Advertisement

सप्तरंग

ग्लैमर जगत की हलचल
एंजोलिना जॉली

लड़ो कि मैं साथ हूं

हॉलीवुड स्टार एंजेलिना जॉली अपने होंठो की सर्जरी के अलावा भी खबरों में रहती हैं। सोशल मीडिया पर आमद होते ही उन्होंने एक अफगानी लड़की का हाथ से लिखा लेटर शेयर किया। बीस साल पहले वे अफगानिस्तान सीमा पर अफगानी शरणार्थियों से मिली थीं। इंस्टाग्राम पर उन्होंने कहा, वे उन कहानियों और आवाजों को शेयर करना चाहती हैं, जो मानवाधिकार के लिए लड़ रहे हैं। अफगानी बच्ची ने अपना दर्द बयां किया है। एंजेलिना का कहना है, मैं अपनी जिम्मेदारी से नहीं भागूंगी और शरणार्थियों की मदद जारी रखूंगी।

वाणी कपूर

बाहरी का दावा

बॉलीवुड से तो शुद्ध देसी रोमांस ही किया था लेकिन वाणी कपूर फिर भी बाहरी ही रहीं। बेफिक्रे की चर्चा हुई लेकिन उनकी फिक्र किसी को नहीं थी। अब रणबीर कपूर के साथ शमशेरा और आयुष्मान खुराना के साथ चंडीगढ़ करे आशिकी के बाद उन्हें अपने दिन ‘फिरने’ की उम्मीद है। उम्मीद पर दुनिया कायम है। बेलबॉटम ने उन्हें पैर टिकाने की जगह दी है। हो सकता है, ये फिल्में उन्हें जमा दें। उन्होंने अपना दावा तो ठोक ही दिया है। फिल्म उद्योग में कब बाहरी घरेलू हो जाएगा, कोई नहीं कह सकता।

करीना कपूर

अब तक छुपाए रखा...

जेह खान भले ही मम्मा करीना कपूर की गोद में मालदीव में चैन की नींद सो रहे हैं लेकिन मम्मा ही जानती हैं कि वही ऐसे बच्चे हैं, जिनके नाम को जानने के लिए पूरा भारत उत्सुकता से इंतजार कर रहा था। जेह यानी जहांगीर खान छह महीने के हो गए हैं और जब तक मम्मा की किताब प्रेगनेंसी बाइबल छप कर बाजार में नहीं आई, तब तक कयास ही था कि तैमूर के छोटे भाई का नाम क्या होगा, बाबर, अकबर...? लेकिन इससे क्या फर्क पड़ता है, यह क्या कम फख्र की बात है, कि ट्रोल होने वाले वे सबसे कम उम्र के सेलेब्रिटी हैं।

आहन शेट्टी

पुत्तर ही कमाल कर दे

स्टार किड्स की जमात में आने वाले रंगरूटों की इतनी खबरें बनने लगी हैं कि जब तक कोई कमाल न दिखा दे, बात नहीं बनती। बहन अथिया क्रिकेटर केएल राहुल के साथ व्यस्त हैं, तो शेट्टी परिवार के एक और सदस्य यानी उनके भ्राता अहान शेट्टी ने एक फिल्म ही कर डालने की सोची। उनकी पहली फिल्म का नाम तड़प है। देखना यह है कि बहन की तरह वे भी अपनी एक्टिंग से दर्शकों को तड़पा न डालें!

रवीना टंडन

टिप-टिप से ठांय-ठांय

मस्त-मस्त गर्ल बने लंबा अरसा बीत गया है। पानी भी टिप-टिप कर बरस गया इसलिए कभी ऑर्थर रोड तो कभी कार्टर रोड पर घूमने वाली रैविशिंग रवीना टंडन कुछ नया करना चाहती हैं। नया भी ऐसा कि शिफॉन की साड़ी से निकल कर सीधे डॉन के अवतार में। खूबसूरत मुस्कराहट वाली रवीना जल्द ही खलनायिका बनेंगी। खलनायिका सुन कर मुंह बनाने वाले जान लें कि वे बालाजी के किसी घिसे-पिटे धारावाहिक में मोटे काजल, बड़ी बिंदी वाली खलनायिका नहीं, बल्कि मनीष गुप्ता की थ्रिलर में दिखाई देंगी। केजीएफ 2 में साउथ सुपरस्टार यश के साथ काम करने के बाद उनका कद वैसे भी बढ़ गया है।

Advertisement
Advertisement
Advertisement