Advertisement

टोक्यो ओलिंपिक: पीवी सिंधु का जीत से आगाज, मनु भाकर ने किया निराश

भारत की तरफ से टोक्यो ओलिंपिक 2020 में रविवार को शूटर मनु भाकर और यशस्विनी देसवाल दोनों ने निराश...
टोक्यो ओलिंपिक: पीवी सिंधु का जीत से आगाज, मनु भाकर ने किया निराश

भारत की तरफ से टोक्यो ओलिंपिक 2020 में रविवार को शूटर मनु भाकर और यशस्विनी देसवाल दोनों ने निराश किया है। दुनिया की दूसरे नंबर की शूटर मनु से काफी उम्मीदें थीं मगर महिलाओं के 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में दोनों फाइनल में जगह बनाने से चूक गईं। हालांकि इसके बाद बैडमिंटन स्टार पीवी सिंधु ने मोर्चा संभाला और उन्होंने अपनी शुरुआत जीत से की। सिंधु ने पहले दौर के मुकाबले में इजराइल की खिलाड़ी को मात देकर टोक्यो खेलों में अपनी धमाकेदार शुरुआत की।

छठी वरीयता प्राप्त और रियो ओलिंपिक की सिल्वर मेडलिस्ट सिंधु ने महिला एकल के ग्रुप-जे के अपने पहले मुकाबले में इजरायल की सेनिया पोलीकारपोवा को मात दी। मौजूदा विश्व चैम्पियन सिंधु ने 28 मिनट तक चले इस मुकाबले को 21-7, 21-10 से जीत दर्ज की। बता दें कि 2016 के रियो ओलिंपिक में सिंधु ने फाइनल में स्थान बनाया था मगर स्पेन की कैरोलिना मारिन के हाथों उन्हें हार का सामना करना पड़ा था।


वहीं भारत की सबसे बड़ी पदक के लिए दावेदार माने जा रहे निशानेबाजों का लगातार दूसरे दिन खराब प्रदर्शन जारी रहा। मनु भाकर और यशस्विनी सिंह देसवाल तोक्यो ओलंपिक में महिलाओं की 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा के फाइनल में स्थान नहीं बना सकीं।

बता दें कि दोनों का यह पहला ओलिंपिक है और अपेक्षाओं के दबाव का अंतिम पलों में दोनों सामना नहीं कर सकीं। विश्व की दूसरे नंबर की निशानेबाज 19 वर्ष की मनु ने शुरुआत अच्छी की और लग रहा था कि वह शीर्ष 8 में स्थान बना लेंगी मगर उनकी पिस्टल में कोई तकनीकी खराबी आने का उनके प्रदर्शन पर असर पड़ा। पहली सीरिज में 98 स्कोर करने के बाद उन्होंने 95,94 और 95 स्कोर किया जिससे शीर्ष दस 10 बाहर हो गई।

राष्ट्रमंडल खेल और युवा ओलंपिक की गोल्ड मेडल विजेता मनु ने पांचवीं सीरिज में 98 स्कोर करके वापसी का प्रयास की मगर आखिरी सीरिज में शुरू में दो 10 के बाद 8 और तीन 9 स्कोर से वह पीछे रह गईं। उनका स्कोर 575 रहा वहीं फ्रांस की सेलाइन गोबरविले उनसे 2 अंक आगे रहकर आठवां और अंतिम क्वालीफिकेशन स्थान हासिल करने में सफल रहीं।

जबकि नंबर एक निशानेबाज यशस्विनी खराब शुरुआत के बाद दूसरी सीरिज में 98 स्कोर के साथ आईं थी जिसमें 5 बार उन्होंने 10 स्कोर किया। उनका कुल स्कोर 94, 98, 94, 97, 96, 95 की सीरिज के बाद 574 रहा।

 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement