Advertisement

गांगुली ने किया धोनी का बचाव कहा आखिर वो भी एक इंसान हैं

भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के मैच में नो बॉल को...
गांगुली ने किया धोनी का बचाव कहा आखिर वो भी एक इंसान हैं

भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के मैच में नो बॉल को लेकर हुए विवाद में चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान महेंद्र सिहं धोनी का बचाव किया है। 

दिल्ली कैपिटल्स में एक सलाहकार की भूमिका निभा रहे गांगुली ने माना कहा कि धोनी एक इंसान ही है और प्रतिस्पर्धा करने की उनकी क्षमता की भी प्रशंसा करनी होगी। कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ मिली जीत के बाद गांगुली ने कहा कि सभी इंसान हैं। मुझे उनकी प्रतिस्पर्धा करने की क्षमता बहुत पसंद है, हमें उनकी तारीफ करनी होगी। 

यूं हुआ था विवाद

धोनी ने चेन्नै के कप्तान के रूप में राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ पिछले मैच में अपने आईपीएल के करियर की 100वीं जीत दर्ज की। मैच में चेन्नई की पारी के आखिरी ओवर की चौथी गेंद पर अम्पायर उल्हास गांधे ने बेन स्टोक्स की फुल टॉस गेंद को बीमर मानकर नो बॉल दिया लेकिन तीसरे अंपायर से समर्थन न मिलने के बाद उन्होंने अपना फैसला बदल लिया। 

इसके बाद, जडेजा अंपायर से बात करने लगे। तब तक धोनी चेन्नै के डगऑउट से उठकर मैदान में आ गए। वह काफी गुस्से में दिख रहे थे। उन्होंने दोनों मैदानी अम्पायरों से बहस भी की, लेकिन दोनों अंपायर अपने फैसले पर कायम रहे और चेन्नै को नो बॉल नहीं मिली। 

गांगुली ने धवन को बताया सबसे अच्छा सलामी बल्लेबाज

दिल्ली कैपिटल्स के सलाहकार सौरव गांगुली ने शिखर धवन को दुनिया के सबसे अच्छे सलामी बल्लेबाजों में से एक बताया और खुलासा किया कि धवन के सनराइजर्स हैदराबाद को छोड़ने के बाद से ही दिल्ली की टीम बाएं हाथ के खिलाड़ी को रखने के लिए 'बेताब' थी।

गांगुली ने मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि संभवत: वह दुनिया के सर्वश्रेष्ठ सलामी बल्लेबाजों में से एक हैं। हम शिखर धवन को टीम में लेने के लिए बेताब थे, जब हमने सुना कि वह हैदराबाद की टीम को छोड़ने जा रहे हैं और साथ ही वे एक अच्छी फार्म में नजर भी आ रहे हैं। यह टूर्नामेंट का एक महत्वपूर्ण चरण है। यह देखना अच्छा है कि शिखर टूर्नामेंट के दूसरे चरण में प्रवेश करने के साथ ही एक अच्छा स्कोर हासिल करने में कामयाब हो रहे हैं। यह शिखर धवन की ऐसी पारी थी जिसके लिए वो जाने जाते हैं। एक बार जब वह सेट हो जाते हैं, तो वह खेल को दूसरी टीम से दूर ले जाते हैं। वे एक क्लासी खिलाड़ी हैं। वह ठीक उसी तरह खेल रहे हैं जैसा वह भारत के लिए खेलते हैं। वह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में छोटे प्रारूप में लगातार स्कोर भी बना रहे हैं।

इंग्लैंड में बहुत अच्छा खेलते हैं धवन

आगामी विश्व कप के बारे में बात करते हुए गांगुली ने बताया कि इंग्लैंड में चैंपियंस ट्रॉफी 2017 में भारत उपविजेता रहा था। चैंपियंस ट्रॉफी के दौरान धवन को सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज भी घोषित किया गया था। विश्व कप एक अलग प्रारूप है लेकिन शिखर इंग्लैंड में बहुत अच्छा खेलते हैं। वह एक शानदार एक दिवसीय क्रिकेटर हैं। वह विश्व कप में भी चैंपियंस ट्रॉफी जैसा अच्छा प्रदर्शन करेंगे।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad