Advertisement

दुती चंद ने इटली में गोल्ड मेडल जीतकर रचा इतिहास, ऐसा करने वाली पहली भारतीय महिला

भारत की शीर्ष महिला धाविका दुती चंद ने इटली के नेपोली में चल रहे वर्ल्ड यूनिवर्सिटी गेम्स में गोल्ड...
दुती चंद ने इटली में गोल्ड मेडल जीतकर रचा इतिहास, ऐसा करने वाली पहली भारतीय महिला

भारत की शीर्ष महिला धाविका दुती चंद ने इटली के नेपोली में चल रहे वर्ल्ड यूनिवर्सिटी गेम्स में गोल्ड मेडल जीत इतिहास रच दिया है। दुती ने 30वें समर यूनिवर्सिटी गेम्स में 100 मीटर कॉम्पिटिशन का गोल्ड मेडल अपने नाम किया है। इन खेलों में अव्वल रहने वाली पहली भारतीय महिला ट्रैक और फील्ड खिलाड़ी बन गई हैं। 23 वर्षीय दुती ने 11.32 सेकंड का समय निकालकर रेस जीती। चौथी लेन में दौड़ते हुए दुती आठ खिलाड़ियों में पहले नंबर पर रही। स्विट्जरलैंड की डेल पोंटे (11 .33 सेकंड) दूसरे स्थान पर रही। जर्मनी की लिसा क्वायी ने कांस्य पदक जीता। 

ओडिशा की दुती वैश्विक स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतने वाली हिमा दास के बाद दूसरी भारतीय ऐथलीट बन गई। हिमा ने पिछले साल विश्व जूनियर एथलेटिक्स चैम्पियनशिप में 400 मीटर में गोल्ड मेडल जीता था। दुती ने एशियाई खेल 2018 में 100 और 200 मीटर में रजत पदक जीता था।

समलैंगिंक रिश्ते में होने पर हुआ था विवाद

उनसे पहले इंदरजीत सिंह ने 2015 में पुरुषों के शॉटपुट में स्वर्ण जीता था। हाल ही में समलैंगिंक रिश्ते में होने की बात कबूल करने वाली दुती ने जीत के बाद कहा कि मुझे नीचे गिराने की कोशिश करो लेकिन मैं मजबूती से वापसी करुंगी। उन्होंने कहा कि इतने सालों की मेहनत और आपके आशीर्वाद से मैंने विश्व यूनिवर्सिटी खेलों में 100 मीटर दौड़ में स्वर्ण पदक जीता। 

विश्व चैम्पियनशिप पर होगी नजर

इससे पहले उन्होंने 11.41 सेकंड का समय निकालकर फाइनल के लिए क्वॉलिफाइ किया था। दुती को अभी सितंबर अक्टूबर में दोहा में होने वाली विश्व चैम्पियनशिप के लिए क्वॉलिफाइ करना है। इस मेडल के साथ ही कई बड़ी हस्तियों ने उन्हे बधाई दी हैं, जिनमें भारत के राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री भी शामिल हैं।

बड़ी हस्तियों ने दी बधाई

राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने दुती को ट्विटर पर बधाई देते हुए कहा कि यूनिवर्सिटी खेलों में 100 मीटर फर्राटा जीतने पर दुती को बधाई। यह भारत का इन खेलों में पहला स्वर्ण है और हम काफी गौरवान्वित हैं। इस प्रदर्शन को ओलिंपिक में बरकरार रखें।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्विटर पर लिखा एक असाधारण एथलीट की असाधारण उपलब्धि! महिलाओं की 100 मीटर फाइनल में कड़ी मेहनत और अच्छी तरह से स्वर्ण जीतने के लिए @दुती चंद को बधाई। आपने भारत को गौरवान्वित किया है!

खेलमंत्री किरण रिजीजू ने कहा कि मैं बचपन से इन खेलों में स्वर्ण का इंतजार कर रहा हूं। आखिरकार भारत को स्वर्ण पदक मिला। दुती चंद को विश्व यूनिवर्सिटी खेलों में स्वर्ण जीतने पर बधाई।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement