Advertisement

फिजिक्स के नोबेल पुरस्कार का ऐलान, इन तीन वैज्ञानिकों को मिला प्रतिष्ठित अवॉर्ड

2019 के लिए फिजिक्स का नोबेल पुरस्कार स्विट्जरलैंड के मिशेल मेयर, दिदिएर क्वेलोज और कनाडाई अमेरिकी...
फिजिक्स के नोबेल पुरस्कार का ऐलान, इन तीन वैज्ञानिकों को मिला प्रतिष्ठित अवॉर्ड

2019 के लिए फिजिक्स का नोबेल पुरस्कार स्विट्जरलैंड के मिशेल मेयर, दिदिएर क्वेलोज और कनाडाई अमेरिकी भौतिकविद जेम्स पीबल्स को दिया जाएगा। जेम्स पीबल्स को ब्रह्मांड विज्ञान में सैद्धांतिक खोजों के लिए और मिशेल मेयर, दिदिएर क्वेलोज को संयुक्त रूप से सौर मंडल के बाहर एक ग्रह (एक्जोप्लैनेट) की खोज के लिए यह अवॉर्ड मिलेगा। यह ग्रह सूर्य जैसे किसी तारे का चक्कर लगा रहा है।

शुरू हुई नोबेल पुरस्कारों की घोषणा

स्वीडन की राजधानी स्टॉकहोम में 2019 के लिए नोबेल पुरस्कारों की घोषणा सोमवार से शुरू हुई है। गुरुवार को रसायन शास्त्र का नोबेल दिया जाएगा। 14 अक्टूबर तक कुल छह क्षेत्रों में नोबेल पुरस्कार विजेताओं का ऐलान होगा। सोमवार को चिकित्सा का नोबेल पुरस्कार अमेरिका के विलियम जी. केलिन जूनियर और ग्रेग एल सेमेन्जा, ब्रिटेन के सर पीटर जे. रैटक्लिफ को दिया गया। वहीं, स्वीडिश अकादमी 2018 और 2019 दोनों ही वर्षों के लिए साहित्य नोबेल पुरस्कारों का ऐलान करेगी। पिछले साल उभरे यौन उत्पीड़न के मामले की वजह से 2018 के साहित्य नोबेल की घोषणा को अकादमी ने स्थगित कर दिया था।

शांति के लिए ग्रेटा थनबर्ग प्रबल दावेदार

इस साल शांति पुरस्कार के लिए नार्वेजियन नोबेल समिति को 301 नामांकन मिले थे, जो कि 1901 में पहले पुरस्कार के दिए जाने के बाद की सबसे बड़ी संख्या है। इस बार 16 वर्षीय स्वीडिश जलवायु एक्टिविस्ट ग्रेटा थनबर्ग को इस पुरस्कार के लिए प्रबल दावेदार माना जा रहा है। उन्होंने जलवायु परिवर्तन रोकने के लिए दुनियाभर में अभियान चला रही हैं। अगर उन्हें नोबेल दिया जाता है तो वे यह पुरस्कार पाने वाली सबसे कम उम्र की विजेता बन जाएगी। इससे पहले, हाल ही में उन्हें वैकल्पिक नोबेल पुरस्कार भी प्रदान किया गया था।

नोबेल पुरस्कार में क्या मिलता है

नोबेल पुरस्कार के हर विजेता को करीब साढ़े चार करोड़ रुपए की राशि दी जाती है। इसके साथ 23 कैरेट सोने से बना 200 ग्राम का पदक और प्रशस्ति पत्र भी दिया जाता है। पदक के एक ओर नोबेल पुरस्कार के जनक अल्फ्रेड नोबेल की छवि, उनके जन्म तथा मृत्यु की तारीख लिखी होती है। पदक की दूसरी तरफ यूनानी देवी आइसिस का चित्र, रॉयल एकेडमी ऑफ साइंस स्टॉकहोम और पुरस्कार पाने वाले व्यक्ति की जानकारी होती है।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad