Advertisement

दुनियाभर में 1.5 लाख से ज्यादा मौत, अकेले अमेरिका में 35 हजार से ज्यादा मरे

कोरोना वायरस से दुनिया भर में मरने वालों की तादाद 1.5 लाख के आंकड़े को पार कर गई है। जानलेवा वायरस कोरोना...
दुनियाभर में 1.5 लाख से ज्यादा मौत, अकेले अमेरिका में 35 हजार से ज्यादा मरे

कोरोना वायरस से दुनिया भर में मरने वालों की तादाद 1.5 लाख के आंकड़े को पार कर गई है। जानलेवा वायरस कोरोना के कारण अब तक दुनिया भर में 1,54,126 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं, कोरोना वायरस से संक्रमित लोगों की संख्या भी 22 लाख के आंकड़े को पार कर गई। दुनिया भर में संक्रमितों की तादाद 2,248,330 हो गई है। पांच लाख 71 हजार 577 ठीक भी हुए हैं। पिछले कई दिनों की तरह ही अमेरिका में सबसे अधिक संक्रमण और मौत के मामले सामने आए हैं। अमेरिका में अबतक 35 हजार से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है। ब्रिटेन में कोरोना से अब तक 14 हजार 576 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं, एक लाख आठ हजार 692 संक्रमित हैं।

अमेरिका में 24 घंटे में 2,535 मौतें

अमेरिका में हर दिन होने वाली मौतों में कमी होती नजर नहीं आ रही है। यहां शुक्रवार को 2,535 जान गई है। वहीं, 32 हजार 165 संक्रमित हुए हैं। देश में अब तक 35 हजार से अधिक लोग जान गंवा चुके हैं, जबकि संक्रमण के सात लाख केस मिल चुके हैं।

कोरोना वायरस से अफ्रीका में 1000 से ज्यादा मौतें

न्यूज एजेंसी एफपी  के मुताबिक, अफ्रीका में कोरोना वायरस से मरने वालों का आंकड़ा बढ़कर 1000 से भी ज्यादा हो गया है। अफ्रीकी देश अल्जीरिया में अभी तक कोरोना से सबसे ज्यादा 364 लोगों की मौत हो चुकी है। इसके बाद मिस्र में 205, मोरक्को में 135 और साउथ अफ्रीका में इस संक्रमण से 50 लोग मारे जा चुके हैं। अफ्रीका में अब तक कोरोना संक्रमण के 20,000 से ज्यादा केस सामने आ चुके हैं।

इटली में 3,493 नए केस

इटली में शुक्रवार को संक्रमण के 3,493 नए केस सामने जिसके बाद कुल मामले बढ़कर अब 1,72,434 हो गए हैं। यहां 575 लोगों की मौत भी हो गई और कुल मौतों का आंकड़ा बढ़कर अब 22,745 हो गया है।

स्पेन में 19,478 लोगों की मौत

स्पेन में कोरोना वायरस के संक्रमण से मरने वालों की संख्या शुक्रवार को 19,500 के करीब पहुंच गई। सरकार द्वारा शुक्रवार को जारी आकंड़ों के मुताबिक देश में गत 24 घंटे में 585 लोगों की मौत हुई है। स्पेन में कोविड-19 से मौतों की संख्या 19,478 पर पहुंच गई है। अमेरिका और इटली के बाद स्पेन तीसरा देश है जहां पर सबसे अधिक मौतें हुई हैं।  

फ्रांस में 18,681 ने गंवाई जान

फ्रांस में गुरूवार को 14 हजार से ज्यादा नए केस आने के बाद शुक्रवार को यहां स्थिति कंट्रोल में रही और 1,909 नए केस सामने आए जिसके बाद कुल मामले बढ़कर 1,47,969 हो गए हैं, यहां 761 लोगों की इस संक्रमण से मौत हो गयी जिसके बाद मरने वालों की संख्या बढ़कर अब 18,681 हो गई है।

ईरान में 4,958 मौत

ईरान ने शुक्रवार को बताया कि कोरोना वायरस के संक्रमण से 89 लोगों की मौत के साथ देश में इस महामारी से कुल मौतों की संख्या 4,958 तक पहुंच गई है। ईरान में लगातार चौथे दिन कोरोना वायरस से मौतों का आंकड़ा दो अंकों में रहा। स्वास्थ्य मंत्रालय के प्रवक्ता कियानोश जहांपोर ने संवाददाता सम्मेलन में कहा कि देश में कोरोना वायरस संक्रमण से 4,958 लोगों की मौत हुई है। यह लगातार छठा दिन है जब पश्चिमी एशियाई देश के आधिकारिक आंकड़ों में कोरोना वायरस से दैनिक मौतों में कमी आई है।

रूस में अब तक 273 लोगों की मौत

रूस की राजधानी मॉस्को में महामारी से 24 घंटे में 21 मरीजों की मौत होने से यह आंकड़ा बढ़कर 148 पहुंच गया है। कोरोना वायरस पर प्रतिक्रिया देते हुए केंद्र ने शनिवार को एक बयान में कहा कि संक्रमित मरीज जिनका इलाज किया जा रहा था, उनमें से 21 की मॉस्को में मौत हो गई। मारे गए मरीजों की उम्र 34 से 91 वर्ष के बीच है। रूस में अब तक 273 लोगों की जान जा चुकी है, जबकि 32 हजार से ज्यादा संक्रमित हैं। राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने शुक्रवार को महामारी के इलाज में इस्तेमाल होने वाली दवाएं देने के लिए भारत का शुक्रिया अदा किया है। पुतिन के प्रवक्ता ने कहा, “भारत सरकार ने हमें कोविड-19 के इलाज में मददगार दवाएं देने का फैसला किया है। हम उनके शुक्रगुजार हैं।”

अफगानिस्तान में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 906

अफगानिस्तान में पिछले 24 घंटों में 66 नए मामले सामने आने के बाद देश में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 906 हो गई है। स्वास्थ्य मंत्रालय के प्रवक्ता वहीदुल्लाह मेयर ने कहा कि पिछले 24 घंटों में 465 नमूनों की जांच में नए मामलों की पुष्टि हुई है। उन्होंने कहा कि 45 मरीज पूरी तरह से ठीक हो गए हैं। काबुल में लॉकडाउन गुरुवार से तीन हफ्तों के लिए बढ़ा दिया गया। यहां अब तक 30 लोगों की मौत हो चुकी है।

चिली में 116 की मौत, 9,252 संक्रमित

चिली के स्वास्थ्य मंत्रालय ने शनिवार को कहा कि देश में अब तक 116 मरीजों की मौत हो चुकी है जबकि 9,252 संक्रमित हैं। उपस्वास्थ्य मंत्री पाउला डाजा ने कहा कि देश में 3,621 लोग ठीक हो चुके हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय के सहायता नेटवर्क के उपमंत्री अर्तुरो ज़ुनिगा ने बताया कि 727 स्वास्थ्यकर्मी को क्वारैंटाइन किया गया है। जबकि बड़ी संख्या में स्वास्थ्यकर्मी क्वारैंटाइन के बाद घर वापस लौट चुके हैं। चिली सरकार ने इस सप्ताह लिफ्ट और दस लोगों से ज्यादा भीड़ वाले सार्वजनिक स्थानों पर फेस मास्क लगाना अनिवार्य कर दिया है। साथ ही स्कूल, सिनेमा, रेस्तरां, शॉपिंग सेंटर और अन्य स्थान बंद करने का अदेश दिया है।

चीन में मौत के आंकड़ों में 50 फीसदी की वृद्धि

चीन में मौत का आंकड़ा फिर तेजी से बढ़ा है। शुक्रवार को चीन में मौत के आंकड़ों में 50 फीसदी से अधिक का उछाल देखा गया। इस उछाल के अनुसार शुक्रवार को चीन में 1290 लोगों की मौत हो गई। इसके कारण अब चीन में कुल मौतों की तादद 4632 हो गई है। वहीं संक्रमित लोगों की तादाद में इजाफा हुआ है। चीन में कल 325 नए केस आने के बाद अब वहां कुल संक्रमितों की तादाद 82,692 हो गई है।

चीन के आंकड़ों पर ट्रंप का ट्वीट

अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने शुक्रवार को ट्वीट किया कि चीन ने अचानक इस अज्ञात शत्रु से होने वाली मौतों का आंकड़ा बढ़ाकर दोगुना कर दिया है। लेकिन यह इससे कहीं ज्यादा है। ये अमेरिका में हो रही मौतों से भी ज्यादा है। उनका यह बयान तब आया, जब कहा गया कि महामारी का केंद्र रहे चीन के वुहान शहर में 1,290 और मौतें हुई हैं।

वन्यजीवों के मांस के व्यापार पर कड़े प्रतिबंध लगाने चाहिए: डब्ल्यूएचओ

विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) के प्रमुख टेड्रोस एडहॉनम गेब्रेसिएसस ने शुक्रवार को कहा कि महामारी के कारण सभी देशों को वन्यजीवों के मांस के व्यापार पर कड़े प्रतिबंध लगाने चाहिए। इन बाजारों में ज्यादातर जगहों पर स्वच्छता का अभाव होता है। गेब्रेसिएसस ने कहा- वेट मार्केट (मांस बाजार) तभी दोबारा खोले जाने चाहिए, जब यहां पूरी तरह फूड सेफ्टी और स्वच्छता सुनिश्चित हो सके। उन्होंने कहा- नए वायरस का 70% जानवरों से आए हैं। फिलहाल, हम जानवरों से इंसान में संक्रमण को और बेहतर तरीके से रोकने और समझने की कोशिश में लगे हैं।

 

 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad