Advertisement

जो रूट ने जड़ा दोहरा शतक, बने न्यूजीलैंड में ऐसा करने वाले पहले विदेशी कप्तान

इंग्लैंड के कप्तान जो रूट ने सोमवार हैमिल्टन में न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे टेस्ट मैच के दौरान इतिहास...
जो रूट ने जड़ा दोहरा शतक, बने न्यूजीलैंड में ऐसा करने वाले पहले विदेशी कप्तान

इंग्लैंड के कप्तान जो रूट ने सोमवार हैमिल्टन में न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे टेस्ट मैच के दौरान इतिहास रच दिया है। रूट ने दोहरा शतक (226) जड़ते हुए अपनी टीम को दूसरे टेस्ट में न्यूजीलैंड पर बढ़त दिलाई। इसी के साथ रूट ने ऐसा कमाल किया जो इससे पहले कोई विदेशी कप्तान न्यूजीलैंड में नहीं कर पाया था। रूट से दोहरे शतक की बदौलत इंग्लैंड ने कीवि टीम पर बढ़त हासिल कर ली। दूसरे टेस्ट के चौथे दिन 476 रन बनाकर न्यूजीलैंड के खिलाफ पहली पारी के आधार पर 101 रन की बढ़त हासिल की। इसी के साथ मेहमान टीम ने मैच जीतकर दो मैचों की सीरीज बराबर करने की उम्मीद जीवंत रखी। 

22 चौकों की मदद से पूरा किया दोहरा शतक

रूट ने मैच के चौथे दिन सुबह 114 रनों से आगे खेलना शुरू किया। उन्होंने शानदार बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया और कीवी गेंदबाजों का खुलकर सामना किया। पिछले कुछ समय से अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पा रहे रूट ने मैट हैनरी की गेंद पर एक रन लेकर दोहरा शतक पूरा किया। वे 412 गेंदों में 22 चौकों की मदद से इस मंजिल तक पहुंचे। यह इंग्लैंड के कप्तान के रूप में उनका पहला दोहरा शतक था। रूट ने ओली पोप (75) के साथ छठे विकेट के लिए 193 रन की साझेदारी की। इंग्लैंड की टीम चौथे दिन चाय से ठीक पहले आउट हो गए। जवाब में न्यूजीलैंड ने चौथे दिन का खेल खत्म होने तक दो विकेट पर 96 रन बना लिए।

न्यूजीलैंड में दोहरा शतक लगाने वाले पहले विदेशी कप्तान

रूट ने इतिहास रच दिया क्योंकि वे न्यूजीलैंड में टेस्ट मैचों में दोहरा शतक लगाने वाले दुनिया के पहले विदेशी कप्तान बन गए। इससे पहले किसी देश का कप्तान न्यूजीलैंड में टेस्ट क्रिकेट में ऐसा नहीं कर पाया था। इस दोहरी शतकीय पारी के साथ ही रूट का नाम इंग्लैंड के प्रमुख कप्तानों की सूची में शामिल हो गया है। वे विदेशी धरती पर दोहरा शतक लगाने वाले इंग्लैंड के चौथे कप्तान बन गए हैं। उनसे पहले यह करिश्मा लेन हटन, टेड डेक्सटर और एलिस्टेयर कुक ही कर पाए थे। रूट ने 226 रनों की पारी खेली।

-205 रन लेन हटन (किंग्सटन, 1954)

-205 रन टेड डेक्सटर (कराची, 1962)

-263 रन एलिस्टेयर कुक (अबुधाबी, 2015)

-226 रन जो रूट (हैमिल्टन, 2019)

रूट के टेस्ट क्रिकेट में दोहरे शतक

28 साल के रूट का यह 88वां टेस्ट मैच है। यह उनके टेस्ट करिअर का तीसरा और न्यूजीलैंड के खिलाफ पहला दोहरा शतक है। वे इससे पहले श्रीलंका और पाकिस्तान के खिलाफ दोहरे शतक लगा चुके हैं।

200 नाबाद श्रीलंका के खिलाफ (लॉर्ड्स, 2014)

254 रन पाकिस्तान के खिलाफ (मैनचेस्टर, 2016)

226 रन न्यूजीलैंड के खिलाफ (हैमिल्टन, 2019)

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad