Advertisement

अलविदा 2017 : खेलों में खुशी ज्यादा, गम कम

भारतीय खेल के लिहाज से 2017 उपलब्धियों भरा रहा। हालांकि, मायूसी के कुछ लम्हे भी आए, लेकिन खिलाड़ियों की...
अलविदा 2017 :  खेलों में खुशी ज्यादा, गम कम

भारतीय खेल के लिहाज से 2017 उपलब्धियों भरा रहा। हालांकि, मायूसी के कुछ लम्हे भी आए, लेकिन खिलाड़ियों की सफलताओं ने उसे भी पीछे छोड़ दिया। क्रिकेट हो या बैडमिंटन, या साल के जाते-जाते विश्वनाथन आनंद का शतरंज में वर्ल्ड रैपिड चैंपियनशिप का खिताब जीतना, इन सभी ने हमारे चेहरे पर खुशियां ही बिखेरीं।

रोहित शर्मा की रिकॉर्ड डबल सेंचुरी

रोहित शर्मा को एकदिवसीय मैचों का ‘हिटमैन’ कहा जाता है। अपने इस नाम को रोहित ने साबित भी किया। रोहित शर्मा एकदिवसीय मैचों में सबसे ज्यादा तीन दोहरा शतक लगाने वाले पहले बल्लेबाज बन चुके हैं। उन्होंने पहली डबल सेंचुरी 2013 में ऑस्ट्रेलिया का खिलाफ बनाई। तब रोहित ने 209 रन की पारी खेली थी। इसके बाद 2014 में श्रीलंका के खिलाफ 264 और अब इसी साल उन्होंने श्रीलंका के ही खिलाफ 208 रनों की पारी खेली।

कप्तान के रूप में कोहली का सर्वाधिक दोहरा शतक

भारतीय कप्तान विराट कोहली ने इस साल बल्लेबाजी के कई कीर्तिमान ध्वस्त किए। इस साल फरवरी में टेस्ट कप्तान के रूप में चार दोहरा शतक लगाकर सर डॉन ब्रैडमैन और भारतीय लीजेंड राहुल द्रविड़ का रिकॉर्ड तोड़ा। नवंबर में टेस्ट मैचों में छठा दोहरा शतक लगाकर बतौर कप्तान ब्रायन लारा के पांच दोहरे शतक के रिकॉर्ड को भी तोड़ दिया।

भारतीय टीम के कोच से अनिल कुंबले का इस्तीफा

कप्तान कोहली और कोच कुंबले के बीच मनमुटाव की खबरों ने भी इस साल काफी सुर्खियां बंटोरी। यहां तक कि कुंबले ने अपने लेटर में कोहली के नाम तक का जिक्र किया। इसके बाद सौरव गांगुली, वीवीएस लक्ष्मण और सचिन तेंदुलकर की सदस्यता वाली क्रिकेट एडवाइजरी कमिटी ने रवि शास्त्री को कुंबले का उत्तराधिकारी चुना।

चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल में पाकिस्तान से करारी हार

विराट कोहली की अगुवाई में भारतीय टीम चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल में 2013 की जीत को दोहराने के मकसद से उतरी। लेकिन पाकिस्तान ने भारत को 180 रनों से हराकर करोड़ों भारतीय के दिल को तोड़ दिया। इस मैच में भारत ने पहले टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला किया, जिसकी कई लोगों ने आलोचना भी की। इस सीरीज के बाद ही कोहली और कुंबले के बीच खटपट की खबरें सार्वजनिक हुईं।

चार सुपर सीरीज जीतने वाले पहले खिलाड़ी बने किदांबी श्रीकांत

बैडमिंटन खिलाड़ी किदांबी श्रीकांत के लिए 2017 काफी सुनहरा रहा। वह एक कैलेंडर साल में चार सुपर सीरीज जीतने वाले पहले बैडमिंटन खिलाड़ी बने। श्रीकांत ने इंडोनेशिया ओपन और ऑस्ट्रेलियन ओपन का खिताब जीतने के बाद डेनमार्क और फ्रांस में आयोजित प्रतियोगिता भी अपने नाम की। उधर, पीवी सिंधु ने इस साल दो सुपर सीरीज और वर्ल्ड चैंपियनशिप में सिल्वर मेडल जीता।

भारत में फीफा अंडर-17 वर्ल्डकप का आयोजन

खेलों के लिहाज से फीफा अंडर-17 वर्ल्डकप का आयोजन भारत की सबसे बड़ी उपलब्धियों में से एक रही। इसके साथ, भारत ने पहली बार किसी फीफा टूर्नामेंट का आयोजन हुआ। यह भी पहली बार था, जब भारत ने किसी फीफा टूर्नामेंट में भागीदारी की।

विमिंस वर्ल्ड कप में भारत का शानदार प्रदर्शन

महिला क्रिकेट के लिहाज से भी यह साल बेमिसाल रहा है। इंगलैंड में आयोजित वर्ल्ड कप-2017 में भारतीय महिलाओं का प्रदर्शन शानदार रहा। भारत ने दक्षिण अफ्रीका और ऑस्ट्रलिया जैसी टीमों को हराकर तीसरी बार वर्ल्डकप के फाइनल में जगह बनाई। हालांकि, फाइनल में मेजबान इंगलैंड से कैप्टन मिताली राज की टीम 9 रनों से हार गई। इसके बावजूद टीम को काफी तारीफ मिली।

धोनी की रिकॉर्ड 100वीं एकदिवसीय स्टंपिंग

भारतीय टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने श्रीलंका दौरे पर स्टंपिंग के रिकॉर्ड को तोड़ दिया। धोनी ने इस दौरे पर अपनी 100वीं स्टंपिंग पूरी की। इसके पहले यह कीर्तिमान श्रीलंकाई विकेटकीपर कुमार संगाकारा के नाम था।

श्रीलंका को सभी फॉरमेट में ऐतिहासिक 9-0 से दी मात

भारतीय क्रिकेट के इतिहास में पहली बार भारतीय टीम ने किसी टीम को इस तरह हराया। अक्टूबर 2017 में भारतीय टीम ने श्रीलंका का दौरा किया। इस दौरान इंडियन टीम ने तीन टेस्ट, तीन एकदिवसीय और तीन टी-20 में श्रीलंका का सूपड़ा साफ कर दिया।

14 साल बाद विश्वनाथन आनंद ने जीता वर्ल्ड रैपिड चैंपियनशिप

चेस चैंपियन विश्वनाथन आनंद ने 14 साल बाद रियाद में विश्व रैपिड शतरंज चैंपियनशिप का खिताब जीतकर भारतीय खेलप्रेमियों को जश्न का एक और मौका दिया। इसके साथ ही, उन्होंने विश्व चैंपियन के हाथों चार साल पहले मिली बड़ी खिताबी हार का हिसाब भी चुकता कर दिया।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad