Advertisement
25 जुलाई 2022 · JUL 25 , 2022

सप्तरंग

ग्लैमर जगत की हलचल
शाहिद और मीरा

मिसेज कपूर

मीरा राजपूत का फिल्मों से लेना-देना नहीं है लेकिन सोशल मीडिया में बने रहना उन्हें खूब आता है। इसका फायदा होता तो शाहिद कपूर को ही है। जर्सी आए कई दिन हो गए और फिल्म ऐसा कुछ कमाल भी नहीं दिखा पाई। लेकिन मिसेज कपूर हार नहीं मानतीं। तुरंत छुट्टियों के रोमांटिक फोटो डाल दिए। किसी ने लिखा, “यही है असली प्रीति।” अब बताइए सफल फिल्म कबीर सिंह की दोबारा चर्चा का फायदा किसे मिलेगा। 

मुस्कान ही काफी

गुलजार विक्की कौशल

शब्दों का जादूगर सामने हो, तो मुस्कराहट के सिवा और किया ही क्या जा सकता है। गुलजार साहब के सामने किसकी हिम्मत है कि कुछ बोले। विक्की कौशल आजकल मेघना गुलजार की फिल्म सैम बहादुर की शूटिंग में व्यस्त हैं। मानेक शॉ का रोल भले ही कर रहे हों विक्की, लेकिन दमदारी रोल तक ही सीमित है। हर वाक्य को लय में बोलने वाले के सामने तो बस वही किया जा सकता है, जो विक्की कर रहे हैं। 

छोटी सी उमर में

सिनी शेट्टी

खाना बनाने के अलावा उन्हें भरतनाट्यम में भी रुचि है। सीए की तैयारी में जुटी सिनी शेट्टी को भी नहीं पता था कि मात्र 21 साल में वह मिस इंडिया का खिताब अपने नाम कर लेंगी। शौकिया मॉडल, सिनी कर्नाटक की हैं लेकिन पढ़ाई मुंबई में ही की है। मुंबई यानी बॉलीवुड समझने वालों को यही लग रहा है कि सुनहरे परदे पर यह नई आमद है।

नेताजी का गाना

निरहुआ और आम्रपाली दुबे

दिनेश लाल यादव ‘निरहुआ’ भले ही सांसद बन गए हों, लेकिन उनके चाहने वाले अभी भी उनकी आवाज और अदाकारी के दीवाने हैं। आम्रपाली दुबे के साथ उनका गाना, ‘तोहार आदत हो रहल बा’ आया, तो सोशल मीडिया प्रशंसा से भर गया। कई लोगों को तो लगता है कि एक अच्छे कलाकार का राजनीति में जाना बहुत अच्छा फैसला नहीं है। ऐसा न हो गाने के बजाय अब भाषण से संतोष करना पड़े।

उम्र होने से पहले

ईशा गुप्ता

ईशा गुप्ता को पता है कि वो हॉट हैं और यह भी पता है कि वो तीस साल से ज्यादा की हो गई हैं। खुले-खुले से कपड़ों में हमेशा चौंकाने वाली ईशा बातें भी ऐसी ही करती हैं। अभी भले ही वह बॉबी देओल के साथ एक वेबसीरीज में अपने हॉट अवतार में आ रही हों, लेकिन उनका सपना है कि वो रेखा की तरह ग्रेसफुल उम्रदराज सेलेब्रिटी बनें। कांजीवरम की एक और ब्रांड एंबेसडर।

कृष्ण की जोगन

अनघा भोंसले

मन भक्ति में रम जाए, तो दुनियादारी क्या चीज है। ग्लैमर जगत में आने की राह जितनी मुश्किल है, उसे छोड़ देना उससे कहीं ज्यादा कठिन। अनघा भोंसले का दिल लाइट, कैमरा और एक्शन से निकल कर बांसुरी, चंदन की माला और श्री कृष्ण गोविंद हरे मुरारी में लग गया है। अनुपमा धारावाहिक से सुर्खियां बटोर कर दर्शकों के बीच जगह बनाने वाली अनघा अब कृष्ण मंदिर में बैठ कर उनके दिल में जगह बनाने में लग गई हैं।

Advertisement
Advertisement
Advertisement