Advertisement

सप्तरंग

ग्लैमर जगत की हलचल
मौनी राय

जज साहिबा

नागिन से आगे बढ़ कर मौनी राय ने बहुत कुछ किया और कर रही हैं। कुछ दिनों पहले खबर आई कि वे शादी करने जा रही हैं। बी टाउन की यही दिक्कत है, शादी की बात चली नहीं कि सब बस उसी की खबरों में लग जाते हैं। लेकिन मौनी अपनी शादी के बीच भी लगता है काम जारी रखेंगी। जल्द ही वे बताएंगी कि किसके ठुमके सही थे या गलत। वो किसी को ज्ञान नहीं बांटेंगी लेकिन नंबर जरूर बांटेंगी। डांस इंडिया डांस लिटिल मास्टर में देखते हैं बच्चे उनके सिर चढ़ते हैं या वो ही बच्चों को सिर पर चढ़ाती हैं।

नया रिकॉर्ड

काइली जेनर

काइली जेनर के पास सबसे कम उम्र में करोड़पति बनने का रिकॉर्ड था।  लेकिन अब ये बातें तो पुरानी हो गई हैं। खूबसूरत क्रीम गाउन में जब वे अपने दूसरे बच्चे के स्वागत के लिए बेबी शॉवर पार्टी में मशगूल थीं, तभी खबर आई कि इंस्टाग्राम पर उनके 30 करोड़ फॉलोअर्स हो गए हैं। यह आंकड़ा छूने वाली वह पहली महिला हैं। फॉलोअर्स के मामले में वे फुटबॉलर क्रिस्टियानो रोनाल्डो से बस जरा ही पीछे हैं। 

कूदो भी

जाह्नवी कपूर

जब सब कुछ फिर बंद हो रहा हो, शूटिंग न चल रही हो तो एक कलाकार क्या करे। जाह्नवी कपूर की पक्की सहेली तो अपनी मम्मी के साथ मंदिर में मत्था टेक रही हैं, ताकि आने वाली फिल्में अच्छी चलें। लेकिन मिस कपूर के पास तो वह काम भी नहीं। उन्होंने इस फुर्सत और खाली समय का उपयोग फोटो सेशन में ही कर डाला। पीछे नीला समंदर छोड़ जाह्नवी स्विमिंग पूल पर खड़ी हैं। निगाहें कुछ और ताक रही हैं लेकिन इतनी खूबसूरत बिकनी में एक पोज तो छपाक का भी बनता है।

नई पारी

मसाबा गुप्ता

केंद्रीय मंत्री के नए उपन्यास पर उनके साथ वीडियो चर्चा, कभी मम्मी नीना गुप्ता के साथ एक्टिंग...मसाबा गुप्ता हर नए काम में हाथ आजमाती रहती हैं। लेकिन जो काम उन्हें खासा पसंद है, यानी फैशन डिजाइनिंग उस पर से ध्यान नहीं हटातीं। मसाबा ब्रांड को उन्होंने ऐसे स्थापित किया है कि अब आदित्य बिरला ग्रुप इस फैशन ब्रांड में 51 फीसदी हिस्सेदारी ले रही है। ये हुई न बात।

दो दीवाने

किम शर्मा, लिएंडर पेस

दो दीवाने एक शहर गए और वहां जाकर कुछ ज्यादा ही दीवाने हो गए। फ्लोरिडा में मैजिक किंगडम पार्क का मैजिक ऐसा चला कि किम शर्मा और लिएडंर पेस भी इस जादू से बच नहीं पाए। हालांकि दोनों सार्वजनिक रूप से एक-दूसरे के लिए कुछ नहीं कहते लेकिन तस्वीरें ही बोल उठती हैं कि कुछ तो है पसे परदा। आइसक्रीम का इसमें क्या दोष भला!

Advertisement
Advertisement
Advertisement