Advertisement

म्यूनिख में बंदूकधारी ने की गोलीबारी, नौ मरे

ऐसा लगता है कि पूरा यूरोप इन दिनों हिंसक गतिविधियों से जूझ रहा है। ‌ फ्रांस, तुर्की, बेल्जियम और अब जर्मनी को हिंसा से जूझना पड़ रहा है। बीती रात जर्मनी के शहर म्यूनिख में एक बंदूकधारी ने एक शॉपिंग सेंटर में लोगों पर गोलीबारी कर दी जिसमें कम से कम छह लोगों के मारे जाने की पुष्टि हो चुकी है। वैसे बाद में पुलिस ने कहा कि मरने वालों की संख्या नौ हो सकती है।
म्यूनिख में बंदूकधारी ने की गोलीबारी, नौ मरे

म्यूनिख पुलिस ने कहा कि बंदूकधारी संभवत: अकेला था और उसने आत्महत्या कर ली। पुलिस ने यह भी दावा किया कि म्यूनिख बंदूकधारी जर्मन-इरानी था, हमले के पीछे का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है।

अभी यह साफ नहीं है कि आतंकी हमला है या नहीं। किसी संगठन ने इस हमले की फिलहाल जिम्मेदारी नहीं ली है। पुलिस को इसके आतंकी हमला होने का संदेह है। गौरतलब है कि इससे पहले फ्रांस के नीस शहर में देश के नेशनल डे वाले दिन एक शख्स ने सैकड़ों लोगों को ट्रक से कुचल दिया था जिसमें 84 लोग मारे गए थे। इसे एक आतंकी हमला करार दिया गया था।

पहले म्यूनिख पुलिस ने ट्विटर पर लिखा, बदकिस्मती से हमारे पास छह लोगों के मारे जाने की खबर है। पुलिस ने साथ ही कहा कि उसके पास घायलों की संख्या की पूरी जानकारी नहीं है। बाद में मृतकों की संख्या नौ बताई गई। पुलिस की एक प्रवक्ता ने कहा कि रात साढ़े नौ बजे (भारतीय समयानुसार) से पहले मैक्डोनॉल्ड रेस्त्रां में गोलीबारी शुरू हुई और फिर पास की एक सड़क पर गोलीबारी की गई। इसके बाद हमलावर शहर के ओलंपिक स्टेडियम के पास स्थित मॉल में घुस गया। उन्होंने मृतकों की संख्या की पुष्टि किए बिना कहा, कई लोग मारे गए हैं और कई घायल हुए हैं। अधिकारियों ने कहा कि घटना को देखते हुए शहर के मुख्य ट्रेन स्टेशन को खाली करा लिया गया है और मेट्रो एवं बस परिवहन सेवा रोक दी गई है।

हाल में फ्रांस, तुर्की और बेल्जियम में हुए कई आतंकी हमलों को देखते हुए यूरोप में अलर्ट जारी है। पुलिस ने ओईजेड शॉपिंग सेंटर को चारों तरफ से घेर लिया है जबकि एक हेलीकॉप्टर इसकी ऊपर से निगरानी कर रहा है। म्यूनिख पुलिस ने ट्विटर पर लोगों से इलाके की तरफ ना जाने की अपील करते हुए कहा, शॉपिंग सेंटर में एक बड़ा पुलिस अभियान चल रहा है। इलाके में सड़कों पर आपात वाहन देखे गए हैं।

जर्मनी में अब तक पड़ोसी देश फ्रांस की तरह कोई बड़ा जेहादी हमला नहीं हुआ है। हालांकि कुछ दिन पहले गत सोमवार को एक किशोर हमलावर ने जर्मनी में एक ट्रेन में कुल्हाड़ी और चाकू से हमला कर पांच लोगों को घायल कर दिया था जिसमें से दो गंभीर रूप से घायल थे। वहीं पिछले हफ्ते फ्रांस के नीस शहर में एक हमलावर ने अपनी ट्रक से 84 लोगों को कुचलकर मार डाला था।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad