कुछ कहानियां पहले दिल में पैदा होती हैं और फिर इतिहास के पन्नों पर दर्ज होती हैं। दशकों से भारतीय घरेलू क्रिकेट के सबसे बड़े और प्रतिष्ठित मंच रणजी ट्रॉफी को मुंबई, दिल्ली या कर्नाटक जैसे बड़े राज्यों की जागीर माना जाता रहा है, लेकिन इस साल जम्मू-कश्मीर की टीम ने उस तिलस्म को तोड़कर ऐसा चमत्कार कर दिखाया, जिसकी कल्पना किसी ने नहीं की थी। पहाड़ों की दुर्गम चोटियों, कड़ाके की ठंड और बुनियादी सुविधाओं के अभाव के बीच पले-बढ़े इन खिलाड़ियों ने पहली बार इस टूर्नामेंट के फाइनल तक पहुंचकर साबित कर दिया कि प्रतिभा किसी सुख-सुविधा की मोहताज नहीं होती। यह उपलब्धि कितनी बड़ी है, इसका अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि जिस टीम को कभी दूसरी टीमें केवल ‘अंक’ हासिल करने का जरिया समझती थीं, आज वही भारतीय क्रिकेट के बड़े-बड़े दिग्गजों को धूल चटाकर शिखर तक पहुंची है। यह केवल ग्यारह खिलाड़ियों के खेलने की कहानी नहीं, बल्कि अटूट हौसले की दास्तान है, जिसने अभावों के बीच भी हार नहीं मानी और आज पूरे देश को अपनी सादगी और कौशल से अचंभित कर दिया है।
जम्मू-कश्मीर ने जिस तरह का संघर्ष किया है, उसने खेल प्रेमियों के बीच उन्हें एक नई पहचान दी है। खेल में ऐसी ऊर्जा दिखी, जिसने इस बार कई दिग्गज टीमों को पीछे छोड़ दिया। यह ऐसी टीम बनकर उभरी है जिससे टकराने से पहले अब विपक्षी दल विशेष रणनीति बनाने पर मजबूर हैं। टीम के भीतर की एकता ने भौगोलिक दूरियों को कम कर दिया है। मैदान पर जब ये खिलाड़ी उतरते हैं, तो वहां केवल एक ही लक्ष्य होता है, अपने राज्य के क्रिकेट का मान बढ़ाना।
अकीब नबी और पारस डोगरा जैसे खिलाड़ियों ने इस सीजन में जो प्रदर्शन किया है, वह आने वाली पीढ़ियों के लिए मिसाल है। अकीब नबी की तेज गेंदों ने जहां विपक्षी बल्लेबाजों के विकेट उखाड़े, वहीं पारस डोगरा के अनुभव ने टीम की बल्लेबाजी को वह मजबूती दी, जिसकी बरसों से उसे तलाश थी। अजय शर्मा जैसे कोच के मार्गदर्शन में इस टीम ने अपनी कमियों को अपनी ताकत में बदला। आंकड़े इस बात की पुष्टि करते हैं कि इस बार टीम का हर विभाग एक लय में नजर आया है।
शुभम खजूरिया ने सलामी बल्लेबाज के रूप में जिस तरह से टीम को ठोस शुरुआत दी, उससे मध्यक्रम का काम आसान हो गया। विवरंत शर्मा ने अपने हरफनमौला खेल से टीम को संतुलन दिया, जिसकी दरकार बड़े मैचों में होती है। अब्दुल समद की आक्रामक बल्लेबाजी ने विपक्षी गेंदबाजों को दबाव में रखा। उन्होंने 60 की औसत से 600 से भी अधिक रन बनाए। दूसरी तरफ आबिद मुश्ताक की स्पिन ने अपनी फिरकी के जाल में कई अनुभवी बल्लेबाजों को फंसाया। आकिब नबी ने इस सीजन में 50 से ज्यादा विकेट लेकर अपनी गेंदबाजी का लोहा मनवाया है। न केवल गेंद से, बल्कि बल्ले से भी नबी ने अच्छा हुनर दिखाया। अन्य गेंदबाजों की सटीक गेंदबाजी ने अकीब नबी का बखूबी साथ निभाया और विकेट चटकाने में कोई कसर नहीं छोड़ी।
