Advertisement

पद्म विभूषण के लिए नामित पहली महिला एथलीट बनी मैरीकॉम, सिंधु पद्म भूषण के लिए नामित

खेल मंत्रालय ने स्टार महिला बॉक्सर एमसी मैरीकॉम के नाम की सिफारिश देश के दूसरे सर्वोच्च नागरिक सम्मान...
पद्म विभूषण के लिए नामित पहली महिला एथलीट बनी मैरीकॉम, सिंधु पद्म भूषण के लिए नामित

खेल मंत्रालय ने स्टार महिला बॉक्सर एमसी मैरीकॉम के नाम की सिफारिश देश के दूसरे सर्वोच्च नागरिक सम्मान 'पद्म विभूषण' के लिए की है। भारत के इतिहास में यह पहली बार हुआ है जब एक महिला खिलाड़ी के नाम की सिफारिश देश के दूसरे सर्वोच्च नागरिक सम्मान पद्म विभूषण के लिए किया गया है। छह बार की विश्व चैंपियन बॉक्सर एमसी मैरीकॉम को साल 2013 में पद्म भूषण और 2006 में पद्मश्री से सम्मानित किया जा चुका है। केंद्रीय खेल मंत्रालय ने इस बार नौ एथलीटों के नाम पद्म पुरस्कारों के लिए भेजे हैं और ये सभी महिलाए हैं।

यह सब भी हुई नामित

वहीं स्टार शटलर पीवी सिंधु को पद्म भूषण के लिए नामित किया गया है।  साल 2017 में सिंधु का नाम पद्म भूषण के लिए प्रस्तावित किया गया था, लेकिन उनका नाम फाइनल लिस्ट में सेलेक्ट नहीं हुआ था। बता दें, साल 2015 में उन्हें पद्म श्री अवॉर्ड से सम्मानित किया गया था. खेल मंत्रालय के सूत्रों के मुताबिक, इन दोनों के अलावा रेसलर विनेश फोगाट, टेबल टेनिस प्लेयर मणिका बत्रा और महिला टी-20 टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर को पद्मश्री पुरस्कार के लिए शॉर्ट लिस्ट किया गया है। साथ ही हॉकी कैप्टन रानी रामपाल, पूर्व शूटर सुमा शिरुर और पर्वातारोही जुड़वा बहनें ताशी और नुंगशी मलिक का नाम शामिल है।

मैरीकॉम के नाम हैं कई रिकॉर्ड

मैरीकॉम छह बार वर्ल्ड चैम्पियनशिप जीतने वाली इकलौती बॉक्सर हैं। वे सात वर्ल्ड चैम्पियनशिप में पदक जीतने वाली भी पहली बॉक्सर हैं। 36 साल की मैरीकॉम पद्म विभूषण पाने वाली चौथी खिलाड़ी बन सकती हैं। इससे पहले चेस प्लेयर विश्वानाथन आनंद (2007), क्रिकेटर सचिन तेंडुलकर (2008) और पर्वतारोही सर एडमंड हिलैरी (2008) को यह सम्मान दिया जा चुका है। सचिन तेंडुलकर को साल 2014 में देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान 'भारत रत्न' से भी सम्मानित किया जा चुका है।

इस दिन होगी घोषणा

खेल मंत्रालय ने पद्म पुरस्कारों के लिए तय किए गए नामों को पद्म पुरस्कार समिति के पास भेज दिया है। इन नागरिक पुरस्कारों के लिए चयनित नामों की घोषणा अगले साल गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर की जाएगी।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad