Advertisement

IND Vs AUS: भारत ने 6 विकेट से जीता दूसरा वन-डे, सीरीज 1-1 से बराबर

भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज का दूसरा मैच भारत ने 6 विकेट से जीत लिया है। इस मैच...
IND Vs AUS: भारत ने 6 विकेट से जीता दूसरा वन-डे, सीरीज 1-1 से बराबर

भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज का दूसरा मैच भारत ने 6 विकेट से जीत लिया है। इस मैच में ऑस्ट्रेलिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए नौ विकेट के नुकसान पर 298 रन बनाए थे। इसके बाद भारत ने 299 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत को 49.2 ओवर में ही जीत दिला दी। इस जीत के साथ ही तीन वनडे मैचों की ये सीरीज 1-1 की बराबरी पर आ गई है। विराट कोहली ने 104 रन बनाए तो धोनी 55 और कार्तिक 25 रन बनाकर नाबाद रहे।

टीम इंडिया के लिए कप्तान विराट कोहली ने 104 रन की पारी खेली। इस मुकाबले में शानदार प्रदर्शन के लिए भारतीय कप्तान विराट कोहली को मैन ऑफ मैच चुना गया। उन्होंने 112 गेंदों में पांच चौके और 2 छक्कों की मदद से 104 रन की शानदार शतकीय पारी खेली। यह उनका 39वां शतक है।

लक्ष्य का पीछा करते हुए उन्होंने 24वीं बार शतक लगाया। महेंद्र सिंह धोनी 55 रन बनाकर नॉट आउट रहे। इससे पहले ऑस्ट्रेलिया के लिए शॉन मार्श ने सबसे ज्यादा 131 रन बनाए। भारत की ओर से भुवनेश्वर कुमार ने चार और मोहम्मद शमी ने तीन विकेट लिए।

ऐसे गिरे भारत के विकेट

पहला विकेट: जेसन बेहरेनडॉर्फ ने पारी का आठवां ओवर फेंका। ओवर की चौथी गेंद ऑफ स्टंप से बाहर जा रही थी। शिखर धवन ने उसे मारने की कोशिश की, लेकिन मिडविकेट पर उस्मान ख्वाजा ने उनका शानदार कैच लपक लिया। इस समय टीम का स्कोर 47 रन था।

दूसरा विकेट: शिखर के आउट होने के बाद रोहित-विराट ने दूसरे विकेट के लिए 54 रन जोड़े। रोहित 43 रन बनाकर खेल रहे थे। मार्क्स स्टोइनिस ने 18वां ओवर फेंका। इस ओवर की 5वीं गेंद पर रोहित ने छक्का लगाने की कोशिश की, लेकिन गेंद पूरी तरह से उनके बल्ले पर आई नहीं और बाउंड्री से थोड़ा पहले पीटर हैंड्सकॉम्ब ने उनका शानदार कैच पकड़ा।

तीसरा विकेट: रोहित के आउट होने के बाद क्रीज पर आए अंबाती रायुडू ने कोहली के साथ तीसरे विकेट के लिए 59 रन की साझेदारी की। रायुडू 31वें ओवर की चौथी गेंद पर आउट हुए। मैक्सवेल की गेंद पर स्टोइनिस ने उनका कैच लिया। रायुडू ने 36 गेंद में 24 रन बनाए।

चौथा विकेट: कोहली 44वें ओवर में जे. रिचर्डसन की गेंद पर आउट हुए। मैक्सवेल ने बाउंड्री के नजदीका उनका कैच पकड़ा। कोहली ने धोनी के साथ मिलकर चौथे विकेट के लिए 82 रन की साझेदारी की।

ऑस्ट्रेलिया के विकेट ऐसे गिरे

पहला विकेट: सातवें ओवर की आखिरी गेंद पर भुवनेश्वर ने फिंच को बोल्ड कर दिया। फिंच 19 गेंद की पारी में छह रन ही बना सके। भुवनेश्वर की अंदर आती गेंद उनके बल्ले से लगकर विकेट में समा गई। पहले वनडे में भी वे इसी तरह आउट हुए थे।

दूसरा विकेट: फिंच के बाद दूसरे ओपनर एलेक्स केरी भी पवेलियन लौट गए। आठवें ओवर में मोहम्मद शमी की शॉर्ट गेंद पर बाउंड्री लगाने के लिए उन्होंने पुल शॉट खेला, लेकिन गेंद शिखर धवन के हाथों में चली गई। केरी ने 27 गेंद पर 18 रन बनाए। इस दौरान उन्होंने दो चौके लगाए।

तीसरा विकेट: पहले वनडे में अर्धशतक लगाने वाले ख्वाजा इस मैच में कोई कमाल नहीं कर सके। 23 गेंद की पारी में 21 रन बनाकर वे पवेलियन लौट गए। 19वें ओवर की तीसरी गेंद पर रविंद्र जडेजा ने उन्हें डायरेक्ट थ्रो पर रन आउट कर दिया।

चौथा विकेट: पिछले मैच में ऑस्ट्रेलिया के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले पीटर हैंड्सकॉम्ब 28वें ओवर की दूसरी गेंद पर आउट हो गए। उन्हें जडेजा की गेंद पर महेंद्र सिंह धोनी ने स्टंप कर दिया। हैंड्सकॉम्ब ने 22 गेंद पर दो चौकों की मदद से 20 रन बनाए।

पांचवां विकेट: पारी के 37वें ओवर में शमी ने भारत को पांचवीं सफलता दिलाई। उन्होंने ओवर की चौथी गेंद पर मार्क्स स्टोइनिस को धोनी के हाथों कैच आउट कराया।

छठा विकेट: 48वें ओवर में ऑस्ट्रेलिया को छठा झटका लगा। ग्लेन मैक्सवेल 48 रन बनाकर भुवनेश्वर कुमार की गेंद पर आउट हुए। उन्होंने पांच चौके और एक छक्का लगाया।

सातवां विकेट: मैक्सवेल के बाद मार्श भी पवेलियन लौट गए। उन्हें भी भुवनेश्वर ने ही आउट किया। मार्श ने 123 गेंद की पारी में 131 रन बनाए। उन्होंने मैक्सवेल के साथ छठे विकेट के लिए 93 रन की साझेदारी की।

आठवां विकेट: 49वें ओवर में जे. रिचर्डसन के रूप में आठवां विकेट गिरा। रिचर्डसन को शमी ने दो रन के निजी स्कोर पर पवेलियन भेज दिया।

नौवां विकेट: 50वें ओवर की पहली गेंद पर भुवनेश्वर को चौथी सफलता हाथ लगी। उन्होंने पीटर सिडल को कोहली के हाथों कैच कराया।

सीरीज में 1-0 से आगे थी ऑस्ट्रेलिया

इससे पहले सिडनी में पहला वनडे जीतकर ऑस्ट्रेलियाई टीम तीन मैच की सीरीज में 1-0 से आगे थी। सीरीज में बने रहने के लिए भारत को यह मैच जीतना जरूरी हो गया था। हारने पर टीम इंडिया तेज पिचों वाले देश में लगातार दूसरी सीरीज गंवा देगी। इससे पहले भारतीय टीम पिछले साल इंग्लैंड से 1-2 से सीरीज हारी थी।

ये हैं दोनों टीमों के खिलाड़ी

भारत: विराट कोहली (कप्तान), महेंद्र सिंह धोनी (विकेटकीपर), शिखर धवन, रोहित शर्मा, अंबाती रायुडू, दिनेश कार्तिक, रविंद्र जडेजा, कुलदीप यादव, भुवनेश्वर कुमार, मोहम्मद शमी, मोहम्मद सिराज।

ऑस्ट्रेलिया: एरॉन फिंच (कप्तान), एलेक्स केरी (विकेटकीपर), उस्मान ख्वाजा, शॉन मार्श, पीटर हैंड्सकॉम्ब, मार्क्स स्टोइनिस, ग्लेन मैक्सवेल, जे. रिचर्डसन, नाथन लियोन, पीटर सिडल, जेसन बेहरेनडॉर्फ।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad