Advertisement

कैसे पार होगी चुनावी वैतरणी

राजनैतिक भविष्य बचाने के लिए दोनों ही पार्टी के नेताओं ने बगावती तेवर अपना लिए हैं
नाराजगी पर फंसेः शिवराज सिंह चौहान और कमलनाथ को सबको साधने की जुगत लगानी होगी

मध्य प्रदेश में 24 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव कब होंगे, यह तो तय नहीं है लेकिन भाजपा और कांग्रेस दोनों में अंदरूनी घमासान चरम पर आ गया है। दलबदल के कारण खाली हुई 22 सीटों पर मामला पेचीदा हो गया है। कांग्रेस से इस्तीफा देकर भाजपा में आए विधायकों को टिकट देना पार्टी की मजबूरी है। वहीं, इस क्षेत्र से अब तक भाजपा का प्रतिनिधित्व करने वाले नेताओं की मुखालफत ने संगठन को उलझा दिया है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने उपचुनाव के लिए प्रत्याशियों के नामों पर चर्चा के लिए बैठक की थी। भिंड जिले के मेहगांव सीट से चौधरी राकेश सिंह का नाम सामने आते ही पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह राहुल पार्टी छोड़ने की हद तक नाराज हो गए। 

चौधरी राकेश सिंह ने कांग्रेस विधायक दल के उपनेता रहते हुए ही 11 जुलाई 2013 में विधानसभा के भीतर ही दलबदल कर लिया था। इस वजह से तब के नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह का, शिवराज सरकार के खिलाफ लाया गया अविश्वास प्रस्ताव गिर गया था। इस बीच कांग्रेस के पुराने नेता प्रेमचंद गुड्डू की भी भाजपा से वापसी तय मानी जा रही है। कांग्रेस प्रेमचंद गुड्डू को इंदौर जिले के सांवेर विधानसभा से मंत्री तुलसी सिलावट के खिलाफ मैदान में उतारने की तैयारी कर रही है। 

कांग्रेस में जिला अध्यक्षों को लेकर भी भारी मारकाट मची हुई है। प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी महामंत्री राजीव सिंह के साले अतुल सिंह केनोपी को श्योपुर जिला अध्यक्ष बनाए जाने का विधायक बाबू जांडेल, पूर्व विधायक रामनिवास रावत और अन्य लोगों ने विरोध किया है। अतुल सिंह पर कांग्रेस उम्मीदवारों के खिलाफ काम करने का आरोप है। ग्वालियर ग्रामीण अध्यक्ष को लेकर पूर्व मंत्री लाखन सिंह और अपेक्स बैंक के पूर्व चेयरमैन अशोक सिंह भी खुश नहीं हैं। दोनों साहब सिंह गुर्जर को अध्यक्ष बनाने के पक्ष में थे। सत्येंद्र फौजदार को होशंगाबाद का जिला अध्यक्ष बनाने से भी पार्टी में नाराजगी है। फौजदार का विरोध पूर्व महामंत्री मानक अग्रवाल कर रहे हैं। सीहोर जिला अध्यक्ष बलबीर सिंह तोमर और शिवपुरी जिला अध्यक्ष श्रीप्रकाश शर्मा के खिलाफ भी आवाजें उठ रही हैं। पिछले विधानसभा चुनाव या सरकार चलाते वक्त हर काम में दिग्विजय सिंह की सलाह लेने वाले कमलनाथ अब इस सब से दूरी बनाते दिख रहे हैं। कमलनाथ ने उपचुनाव के लिए अपने कुछ विश्वस्त पूर्व मंत्रियों को जिम्मेदारी सौंप कर इसके संकेत भी दे दिए हैं।

भाजपा में भी 24 नए जिला अध्यक्ष बनाने पर बवाल मचा है। इंदौर में गौरव रणदिवे के नगर अध्यक्ष बनने से पार्टी में फूट दिख रही है। वहीं, सांसद विवेक शेजवलकर के करीबी कमल माखीजानी को ग्वालियर भाजपा जिला अध्यक्ष बनाए जाने का विरोध हो रहा है। प्रदेश संगठन महामंत्री सुहास भगत पहले रणदिवे को युवा मोर्चा का प्रदेश अध्यक्ष बनवाने की कोशिश में थे। कमल माखीजानी के खिलाफ ग्वालियर के 37 बड़े नेताओं ने प्रदेश के कुछ नेताओं पर आरोप लगाते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा को पत्र लिखा है। लेकिन इसके बाद पांच नेताओं ने पत्र पर खेद भी व्यक्त कर दिया। हाटपिपल्या से उपचुनाव में कांग्रेस से भाजपा में आए मनोज चौधरी को पार्टी टिकट देने की तैयारी में है। इससे पूर्व विधायक दीपक जोशी के राजनीतिक भविष्य क्या होगा यह देखना होगा। जोशी ने पार्टी को एक तरह से चेतावनी दी है कि “उनके पास सारे विकल्प खुले हुए हैं।” दीपक जोशी की बात जब संगठन तक पहुंची, तो उन्हें तलब कर उनसे माफी मंगवाई गई। ये स्थिति सिर्फ दीपक जोशी की ही नहीं है। बल्कि 22 विधानसभा क्षेत्रों में पिछला विधानसभा चुनाव हारे उन सभी भाजपा उम्मीदवारों की है, जहां से अब कांग्रेस के बागी भाजपा के निशान पर उपचुनाव लड़ेंगे। सबसे ज्यादा विषम परिस्थिति चंबल-ग्वालियर संभाग की 16 सीटों पर है, जहां भाजपा नेता अब तक सिंधिया के खिलाफ खुलकर काम करते रहे हैं। देखना होगा कि अब ये लोग एक साथ कंधे से कंधे मिलाकर कैसे काम करेंगे। यहां के नेता अभी चुप्पी साधे हुए हैं और वक्त का इंतजार कर रहे हैं। चंबल-ग्वालियर संभाग की 16 सीटों में मुकाबला संघर्षपूर्ण और रोमांचक होना तय माना जा रहा है, बसपा ने उपचुनाव वाली 24 सीटों पर अपने प्रत्याशी उतारने का ऐलान कर दिया है। बसपा सीटें भले ही न निकाल सके, लेकिन गणित गड़बड़ाने की स्थिति में तो रहेगी ही। कोरोना संकट में बुरी तरह फंसे मध्य प्रदेश में उपचुनाव न होने तक राजनीतिक माहौल गर्म ही रहेगा और बगावत के स्वर भी फूटते ही रहेंगे।

--------------------------------------------

कांग्रेस से आए बागी विधायकों से गड़बड़ाया भाजपा नेताओं का चुनावी गणित। उनका भविष्य अंधकार में

Advertisement
Advertisement
Advertisement