टोक्यो पैरालंपिक 2020 की शूटिंग में भारतीय पैराशूटर्स ने शानदार प्रदर्शन कर भारत का परचम फिर से लहरा दिया है। शूटिंग के P4 मिक्स्ड 50 मीटर पिस्टल SH1 में मनीष नरवाल ने स्वर्ण पदक और सिंहराज ने रजत पदक अपने नाम कर लिया है। जिसके बाद भारत के पदकों की संख्या अब 15 हो गई है। वहीं, तीन गोल्ड भारत के खाते में आ गए हैं।
शूटिंग में मेडल लाने वाले ये दोनों पैरा शूटर्स फरीदाबाद के रहने वाले हैं। क्वालिफिकेशन में सिंहराज 536 अंको से चौथे स्थान पर थे, वहीं मनीष नरवाल 533 अंको के साथ सातवें नंबर पर रहे थे।
बता दें, टोक्यो पैरालंपिक में इन दो मेडल के बाद भारत के पास कुल 15 मेडल हो गए हैं और 19 साल के मनीष नरवाल ने भारत को तीसरा गोल्ड मेडल दिलाया है। इससे पहले अवनि लखेरा और सुमित अंतिल ने स्वर्ण पदक दिलाया था।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने टोक्यो पैरालंपिक में स्वर्ण पदक जीतने पर मनीष नरवाल को बधाई दी है। एक ट्वीट में पीएम ने कहा है, ''मनीष नरवाल की शानदार उपलब्धि। उनका स्वर्ण पदक जीतना भारतीय खेलों के लिए एक विशेष क्षण है। उन्हें बधाई और आने वाले समय के लिए शुभकामनाएं।''
स्वर्ण पदक विजेता मनीष नरवाल ने अपनी जीत के बाद कहा, 'स्वर्ण पदक के लिए मैं अपने परिवार, कोच और देश के सभी लोगों का धन्यवाद करता हूं जिनकी वजह से मैंने आज ये पदक जीता है।'
टोक्यो पैरालंपिक में सिंहराज ने शूटिंग में रजत पदक जीता। इस दौरान बल्लभगढ़ में उनके घर पर खुशियां मनाईं जा रही हैं। रजत पदक जीतने वाले खिलाड़ी सिंहराज की मां वेदवत्ती ने कहा, 'मैं बहुत-बहुत खुश हूं। मेरे बेटे सिंहराज ने पूरे देश में नाम रोशन कर दिया, ऐसा शेर है मेरा।'
रजत पदक विजेता सिंहराज अधाना ने कहा, 'मैं काफी खुश हूं क्योंकि आप सभी के प्यार की वजह से मैंने दोबारा जीत हासिल की है और मेरा सपना था कि राष्ट्रीय झंडा को सबसे ऊंचा देखना,जो कि आज वो सपना मेरा पूरा हो गया है। पदक जीतने के लिए मैं अपने कोच और स्टाफ का धन्यवाद करता हूं।'
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने टोक्यो पैरालंपिक में रजत पदक जीतने पर सिंहराज अधाना को बधाई दी है। एक ट्वीट में प्रधानमंत्री ने कहा है, ''उनके इस करतब से भारत खुश है। उन्हें बधाई और भविष्य के प्रयासों के लिए शुभकामनाएं।''
 
                                                 
                             
                                                 
                                                 
                                                 
			 
                     
                    