Advertisement

सप्तरंग

ग्लैमर जगत की हलचल
बेटी मालती के साथ प्रियंका चोपड़ा

मदर्स डे

यह वाकई मदर या मम्मा का ही दिन था। 100 दिन बाद मालती मैरी चोपड़ा जोनस को अपनी मम्मा की गोद नसीब हुई। प्रियंका चोपड़ा और निक जोनस की पहली संतान मालती का नाम प्रियंका ने अपनी मां के नाम मधु मालती से लिया है। प्रियंका ने लगभग तीन महीने बाद बेटी के नाम की घोषणा की थी। जिन्हें लगता था प्रियंका का निक से शादी के बाद भारत से नाता टूट जाएगा उनके लिए मालती का नाम मिसाल है।  

तू-तू, मैं-मैं की कीमत

मुनव्वर फारुकी के साथ कंगना रणौत

जिंदगी जब इम्तेहान ले तो डरना नहीं चाहिए। मुनव्वर फारुकी की कहानी तो कम से कम यही कहती है। लॉकअप का सीजन 1 जीतने के लिए उन्हें 20 लाख रुपये मिले हैं। उनके प्रशंसकों का कहना है कि उन्हें यह जीत सिर्फ अपने बारे में सच बोलने, बोल्ड खुलासे के लिए ही नहीं मिली, बल्कि पंगा क्वीन से लोहा लेने के लिए मिली है। कॉमेडियन के दोस्त भी तो कुछ कॉमेडी कर ही सकते हैं न।

कीमती रजामंदी

अपनी पत्नी के साथ अरुण लाल

पूर्व क्रिकेटर अरुण लाल ने लंबे समय से अपनी दोस्त रही बुलबुल साहा से शादी कर ली। अरुण 66 के हैं और बुलबुल 38 की। इस शादी की खास बात वह हां है, जो उनकी पत्नी रीना ने उन्हें दी है। यह शादी उनकी पत्नी की रजामंदी से हुई है, जो लंबे समय से बीमार हैं। उम्र के अंतर पर हंसने वाले अब चुप हैं।

संगत का असर

अर्जुन कपूर

हमेशा जिम वियर या एक्सरसाइज करते हुए फोटो डालना मलाइका अरोरा का शगल है। उनके साथ रहना इतना आसान भी नहीं। उनके बॉयफ्रेंड अर्जुन कपूर के इस ट्रांसफॉर्मेशन को देख कर इतना तो तुरंत समझ आ ही जाता है। थुलथुले से अर्जुन कपूर डैशिंग हो गए हैं। सिक्स पैक ऐब तो उन्होंने नहीं बनाए हैं, लेकिन हां इतना जरूर है कि उनकी पहचान बन चुकी लॉफिंग बुद्धा तोंद जरूर पिचक गई है।

आ अब लौट चलें

विकी कौशल कैटरीना कौशल कैफ

कौशल जी की तो छुट्टियां खत्म ही नी होंदी हे! उनके चक्कर में पत्नी को भी काम छोड़ना पड़ रहा है। विकी जी और कैटरीना जी का इंतजार कर-कर के बॉलीवुड के निर्माता-निर्देशक थक गए हैं। लेकिन ये लव बर्ड्स का जोड़ा है कि हर बार नई जगह पर गलबहियां डाले मौज कर रहा है। हनीमून खत्म कर ले भाई, ताकि भाभी नई फिल्म साइन कर लें। बॉलीवुड इंतजार कर रहा है।

Advertisement
Advertisement
Advertisement