Advertisement

पूर्व ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटर शेन वॉर्न नहीं रहे; 52 साल की उम्र में हार्ट अटैक से मौत, क्रिकेट जगत में शोक की लहर

पूर्व ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटर शेन वार्न का 52 साल की उम्र में 'संदिग्ध दिल का दौरा' पडने से निधन हो गया।...
पूर्व ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटर शेन वॉर्न नहीं रहे; 52 साल की उम्र में हार्ट अटैक से मौत, क्रिकेट जगत में शोक की लहर

पूर्व ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटर शेन वार्न का 52 साल की उम्र में 'संदिग्ध दिल का दौरा' पडने से निधन हो गया। वार्न के मैनेजमेंट की ओर से जारी एक संक्षिप्त बयान में बताया गया कि महान लेग स्पिनर की थाईलैंड के कोह समुई में मौत हो गई। उनकी मौत संभवतः हार्ट अटैक से हुई है। उनके निधन से क्रिकेट जगत में शोक की लहर दौड़ गई।

दिग्गज लेग स्पिनर वॉर्न दुनिया के सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाजों की सूची में दूसरे नंबर पर हैं। उनके नाम श्रीलंका के मुथैया मुरलीधरन के बाद सबसे ज्यादा विकेट लेने का रिकॉर्ड है। शेन वार्न ने कुछ घंटे पहले ही क्रिकेटर रोड मार्स के निधन पर दुख जताया था। लेकिन तब किसी को क्या पता था कि इस महान गेंदबाज का ये आखिरी ट्वीट होगा।

पूर्व भारतीय ओपनर वीरेंद्र सहवाग ने उनकी तस्वीर के साथ ट्वीट करते हुए लिखा, ‘यकीन नहीं कर सकता। महान स्पिनरों में से एक, स्पिन को कूल बनाने वाले सुपरस्टार शेन वॉर्न नहीं रहे। उनके परिवार, दोस्तों, दुनिया भर में उनके फैंस के प्रति मेरी संवेदनाएं।’

दिग्गज पेसर शोएब अख्तर ने लिखा, ‘अभी-अभी महान स्पिनर शेन वॉर्न के निधन की दुखद खबर मिली। मेरे पास शब्द नहीं हैं कि मैं कितना स्तब्ध और दुखी हूं. क्या महान शख्सियत, क्रिकेटर और इंसान थे।’

दुनिया के महान गेंदबाजों में शुमार शेन वॉर्न का जन्म विक्टोरिया में 13 सितंबर 1969 को हुआ था।  अपने करियर में 145 टेस्ट, 194 वनडे अंतरराष्ट्रीय मैच खेले। उन्होंने टेस्ट में 708 और वनडे फॉर्मेट में कुल 293 विकेट लिए। इसके अलावा फर्स्ट क्लास क्रिकेट में उनके नाम 1319 विकेट दर्ज हैं। 1999 क्रिकेट विश्व कप की विजेता ऑस्ट्रेलियाई टीम में उनका महत्वपूर्ण रोल था।

भारत के खिलाफ शेन वॉर्न ने 1992 में सिडनी टेस्ट से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू किया था। उन्होंने अपना आखिरी टेस्ट मैच जनवरी, 2007 में इंग्लैंड के खिलाफ सिडनी में ही खेला था। जब वॉर्न रिटायर हुए उस समय ऑस्ट्रेलियाई टीम के तीन अन्य खिलाड़ियों ने भी संन्यास लिया था।  

शेन वॉर्न दुनिया के इकलौते ऐसे खिलाड़ी हैं, जिन्होंने टेस्ट में 3000+ रन बनाए, लेकिन कभी शतक नहीं जड़ा। उनका करियर मैदान के बाहर कई बार विवादों से रहा। वह प्रतिबंधित पदार्थ का सेवन करने के भी दोषी पाए गए थे। उन पर प्रतिबंध भी लगा था। उन पर सट्टेबाजी के भी आरोप लगे थे।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad