकि वह परमाणु अप्रसार संधि (एनपीटी) का हस्ताक्षरकर्ता नहीं है। भारत से जापान जाने के दरम्यान पीएम मोदी ने बीच में थाईलैंड की राजधानी बैंकाक में उतरकर वहां के दिवंगत नरेश भूमिबोल अदुल्यदेज को श्रद्धांजलि दी। मोदी जापान जाने के दौरान अचानक थाईलैंड की राजधानी बैंकाक उतरे और वहां के दिवंगत नरेश को श्रद्धांजलि अर्पित की। अदुल्यदेज का लंबी बीमारी के बाद पिछले महीने निधन हो गया था। 

Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad