Advertisement

टेनिसः ट्यूनीशिया की आंधी

टेनिस की दुनिया में नंबर दो और हाल में दो महीने के अंतराल पर दो ग्रैंड स्लैम के फाइनल में पहुंचीं अन्स जाबेर शिखर पर पहुंचने वाली पहली अरब महिला
अन्स जाबेर

ऐसे समय में जब दो महान टेनिस खिलाडि़यों रोजर फेडरर और सेरेना विलियम्स ने खेल से संन्यास लेने की घोषणा की है, एक नए टेनिस सितारे की ओर सबका ध्यान चला जाना किसी ‘तख्तापलट’ से कम नहीं है। यह सितारा अरब में उगा है। इस महिला ने किशोरावस्था में ही जबरदस्त क्षमता का प्रदर्शन किया है और ऐसे कारनामे कर दिखाए हैं, जिसके आसपास भी कोई नहीं पहुंच सका। रोजर फेडरर और सेरेना विलियम्स ने टेनिस में केवल अच्छा प्रदर्शन नहीं किया, बल्कि इस खेल की सीमाओं को ही तोड़ दिया था। 28 वर्षीय ट्यूनीशियाई लड़की टेनिस के शीर्ष पर पहुंचने वाली पहली अरब और अफ्रीकी महिला बनने की राह पर है। अन्स जाबेर अरब जगत की नई सनसनी बनकर उभरी हैं, जो पिछले कुछ वर्षों से डब्ल्यूटीए सर्किट में सैलाब लाए हुए हैं। यह अरब महिला न केवल पश्चिम एशिया और अफ्रीकी क्षेत्रों में खिलाड़ियों के लिए, बल्कि सामान्य रूप से अरब महिलाओं के लिए नया मानक स्थापित कर रही है। जाबेर के उदय ने अरब महिलाओं के दृष्टिकोण को ही बदल कर रख दिया है, जो लंबे समय से वैश्विक खेल के मोर्चे पर पीछे चल रही हैं। इस ट्यूनीशियाई खिलाड़ी ने दो महीने के अंतराल में दो बार ग्रैंड स्लैम फाइनल में पहुंचने वाली पहली अरब महिला के रूप में इतिहास रच दिया है। आज वे दुनिया में नंबर दो की खिलाड़ी हैं, जो उनके करियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। उनकी उपलब्धियों का अरब जगत में कोई सानी नहीं है। 27 जून, 2022 को वे दुनिया में नंबर दो की खिलाड़ी बन गईं। इतिहास में किसी अरब खिलाड़ी को मिली यह सर्वोच्च रैंकिंग है। अरब खेल जगत पर जाबेर का प्रभाव वैसा ही है जैसा मुहम्मद अली का मुक्केबाजी में था, बिली जीन किंग और सेरेना विलियम्स का महिला टेनिस में और सचिन तेंडुलकर का क्रिकेट में था। जाबेर अरब टेनिस के लिए एक कसौटी तैयार कर रही हैं।

उनकी सफलता ने अफ्रीका और पश्चिम एशिया में तमाम खिलाड़ियों पर जबरदस्त प्रभाव डाला है। ओमान की आला खिलाड़ी फातिमा अल नभानी उन्हें बहुत छोटी उम्र से जानती हैं। अरब होने के नाते वे सहमत हैं कि विश्व टेनिस में जाबेर का उदय शानदार एहसास है। उन्हें उम्मीद है कि यह ट्यूनीशियाई लड़की भविष्य में दुनिया की नंबर एक खिलाड़ी बन जाएगी और एक दिन ग्रैंड स्लैम जीतेगी, जो हाल के महीनों में वह दो बार चूक गई थी। फातिमा कहती हैं, “वह प्रतिभा की धनी हैं और उसमें लड़ने की जबरदस्त भावना है। छोटी उम्र से ही वह संजीदा खिलाड़ी रही है। मुझे पता था कि वह कुछ बड़ा करेगी। हम सभी को उस पर गर्व है।”

कोर्ट में उनका फोरहैंड शानदार होता है और उनके ड्रॉप शॉट कभी-कभार प्रतिद्वंद्वियों को स्तब्ध कर देते हैं। वे दाएं हाथ की खिलाड़ी हैं। उनकी खेल शैली में ताकत और प्लेसमेंट मिश्रित है। उनके सटीक शॉट दर्शनीय होते हैं जबकि उनके स्लाइस सामने वाले का अक्सर संतुलन बिगाड़ देते हैं। ट्यूनीशिया में मोनास्टिर के पास कसार हेलाल में जन्मी जाबेर ने महज तीन साल की उम्र में अपनी मां समीरा जाबेर के साथ एक स्थानीय क्लब में खेलना शुरू कर दिया था। उन्होंने 12 साल की उम्र से राजधानी ट्यूनिस में अपने कौशल को निखारा और 2011 में उन्होंने 16 साल की उम्र में फ्रेंच ओपन में लड़कियों का एकल खिताब जीतकर धूम मचा दी।

एक साल बाद जाबेर ने दोहा में हार के साथ पेशेवर मैदान में कदम रखा लेकिन पुर्तगाल में 2014 में डब्ल्यूटीए में अपनी पहली जीत का स्वाद चखा। महिला टेनिस की सर्वश्रेष्ठ खिलाडि़यों के बीच खुद को स्थापित करने में उन्हें एक दशक लग गया। आखिरकार 2021 में वे शीर्ष दस में प्रवेश करने वाली पहली अरब खिलाड़ी बन गईं और बर्मिंघम में डब्ल्यूटीए खिताब जीतने वाली पहली खिलाड़ी बनीं। विमेंस टेनिस एसोसिएशन का ताज पहनने वाली वे पहली अरब महिला बनी थीं।

इस ‘ट्यूनीशियाई टॉर्नेडो’ के लिए 2022 किसी सपने के पीछा करने जैसा रहा जब उन्होंने मैड्रिड और बर्लिन में दो और डब्ल्यूटीए टूर खिताब जीते। इस महानतम अफ्रीकी टेनिस खिलाड़ी को ट्यूनीशिया में ‘मिनिस्टर ऑफ हैपिनेस’ के रूप में जाना जाता है। कोर्ट में अपने कारनामों से वे अरब जगत और अफ्रीका के चेहरे पर मुस्कुराहट और खुशी लाईं। 2022 के विंबलडन फाइनल में जाबेर को कजाकिस्तान की एलेना रिबाकिना ने तीन सेटों में 3-6, 6-2, 6-2 से हराया था जबकि हाल ही में यूएस ओपन के फाइनल में पोलैंड की इगा स्वियातेक ने 6-2, 7-6 (5) से उन्हें हराया।

विंबलडन में वह ग्रैंड स्लैम एकल के फाइनल में पहुंचने वाली पहली अरब खिलाड़ी बनीं और 1959 के बाद से किसी प्रमुख फाइनल में पहुंचने वाली पहली अफ्रीकी महिला बन गईं। यूएस ओपन सेमीफाइनल में फ्रांस की कैरोलीन गार्सिया को हराने के बाद जाबेर ने कहा था, “ईमानदारी से कहूं तो फिर से फाइनल (यूएस ओपन में) में पहुंचना अब सच लग रहा है। विंबलडन में तो मैं सिर्फ सपना देख रही थी और मुझे यकीन नहीं हो रहा था।” 1968 से शुरू हुए टेनिस के पेशेवर युग में जाबेर यूएस ओपन के फाइनल में खेलने वाली पहली अफ्रीकी और अरब महिला भी हैं।

रिपोर्ट कार्ड

2020 के ऑस्ट्रेलियन ओपन के क्वार्टर फाइनल में पहुंचने वाली वे पहली अरब महिला बनी थीं। बड़ी प्रतिस्पर्धाओं के फाइनल में लगातार हार के बावजूद जाबेर ग्रैंडस्लैम खिताब अपने नाम करने को लेकर आश्वस्त हैं। यूएस ओपन में हार के बाद उन्होंने कहा था, “मैं हार मानने वाली नहीं हूं। मुझे यकीन है कि मैं फिर से फाइनल में पहुंचने जा रही हूं और मैं इसे जीतने की पूरी कोशिश करूंगी।”

ट्यूनीशिया के इसाम जेलाली द्वारा प्रशिक्षित जाबेर ने 2015 में पूर्व रूसी-ट्यूनीशियाई तलवारबाज करीम कमौन से शादी की थी। एक अरब के रूप में उनका प्रभाव सोशल मीडिया पर फैले उनके फॉलोअर्स में दिखाई देता है। वे इंस्टाग्राम पर भी सक्रिय हैं, जहां 19 सितंबर, 2022 तक उन्हें 7,61,000 लोग फॉलो कर रहे थे। वे ट्विटर पर भी सक्रिय हैं जहां उनके 1,88,000 फॉलोअर्स हैं। फेसबुक पर जाबेर के अपने प्रोफेशनल पेज के लगभग 10 लाख फॉलोअर हैं।

जाबेर धर्मपारायण मुस्लिम हैं। कुछ साल पहले डब्ल्यूटीए की वेबसाइट ने उन्हें उद्धृत किया था, “मैं बचपन से टेनिस खेल रही हूं ताकि अरब महिलाओं को यह विश्वास दिलाने को प्रेरित कर सकूं कि कुछ भी असंभव नहीं है।” वे रोज़े रखती हैं लेकिन उनके मुताबिक अगर रमज़ान किसी टूर्नामेंट के दौरान पड़ता है, तो वे ‘क्रेडिट सिस्टम’ का इस्तेमाल करती हैं। इसका मतलब है कि वे अगले रमज़ान से पहले कभी भी रोज़ा रख लेती हैं। जाबेर ने 2020 में डब्ल्यूटीए की आधिकारिक वेबसाइट से कहा था, “मैंने हमेशा सपना देखा था कि मैं दुनिया के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों में से एक बन सकूं।” जाबेर के पहले नाम अन्स का अरबी में अर्थ है ‘भयमुक्त’। उन्होंने अपने साहसी प्रदर्शन से इस नाम को चरितार्थ किया।

अपने देश में उनका असर ऐसा है कि फुटबॉल प्रेमी ट्यूनीशिया (फुटबॉल यहां सबसे लोकप्रिय खेल है) के दर्शक विंबलडन के दौरान फाइनल में पहुंचने से पहले उनका मैच देख रहे थे जबकि उस वक्त जुवेंटस और पेरिस सेंट जर्मेन के बीच चैंपियंस लीग का फुटबॉल मैच चल रहा था। यह इस बात का उदाहरण है कि कैसे वे अपने देश और महाद्वीप में टेनिस के बारे में धारणा को बदल रही हैं। उनका सितारा केवल टेनिस कोर्ट के ऊपर नहीं चमक रहा, बल्कि जाबेर के लोकप्रिय बयानों ने उन्हें इस साल की शुरुआत में अरबी पत्रिका सयीदती के कवर पर जगह दिलवाई। वोग अरबिया ने भी उन्हें सितंबर अंक में छापा है। जाबेर ने वोग से कहा, “इतने लोगों का प्रतिनिधित्व करना सम्मान और जिम्मेदारी की बात है। यह मुझे आत्मविश्वास, ऊर्जा और शक्ति देता है क्योंकि मैं अकेले नहीं लड़ रही हूं।”

इससे पहले सितंबर में उन्हें अपने पति करीम कमौन के साथ न्यूयॉर्क फैशन वीक में वोग वर्ल्ड रनवे शो में भी आमंत्रित किया गया था।

अशोक पुरोहित

(ओमान स्थित वरिष्ठ खेल पत्रकार)

Advertisement
Advertisement
Advertisement