Advertisement

पाक पर नजर रखने में अमेरिका की मदद कर सकता है भारत

अफगानिस्तान में भारत की भूमिका का लगातार विरोध कर रहे पाकिस्तान को अमेरिका ने बड़ा झटका दिया है।...
पाक पर नजर रखने में अमेरिका की मदद कर सकता है भारत

अफगानिस्तान में भारत की भूमिका का लगातार विरोध कर रहे पाकिस्तान को अमेरिका ने बड़ा झटका दिया है। संयुक्त राष्ट्र में अमेरिकी राजदूत निक्की हेली ने पाक पर नजर रखने के लिए भारत से मदद मांगी है। साथ ही अफगानिस्तान में भी भारत की बड़ी भूमिका पर जोर दिया है।

अमेरिका-भारत मैत्री परिषद की ओर से आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए हेली ने ये बातें कहीं। भारतीय मूल की हेली का दोनों देशों के बीच रणनीतिक साझेदारी विकसित करने में भी खासी भूमिका रही है। साल के अंत तक भारत आने के संकेत भी उन्होंने दिए हैं।

हेली ने कहा कि पाकिस्तान आतंकवादियों का समर्थन करता है। इस संबंध में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कड़ा रुख अपनाया है। ऐसे में पाक पर नजर रखने में भारत उनकी मदद कर सकता है। अफगानिस्तान और दक्षिण एशिया में आतंकवाद से लड़ने के लिए ट्रंप प्रशासन के हालिया रणनीति का जिक्र करते हुए हेली ने कहा कि इसकी महत्वपूर्ण बातों में से एक भारत के साथ अमेरिका की रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करना है।

अफगानिस्तान और दक्षिण एशिया में आतंकवादियों की सुरक्षित पनाहगाहों को खत्म करना, परमाणु हथियारों को आतंकवादियों की पहुंच से दूर रखना भी इस रणनीति का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि इन लक्ष्यों को हासिल करने के लिए अमेरिका अपनी पूरी क्षमता और संसाधनों का इस्तेमाल करेगा। उन्होंने कहा कि अफगानिस्तान में स्थिरता लाने में भारत महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। हमें अफगानिस्तान में वास्तव में भारत की मदद की जरूरत है। दोनों अच्छे पड़ोसी और साझेदार हैं।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad