Advertisement

हॉकी इंडिया ने श्रीजेश की राजीव गांधी खेल रत्न के लिए की सिफारिश

हॉकी इंडिया ने खेल मंत्रालय से पीआर श्रीजेश को राजीव गांधी खेल रत्न अवॉर्ड देने की सिफारिश की है। जबकि...
हॉकी इंडिया ने श्रीजेश की राजीव गांधी खेल रत्न के लिए की सिफारिश

हॉकी इंडिया ने खेल मंत्रालय से पीआर श्रीजेश को राजीव गांधी खेल रत्न अवॉर्ड देने की सिफारिश की है। जबकि बुधवार को हॉकी इंडिया की ओर से चिंगलेनसना सिंह, अक्षदीप सिंह और दीपिका ठाकुर को अर्जुन अवार्ड देने की सिफारिश की गई है।

हॉकी इंडिया ने आर.पी. सिंह और संदीप कौर को मेजर ध्यानचंद पुरस्कार के लाइफटाइम अचीवमेंट के लिए भी सिफारिश की है, जबकि कोच बलजीत सिंह, बी एस चौहान और रोमेश पठानिया के लिए द्रोणाचार्य पुरस्कार की सिफारिश की गई है।

भारत के लिए 200 से ज्यादा मैच खेले हैं

केरल के श्रीजेश को विश्व हॉकी के सर्वश्रेष्ठ गोलकीपरों में से एक माना जाता है। 2006 में श्रीलंका में दक्षिण एशियाई खेलों में राष्ट्रीय टीम के लिए पदार्पण करने के बाद से वह भारतीय टीम का अभिन्न अंग रहे हैं। अपने करिअर के दौरान, 30 वर्षीय ने देश के लिए 200 से अधिक मैच खेले हैं, और भारतीय टीम के साथ कई व्यक्तिगत और सामूहिक प्रशंसा भी हासिल की हैं। 2008 जूनियर एशिया कप में "टूर्नामेंट के सर्वश्रेष्ठ गोलकीपर" के रूप में सम्मानित किए जाने के बाद, श्रीजेश को बाद में 2013 के एशिया कप में "टूर्नामेंट का सर्वश्रेष्ठ गोलकीपर" के रूप में भी सम्मानित किया गया था जहां भारत ने रजत पदक जीता था।

2018 में विराट कोहली को मिला था ये पुरस्कार

इससे पहले रेसलिंग फेडरेशन ने बजरंग पुनिया, महिला पहलवान विनेश फोगाट और राइफल एसोसिएशन ने हिना सिद्धू और अंकुर मित्तल को खेल रत्न देने की सिफारिश की है। खेल मंत्रालय खेल के क्षेत्र में असाधारण उपलब्धि हासिल करने वाले खिलाड़ियों को ये पुरस्कार देता है। 2018 में विराट कोहली और महिला वेटलिफ्टर मीराबाई चानू को खेल रत्न पुरस्कार दिया गया था।

चार रेसलर और तीन शूटर्स को अर्जुन अवॉर्ड देने की सिफारिश

रेसलिंग फेडरेशन की ओर से राहुल अवारे, हरप्रीत सिंह, दिव्या काकरान और पूजा ढांडा को अर्जुन अवॉर्ड देने की सिफारिश की गई है। फेडरेशन ने मेजर ध्यानचंद पुरस्कार के लिए खेल मंत्रालय को कोच भीम सिंह और जयप्रकाश का नाम भेजा। दूसरी ओर एनआरएआई ने अंजुम मौदगिल, शहजार रिजवी और ओम प्रकाश मिठरवाल को अर्जुन अवॉर्ड देने की सिफारिश की है।

मुक्केबाज अमित पंघल को भी किया नामित

साथ ही एशियाई खेल 2018 के स्वर्ण पदक विजेता भारतीय मुक्केबाज अमित पंघल को मंगलवार को भारतीय मुक्केबाजी महासंघ ने अर्जुन पुरस्कार के लिए नामित किया। अमित ने जकार्ता में एशियाई खेलों में 49 किग्रा में उज्बेकिस्तान के मौजूदा ओलिंपिक चैंपियन हसनबाय दुसमातोव को हराकर सोने का तमगा जीता था।  पिछले साल भी अर्जुन पुरस्कार के लिए अमित के नाम की सिफारिश की गई थी। अमित के नाम पर हालांकि विचार नहीं किया गया था, क्योंकि वह 2012 में डोप परीक्षण में नाकाम रहे थे। इसके लिए उन पर एक साल का प्रतिबंध भी लगा था। इनके अलावा गौरव बिधूड़ी का नाम भी अर्जुन अवॉर्ड के लिए भेजा गया है।

बीसीसीआई ने भी की सिफारिश

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने भी मोहम्मद शमी, जसप्रीत बुमराह, रविंद्र जडेजा और पूनम यादव को अर्जुन अवॉर्ड देने की सिफारिश की है। सुप्रीम कोर्ट द्वारा नियुक्त प्रशासकों की समिति (सीओए) और बीसीसीआई ने चर्चा के बाद ये चारों नाम तय किए गए। हाल ही में शमी, बुमराह और जडेजा को भारत की वर्ल्ड कप की 15 सदस्यीय टीम में भी चुने गए हैं।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement