Advertisement

डोनाल्ड ट्रंप ने फिर की भारत-चीन सीमा विवाद पर मध्यस्थता करने की पेशकश, कहा- 'बहुत ही खराब स्थिति'

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शुक्रवार को कहा कि भारत और चीन के बीच सीमा विवाद को सुलझाने में...
डोनाल्ड ट्रंप ने फिर की भारत-चीन सीमा विवाद पर मध्यस्थता करने की पेशकश, कहा- 'बहुत ही खराब स्थिति'

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शुक्रवार को कहा कि भारत और चीन के बीच सीमा विवाद को सुलझाने में अमेरिका मदद के लिए तैयार है। उन्होंने कहा कि "हम चीन और भारत के संबंध में मदद करने के लिए तैयार हैं। अगर हम कुछ भी कर सकते हैं, तो हम इसमें शामिल होना और मदद करना पसंद करेंगे।"

सीमा पर भारत और चीन के बीच चल रहे तनाव पर डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि अभी बहुत ही खराब स्थिति है। हम तनाव कम करने के लिए चीन और भारत की मदद के लिए हमेशा ही तैयार हैं। उन्होंने कहा कि हम इन मसलों पर दोनों देशों से बात करेंगे। उन्होंने कहा कि चीन की चालाकी को पूरी दुनिया समझ रही है।

बता दें कि शुक्रवार को भारत-चीन सीमा विवाद के बीच भारत के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और चीन के रक्षा मंत्री जनरल वेई फेंगही के बीच रूस की राजधानी मॉस्को में बातचीत हुई। यह बैठक 2 घंटे 20 मिनट तक चली। बता दें कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पहले भी मदद की पेशकश कर चुके हैं।

राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक चुनावी संबोधन के दौरान भारत के लोगों की प्रशंसा करते हुए कहा कि यहां के लोग महान हैं। उन्होंने एक शानदार नेता को चुना है। उन्होंने कहा कि उन्हें भारतीय लोगों और पीएम मोदी का समर्थन प्राप्त है।

अधिकांश भारतीय- अमेरिकी उन्हें ही वोट करेंगे: ट्रंप

डोनाल्ड ट्रंप ने पीएम मोदी की प्रशंसा करते हुए कहा कि पीएम मोदी हमारे सबसे अच्छे मित्रों में से एक हैं और वे बेहद ही शानदार काम कर रहे हैं। ट्रंप ने कहा कि उन्हें लगता है कि अधिकांश भारतीय- अमेरिकी उन्हें ही वोट करेंगे।

'चीन के एक वायरस ने दुनिया भर के 188 देशों में तबाही मचाई'

इस दौरान ट्रंप ने चीन पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि इस समय रूस से भी अधिक चीन की चर्चा होनी चाहिए, क्योंकि वह जो काम कर रहा है, वह कहीं ज्यादा खराब है। उन्होंने कहा कि चीन के एक वायरस ने दुनिया भर के 188 देशों में तबाही मचा रखी है। दुनिया भर ने इसे देखा है।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement