Advertisement

चीन ने नैंसी पेलोसी पर लगाया प्रतिबंध, अमेरिका के साथ इन अहम मुद्दों पर रोकी बातचीत

अमेरिकी संसद की स्पीकर नैंसी पेलोसी की ताइवान यात्रा से भड़का चीन अब और आक्रमक होता जा रहा है। उसने...
चीन ने नैंसी पेलोसी पर लगाया प्रतिबंध, अमेरिका के साथ इन अहम मुद्दों पर रोकी बातचीत

अमेरिकी संसद की स्पीकर नैंसी पेलोसी की ताइवान यात्रा से भड़का चीन अब और आक्रमक होता जा रहा है। उसने गुरुवार को ताइवान की घेराबंदी के लिए युद्धभ्यास शुरू किया। अब चीन ने नैंसी पेलोसी पर अनिर्दिष्ट प्रतिबंध लगाने की घोषणा की है। साथ ही उसने अमेरिका के साथ कई मुद्दों पर होने वाली बातचीत को भी रोक दिया है।

चीनी विदेश मंत्रालय ने शुक्रवार को एक बयान जारी कर कहा कि पेलोसी ने उस स्व-शासित द्वीप की उनकी यात्रा को लेकर चीन की चिंताओं और विरोध की अवहेलना की है, जिस पर बीजिंग अपना दावा जताता है।

न्यूज़ एजेंसी पीटीआई ने एपी के हवाले से इस खबर की जानकारी देते हुए बताया कि चीन ने पेलोसी की ताइवान यात्रा के प्रतिशोध में जलवायु परिवर्तन, सैन्य मुद्दों, नशीली दवाओं के खिलाफ काम पर अमेरिका के साथ बातचीत रोक दी है।

बता दें कि पेलोसी ने चीन की धमकियों की परवाह किए बगैर गत शनिवार को ताइवान का एक दिनी दौरा किया था। इससे चीन बुरी तरह बौखला गया है। पेलोसी ने कहा था कि चीन अमेरिकी अधिकारियों को ताइवान की यात्रा करने से नहीं रोक सकता।

पेलोसी पिछले 25 वर्षों में ताइवान की यात्रा करने वाली अमेरिका की सबसे शीर्ष अधिकारी हैं। चीन ताइवान को अपना क्षेत्र बताता है और विदेशी सरकारों के साथ उसके संबंधों का विरोध करता है।

चीनी विदेश मंत्रालय के बयान में पेलोसी के ताइवान दौरे को उकसावे वाली कार्रवाई करार दिया गया है। इसमें कहा गया कि यह कदम चीन की संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता के खिलाफ है।

बयान के मुताबिक, पेलोसी और उनके परिवार पर प्रतिबंध लागू किए जाएंगे। हालांकि, चीन ने यह स्पष्ट नहीं किया कि प्रतिबंध किस तरह के होंगे। वैसे, आमतौर पर ऐसे प्रतिबंध प्रतीकात्मक प्रकृति के होते हैं।

 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad