Advertisement

खबर चक्र

चर्चा में रहे जो
फिल्म निर्देशक राम गोपाल वर्मा

“भगवान ने सब कुछ बनाया है, मुझे लगता है कि उसने कोरोना भी बनाया, जिसने हमारे प्रियजनों को छीन लिया, फिर हम अब भी उससे प्रार्थना क्यों कर रहे हैं?”

राम गोपाल वर्मा, फिल्म निर्देशक

 

 

सेनारी हत्याकांड में सभी आरोपी बरी

पटना हाइकोर्ट ने 1999 के सेनारी नरसंहार कांड में निचली अदालत के फैसले को पलट कर सभी दोषियों को रिहा करने का आदेश दिया। नीतीश कुमार सरकार इस फैसले के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाएगी। बिहार के सेनारी में 18 मार्च 1999 को 34 लोगों की हत्या कर दी गई थी। घटना के 17 साल बाद जहानाबाद की कोर्ट ने 2016 में फैसला दिया था, जिसमें 10 आरोपियों को मौत की सजा सुनाई थी। इसके अलावा तीन लोगों को उम्रकैद की सजा और एक-एक लाख रुपये का जुर्माना लगा था। निचली अदालत ने पीडि़तों के परिजनों को 5-5 लाख रुपये का मुआवजा देने का आदेश भी दिया था। मामले में कुल 70 आरोपी थे, जिनमें से चार की मौत हो चुकी है। निचली अदालत ने 20 आरोपियों को पहले ही बरी कर दिया था। बिहार सरकार ने हाइकोर्ट में निचली अदालत के फैसले की पुष्टि के लिए डेथ रेफरेंस दायर किया था जबकि दोषियों में मुंगेश्वर यादव ने फैसले के खिलाफ अपील की थी। सुनवाई पूरी होने के बाद हाइकोर्ट के न्यायमूर्ति अरविंद कुमार सिंह और न्यायमूर्ति अश्विनी कुमार सिंह की पीठ ने पुख्ता सबूतों के अभाव में सभी दोषियों को बरी कर दिया और तुरंत रिहा करने का आदेश दिया।

बिहार में जाति हिंसा और हत्याकांडों का इतिहास पुराना है। पटना जिले के बेलछी में 1977 के हत्याकांड में 14 दलितों की हत्या हुई थी, जिसके बाद सत्ता से बाहर हुईं इंदिरा गांधी पीडि़त परिवारों से मिलने हाथी पर चढ़कर बाढ़ ग्रस्त गांव में पहुंची थीं। 1997 में लक्ष्मणपुर बाथे में राज्य का सबसे बड़ा नरसंहार हुआ था, जिसमें 58 लोगों की जान गई थी।

 

 

बीच बहस में

 

अरविंद केजरीवाल

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने सिंगापुर में पाए गए कोरोनावायरस के नए वेरिएंट को लेकर आगाह किया कि यह बच्चों के लिए खतरनाक है और भारत में तीसरी लहर का कारण बन सकता है। इस पर सिंगापुर सरकार ने कड़ी आपत्ति दर्ज कराई। विदेश मंत्री जयशंकर को स्पष्ट करना पड़ा कि मुख्यमंत्री का बयान भारत सरकार का नहीं है।

 

 

बाबा रामदेव

पतंजलि के कर्ताधर्ता बाबा रामदेव का एलोपैथी डॉक्टरों की कथित रूप से खिल्ली उड़ाने का वीडियो वायरल हुआ तो आइएमए ने कार्रवाई की मांग की। स्वास्थ्य मंत्री हर्षवर्धन के कहने पर योग गुरु ने अपने शब्द वापस तो लिए लेकिन आइएमए पर 25 प्रश्नों की झड़ी लगा दी। कहा कि 200 साल पुराना एलोपैथी सर्वगुण संपन्न है, तो डॉक्टरों को बीमार पड़ना ही नहीं चाहिए।

 

 

 तरुण तेजपाल

तहलका पत्रिका के प्रधान संपादक रहे तरुण तेजपाल को गोवा की एक अदालत ने यौन उत्पीड़न के आरोपों से बरी कर दिया। 2013 में उनकी एक सहकर्मी ने ये आरोप लगाए थे। तेजपाल का कहना है कि पिछले साढ़े सात साल उनके परिवार को घाव देने वाले रहे, उन पर लगाए गए झूठे आरोपों के कारण विनाशकारी नतीजों का सामना करना पड़ा। गोवा सरकार हाइकोर्ट जाएगी।  

 

 

रोहिणी आचार्य

लालू यादव की बेटी रोहिणी आचार्य के ट्वीटर हैंडल को सुशील मोदी की शिकायत पर कुछ समय के लिए ‘सस्पेंड’ कर दिया गया। उन पर अवांछित टिप्पणियां करने का आरोप लगा था। तेजस्वी यादव ने अपने सरकारी आवास को कोविड अस्पताल में बदला तो सुशील मोदी ने पूछा था तेजस्वी की दो डॉक्टर बहनें क्यों नहीं रोगियों का इलाज कर रहीं।

 

 

बाबर आजम

इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल ने अप्रैल के लिए पाकिस्तान के कप्तान बाबर आजम को सर्वश्रेष्ठ पुरुष खिलाड़ी चुना है। इस अवार्ड की शुरुआत के बाद यह पहला मौका है जब किसी भारतीय ने इस पर कब्जा नहीं किया है। इस साल जनवरी में शुरू किए गए महीने के सर्वश्रेष्ठ अवार्ड को पहले लगातार तीन महीने रिषभ पंत, आर. अश्विन और भुवनेश्वर कुमार ने जीता था।

 

 

कदमों के निशां

 

 

इंदु जैन

टाइम्स ग्रुप की अध्यक्ष इंदु जैन का 84 वर्ष की आयु में निधन। वे कल्याणकारी गतिविधियों के लिए स्थापित टाइम्स फाउंडेशन की संस्थापक भी थीं और उन्होंने उद्योग लॉबी फिक्की की महिला विंग की भी स्थापना की। टाइम्स समूह ने उन्हें आजीवन आध्यात्मिक साधक, अग्रणी परोपकारी, कला की प्रतिष्ठित संरक्षक और महिला अधिकारों का जबदस्त समर्थक बताया। उन्हें 2016 में देश के तीसरे सबसे बड़े नागरिक सम्मान पद्म भूषण से सम्मानित किया गया था।

 

 

 राजीव सातव

कांग्रेस के राज्यसभा सांसद राजीव सातव का निधन हो गया। कोरोना संक्रमण के चलते वे पिछले कुछ समय से अस्पताल में भर्ती थे। अप्रैल में संक्रमित होने के बाद वे धीरे-धीरे ठीक हो रहे थे, लेकिन उनका स्वास्थ्य दोबारा खराब हो गया जब वह साइटोमेगालो वायरस से संक्रमित हो गए। वे महाराष्ट्र से राज्यसभा सदस्य थे।  इससे पहले वे 2014 में महाराष्ट्र के हिंगोली से लोकसभा सांसद भी रह चुके थे। वर्तमान में सातव अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव और गुजरात कांग्रेस के प्रभारी थे।

 

 

 के.आर. गौरी अम्मा

केरल की वयोवृद्ध नेता तथा 1957 में तत्कालीन मुख्यमंत्री ई.एम.एस. नंबूदिरीपाद के नेतृत्व वाली पहली कम्युनिस्ट सरकार की सदस्य रहीं के.आर. गौरी अम्मा का निधन। वे 102 वर्ष की थीं। केरल की सबसे शक्तिशाली महिला नेताओं में मानी जाने वालीं गौरी अम्मा पहली केरल विधानसभा की एकमात्र जीवित सदस्य थीं। 1994 में माकपा से निष्कासित किए जाने के बाद गौरी अम्मा ने अपने दल जनाधिपत्य संरक्षण समिति (जेएसएस) का गठन किया, जो राज्य में कांग्रेस नीत यूडीएफ का घटक बना। नंबूदिरीपाद मंत्रालय में राजस्व मंत्री रहीं गौरी अम्मा को क्रांतिकारी कृषि संबंध विधेयक लाने में अहम भूमिका निभाने का श्रेय दिया जाता है।

 

 

डॉ. के.के. अग्रवाल

इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आइएमए) के पूर्व निदेशक और हार्ट केयर फाउंडेशन के प्रमुख, पद्मश्री डॉ. के.के. अग्रवाल का कोरोना संक्रमण के चलते निधन। वे 62 वर्ष के थे। वे एम्स के ट्रामा सेंटर में वेंटिलेटर सपोर्ट पर थे। देश के जाने-माने हृदय रोग विशेषज्ञ ने जीवन के अंतिम दिनों में भी चिकित्सक होने का कर्तव्य नहीं छोड़ा। अस्पताल में भर्ती होने के बाद उनके मुंह पर ऑक्सीजन पाइप लगी होने के बावजूद वे मरीजों को सलाह देते रहे। उन्हें 2010 में पद्मश्री से सम्मानित किया गया था। दो महीने पहले उन्होंने वैक्सीन की दोनों खुराक भी ली थी, फिर भी संक्रमण की चपेट में आ गए। डॉ. अग्रवाल अपनी नेकदिली के लिए मशहूर थे और कोरोना संकट में उन्होंने हजारों लोगों की मदद की। कोरोना काल में वे एक योद्धा की तरह डटे रहे, लेकिन जिंदगी की जंग हार गए।

 

 रामलक्ष्मण

राजश्री प्रोडक्शंस की सुपरहिट फिल्मों मैंने प्यार किया, हम आपके हैं कौन, और हम साथ साथ हैं में अपने काम के लिए जाने जाने वाले दिग्ग्ज संगीत निर्देशक जोड़ी राम-लक्ष्मण के लक्ष्मण का हृदय गति रुकने से नागपुर में निधन। वे 78 वर्ष के थे। उनका असली नाम विजय पाटिल था। मृत्यु से छह दिन पूर्व उन्होंने कोविशील्ड वैक्सीन की दूसरी खुराक ली थी। उन्होंने मराठी हास्य अभिनेता दादा कोंडके की 1975 की फिल्म पांडु हवलदार के साथ फिल्मों में अपनी यात्रा शुरू की और अपने सहयोगी सुरेंद्र के साथ राम-लक्ष्मण नाम से संगीत दिया। 1976 में सुरेंद्र का निधन हो गया, लेकिन पाटिल ने उसी नाम से संगीत रचना जारी रखी, इसे थोड़ा बदलकर रामलक्ष्मण कर दिया।

 

 

 जगन्नाथ पहाडिय़ा

राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री और बिहार तथा हरियाणा के पूर्व राज्यपाल जगन्नाथ पहाडि़या का निधन। उनका जन्म 1932 में भरतपुर जिले के भुसावर में हुआ था। वे 1957 से 1962, 1967 से 1971, 1971 से 1977 और 1980 में लोकसभा सदस्य रहे तथा 1965 से 1966, 1966 से 1967 तक राज्यसभा सदस्य रहे। इस दौरान पहाडि़या केंद्रीय राज्यमंत्री तथा उप मंत्री भी रहे। वे 6 जून 1980 से 14 जुलाई 1981 तक राजस्थान के मुख्यमंत्री भी रहे।

 

 

 रघुनंदन लाल भाटिया

पंजाब में कांग्रेस के दिग्गज नेता, पूर्व विदेश मंत्री रघुनंदन लाल भाटिया का कोरोना संक्रमण से निधन हो गया। वे अमृतसर से छह बार सांसद चुने गए थे। केरल और बिहार के राज्यपाल भी रह चुके थे। इंदिरा सरकार के दौरान दुर्गा दास भाटिया ने कांग्रेस टिकट पर संसदीय चुनाव जीता था, पर एक साल बाद ही मौत हो गई थी। तब कांग्रेस ने उनके भाई रघुनंदन लाल भाटिया को उपचुनाव में मैदान में उतारा।

Advertisement
Advertisement
Advertisement