Advertisement

‘जीवित’ पुल: मेघालय की अनोखी देन

पेडों की जड़ों से बने पुलों को जर्मन शोधकर्ताओं ने बताया महत्वपूर्ण
मेघालय में एक नदी पर पेड़ों की जड़ों से बना सदियों तक टिकाऊ पुल

भारत के पूर्वोत्तर राज्य मेघालय में घने जंगल, दुर्गम घाटियां और बीहड़ हैं। छोटी-छोटी पहाड़ी नदियां हैं, जो मानसून के दौरान उफनती रहती हैं। यहां लकड़ी के पुल बहुत जल्द गलने लगेंगे या बह जाएंगे। स्टील और कंक्रीट से बने पुलों की भी सीमाएं हैं। लेकिन आपको यह जान कर अचरज होगा कि जिंदा पेड़ों की जड़ों से बनाए गए पुल कई सदियों तक चल सकते हैं। म्यूनिख की टेक्निकल यूनिवर्सिटी (टीयूएम) के प्रो. फर्डिनांड लुडविग ने इन अनोखे पुलों का अध्ययन करने के बाद इस असाधारण निर्माण कला को आधुनिक वास्तुशिल्प में सम्मिलित करने का सुझाव दिया है। जंगलों में बहने वाली छोटी नदियां मानसून के महीनों में बड़ी नदियों में तब्दील हो जाती हैं। इन उफनती हुई नदियों को पार करने के लिए स्थानीय खासी और जैंतिया आदिवासियों ने रबड़ के पेड़ की जीवित जड़ों से अपने पुलों का निर्माण किया है, जो बेहद मजबूत और टिकाऊ हैं।

टीयूएम में लैंडस्केप आर्किटेक्चर के प्रोफेसर लुडविग का कहना है कि फाइकस इलास्टिका नामक पेड़ की जड़ों से बने इन पुलों की लंबाई 50 मीटर तक पहुंच सकती है और ये सैंकड़ों वर्षो तक टिके रह सक्ते हैं। उन्होंने जर्मनी की यूनिवर्सिटी ऑफ फ्राइबर्ग में वनस्पति शास्‍त्र के प्रोफेसर थॉमस स्पेक के साथ मिलकर इस तरह के 74 पुलों का विश्लेषण किया है। लुडविग ने कहा कि मीडिया और ब्लॉग्स में जीवित जड़ों से बने पुलों पर काफी चर्चा हो चुकी है, लेकिन इनकी वैज्ञानिक छानबीन बहुत कम हुई है। टीयूएम में वास्तुशिल्प विभाग के प्रोफेसर विलफ्रिड मिडलटन ने कहा कि पारंपरिक खासी निर्माण तकनीकों के बारे में ज्ञान अभी तक लिखित रूप से उपलब्ध नहीं था।

रिसर्चरों ने इन पुलों की निर्माण प्रक्रिया को बेहतर ढंग से समझने के लिए पुल के निर्माताओं से विस्तृत बातचीत की। उन्होंने इन जटिल संरचनाओं के हजारों फोटो खींचे जिनके आधार पर उन्होंने पुलों के 3-डी मॉडल तैयार किए। रिसर्चरों के दल ने पहली बार इन पुलों की जगहों के नक्शे भी तैयार किए। पुलों के निर्माण की प्रक्रिया वृक्षारोपण से आरंभ होती है। स्पेक ने बताया कि पुल बनाने वाला व्यक्ति नदी के किनारे या बीहड़ के छोर पर फाइकस इलास्टिका का पौधा लगाता है। धीरे-धीरे यह पौधा बाहरी जड़ें विकसित करने लगता है और इन जड़ों को बांस या पाम के तनों से बने ढांचे में बुना जाता है। इन्हें नदी के ऊपर दूसरे किनारे की तरफ बढ़ने के लिए निर्देशित किया जाता है। इन हवाई जड़ों के दूसरे किनारे पर पहुंचने के बाद उन्हें रोप दिया जाता है। ये जड़ें छोटी-छोटी जड़ें विकसित करती हैं। इन जड़ों को भी किनारे पर निर्देशित करके रोप दिया जाता है।

पौधे की निरंतर ग्रोथ और जड़ लपेटने की तकनीकों के उपयोग से फाइकस इलास्टिका की जड़ें जटिल संरचनाओं में बदल कर टिकाऊ और सुरक्षित पुलों का निर्माण करती हैं। नई प्रस्फुटित होने वाली जड़ें मौजूदा ढांचे में निरंतर रूप से जुड़ती रहती हैं। स्पेक के अनुसार, पुल निर्माण में फाइकस इलास्टिका की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। जड़ें यांत्रिक बोझ को झेलने के लिए माध्यमिक जड़ें उत्पन्न करती हैं। इनके अलावा एक कुदरती प्रक्रिया से एक पेड़ की शाखाएं, तने और जड़ें एक दूसरे पेड़ की संरचना में उगने लगती हैं।      

इन जीवित पुलों को पूरा करने में कई दशक लग जाते हैं। निर्माण प्रक्रिया में अक्सर कई पीढ़ियां शामिल होती हैं। प्रो. लुडविग ने कहा कि जीवित पुल भविष्योन्मुखी निर्माण का अनोखा उदाहरण है। इससे पर्यावरण और जलवायु परिवर्तन की समस्या से भी निजात मिलेगी। उन्होंने कहा कि खासी लोगों की पारंपरिक तकनीकों के बारे में नए अध्ययन से आधुनिक वास्तुशिल्प के विकास को बढ़ावा मिल सकता है। प्रो. लुडविग जानेमाने वास्तुशिल्पी भी हैं। वे अपने नक्शों और संरचनाओं में पेड़-पौधों को समाहित करते हैं। वास्तुशिल्प की इस नई धारा को ‘बौबोटेनिक’ कहा जाता है।

(लेखक वरिष्‍ठ पत्रकार हैं)

 

Advertisement
Advertisement
Advertisement