विश्लेषण के नजरिए से देखा जाए, तो प्रतिभा को हमेशा सही मंच और अवसर की तलाश होती है। जम्मू-कश्मीर के खिलाड़ियों के सामने लंबे समय तक आधुनिक सुविधाओं और अभ्यास के लिए पर्याप्त मैदानों की कमी बड़ी चुनौती रही। कड़ाके की ठंड और सीमित संसाधनों के बावजूद खिलाड़ियों ने अपनी शारीरिक क्षमता और तकनीक पर काम किया। अकीब नबी की गेंदबाजी में वह धार दिखाई दी, जो अंतरराष्ट्रीय स्तर के तेज गेंदबाजों में होती है। उनकी गेंदें जब पिच पर टप्पा खाकर अंदर की तरफ आती हैं, तो तकनीक के धनी बल्लेबाजों के पास भी कोई जवाब नहीं होता। इसी तरह पारस डोगरा ने अपनी बल्लेबाजी से यह प्रदर्शित किया कि संयम और अनुभव खेल में कितना जरूरी है। उन्होंने इस सत्र में मैच जिताऊ पारियां खेलकर यह दिखाया कि बड़ी पारी कैसे खेली जाती है।
इस सीजन में जम्मू-कश्मीर के प्रदर्शन ने चयनकर्ताओं का ध्यान भी अपनी ओर खींचा है। यह सफलता केवल एक टूर्नामेंट तक सीमित नहीं है, बल्कि यह नए युग की शुरुआत का संकेत है। भविष्य में इस क्षेत्र से और भी ज्यादा खिलाड़ी मुख्यधारा में शामिल हो सकते हैं। खेल के माध्यम से जो बदलाव दिखाई दे रहा है, वह बहुत सकारात्मक है। उमरान मलिक के बाद अब अकीब नबी और विवरंत शर्मा जैसे नाम क्रिकेट प्रेमियों की जुबान पर हैं।
जम्मू-कश्मीर की टीम की सबसे बड़ी ताकत उसका गेंदबाजी आक्रमण रहा है। कम स्कोर वाले मैचों में भी उसने गेंदबाजों के कौशल के दम पर जीत हासिल की है। इस सफर ने रणजी ट्रॉफी की चमक को और बढ़ाया है। मैदान पर खिलाड़ियों का प्रदर्शन उस मिट्टी के प्रति उनके जुड़ाव को दर्शाता है, जहां से वे निकलकर आए हैं। इस टीम ने नॉकआउट मुकाबलों में जिस तरह से मध्य प्रदेश और बंगाल जैसी मजबूत टीमों को पस्त किया, वह उनकी बढ़ती मानसिक मजबूती का प्रमाण है।
पूरे सफर का विश्लेषण करने पर यह स्पष्ट होता है कि असली उपलब्धि वह है जब प्रतिद्वंद्वी भी खेल की सराहना करें। इस सीजन में कई बड़ी टीमों ने जम्मू-कश्मीर के खेल की प्रशंसा की है। मैदान पर खिलाड़ियों ने जो अनुशासन और खेल भावना दिखाई, वह सराहनीय रही। उनकी सादगी और मेहनत ने सबको प्रभावित किया है। यह टीम इस बात का प्रमाण है कि यदि खिलाड़ियों को सही दिशा और अवसर मिले तो वे इतिहास रच सकते हैं। यह यात्रा उन तमाम बाधाओं के खिलाफ एक बड़ी जीत है जो प्रगति के मार्ग में आती रही है।
खिलाड़ियों ने दबाव की स्थितियों में खुद को संभालना सीख लिया है। उन्हें पता है कि परिणाम की चिंता करने के बजाय अपनी स्वाभाविक खेल शैली पर ध्यान देना ही सफलता की कुंजी है। वह सहयोगी स्टाफ भी प्रशंसा का पात्र है जो पर्दे के पीछे रहकर टीम की रणनीतियों पर काम करता रहा। कोच अजय शर्मा ने टीम में जो विजेता मानसिकता पैदा की, उसका असर खिलाड़ियों के हाव-भाव में साफ दिखता है। जम्मू और कश्मीर की इस टीम ने जो साहस दिखाया है, वह आने वाले वर्षों में बड़ी मिसाल के रूप में देखा जाएगा।
भविष्य में जब भी भारतीय क्रिकेट के संघर्ष और सफलता की चर्चा होगी, जम्मू-कश्मीर की इस टीम का उल्लेख अनिवार्य रूप से किया जाएगा। यह एक नए सवेरे की आहट है।खिलाड़ियों की यह टोली अब एक ऐसी पहचान बना चुकी है जिसे अनदेखा करना मुमकिन नहीं होगा। यह कहानी है उस जीवटता की, जो हर चुनौती को पार कर अपना रास्ता बनाना जानती है। पहाड़ों की चोटियों से निकलकर क्रिकेट के मैदानों पर अपनी धाक जमाने वाली यह टीम आज हर उस खिलाड़ी के लिए उम्मीद की किरण है जो अभावों में पला-बढ़ा है। यह केवल एक टीम का उदय नहीं, बल्कि एक पूरे प्रदेश के क्रिकेट की नई पहचान है।