Advertisement

पीवी सिंधु और साई प्रणीत को मिलेगा नकद इनाम, बाई ने की घोषणा

भारतीय बैडमिंटन संघ (बाई) स्विट्जरलैंड के बासेल में ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल करने वाली पीवी सिंधु और...
पीवी सिंधु और साई प्रणीत को मिलेगा नकद इनाम, बाई ने की घोषणा

भारतीय बैडमिंटन संघ (बाई) स्विट्जरलैंड के बासेल में ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल करने वाली पीवी सिंधु और साई प्रणीत को क्रमश: 20 लाख रुपये और पांच लाख रुपये देकर सम्मानित करेगा। बाई ने ट्वीट किया कि बाई अध्यक्ष हिमांत बिस्वा ने विश्व बैडमिंटन चैंपियनशिप में ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल करने पर विश्व चैंपियन पीवी सिंधु को 20 लाख रुपये और साई प्रणीत को पांच लाख रुपये देने की घोषणा की है।

भारत के बैडमिंटन और पूरे देश के लिए गर्व का क्षण

बाई के अध्यक्ष हिमांता बिस्वा सरमा ने सिंधु को बधाई देते हुए कहा कि यह सप्ताह बैडमिंटन के लिए बहुत अच्छा रहा है। पीवी सिंधु अपने शानदार प्रदर्शन से विश्व चैम्पियनशिप में पदक जीतने वाली पहली भारतीय खिलाड़ी बनी हैं। उन्होंने कहा कि 36 साल बाद पुरुष एकल वर्ग में बी साई प्रणीत का पदक भी एक और यादगार उपलब्धि है। यह भारत के बैडमिंटन और पूरे देश के लिए गर्व का क्षण है।

आगामी खिलाड़ियों के लिए सच्ची प्रेरणा

बाई के महासचिव अजय के सिंघानिया ने दोनों शटलरों के प्रयासों की प्रशंसा की। उन्होने कहा कि सिंधु ने शानदार प्रदर्शन दिखाया क्योंकि उन्होंने अपने पदक के लिए एक चैंपियन को हराया था। अपने अथक प्रयासों के लिए राष्ट्रीय कोच गोपीचंद और विदेशी कोच किम जी गंग को श्रेय देता हूं। साथ ही साई प्रणीत ने कांस्य पदक जीतने के लिए जिस तरह से खेला, उसे कभी नहीं भूलना चाहिए। उन्होंने कहा कि वे दोनों खिलाड़ियों को बधाई देते हैं क्योंकि इस तरह के प्रदर्शन आगामी खिलाड़ियों के लिए सच्ची प्रेरणा हैं।

यह उपलब्धि हासिल करने वाली पहली भारतीय

पीवी सिंधु ने विश्व बैडमिंटन चैंपियनशिप में महिला एकल का स्वर्ण पदक जीतकर रविवार को भारतीय खेलों में नया इतिहास रचा। जापान की अपनी चिर प्रतिद्वंद्वी नोजोमी ओकुहारा को एकतरफा मुकाबले में हराकर स्वर्ण पदक जीतने वाली सिंधु यह उपलब्धि हासिल करने वाली पहली भारतीय बनी। ओलिंपिक रजत पदक विजेता सिंधु ने 38 मिनट तक चले फाइनल में 21-7, 21-7 से जीत दर्ज की। सिंधु ने इसके साथ ही दो साल पहले इस टूर्नमेंट के फाइनल में ओकुहारा से मिली हार का बदला भी ले लिया। ओकुहारा ने 2017 में उन्हें 110 मिनट तक चले फाइनल में हराया था। 

सिंधु विश्व चैंपियनशिप में संयुक्त रूप से भी सबसे सफल महिला एकल खिलाड़ी भी बन गई हैं, जिसमें उन्होंने छह शिरकत में पांच पदक जीते हैं और इसी के साथ उन्होनें महान झांग निन की बराबरी की।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement