Advertisement

धोनी वो नाम जिसने बदला भारतीय क्रिकेट का चेहरा: आईसीसी

भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज महेंद्र सिंह धोनी 7 जुलाई को अपना 38वां जन्मदिन मनाएंगे। क्रिकेट की...
धोनी वो नाम जिसने बदला भारतीय क्रिकेट का चेहरा: आईसीसी

भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज महेंद्र सिंह धोनी 7 जुलाई को अपना 38वां जन्मदिन मनाएंगे। क्रिकेट की सर्वोच्च संस्था अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने शनिवार को इस खिलाड़ी की तारीफ की। आईसीसी ने कहा है कि धोनी वह व्यक्ति हैं जिन्होंने भारतीय क्रिकेट का चेहरा बदल दिया।

ऐसा करने वाले अकेले कप्तान

धोनी ने अपनी कप्तानी में सभी बड़े आईसीसी टूर्नामेंट जीते हैं। वह अकेले कप्तान हैं जिन्होंने आईसीसी का 50 ओवरों का वर्ल्ड कप, वर्ल्ड टी-20 और चैंपियंस ट्रोफी जीती है। उनकी कप्तानी में भारतीय टीम टेस्ट और वनडे दोनों प्रारूपों में नंबर एक के पायदान तक पहुंची है। उनकी कप्तानी में चेन्नै सुपर किंग्स ने तीन बार इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) का खिताब भी जीता है। 

आईसीसी ने एक विडियो के साथ ट्वीट किया, 'एक ऐसा नाम जिसने भारतीय क्रिकेट का चेहरा बदलकर रख दिया। एक ऐसा नाम जो दुनियाभर में लाखों लोगों की प्रेरणास्रोत है। एक ऐसा नाम जो एक निर्विवाद का रूप है, महेंद्र सिंह धोनी केवल एक नाम ही नहीं है।' 

हमेशा मेरे कप्तान रहेंगे: कोहली

इस क्लिप में भारतीय कप्तान विराट कोहली और गेंदबाज जसप्रीत बुमराह भी इस बारे में बात कर रहे हैं कि कैसे धोनी ने उनके क्रिकेट के हुनर को निखारा। कोहली ने कहा कि जो आप बाहर से देखते हैं किसी व्यक्ति के बारे में चीजें उससे काफी अलग होती हैं। वह हमेशा शांत और धैर्यवान रहते हैं। उनसे काफी कुछ सीखा जा सकता है। वह मेरे कप्तान थे और वह हमेशा मेरे कप्तान रहेंगे। हमारी आपसी समझ हमेशा से बहुत शानदार रही है। मैं हमेशा उनकी सलाह ध्यान से सुनता हूं।

जोस बटलर मानते हैं उन्हे अपना आदर्श

बुमराह ने कहा कि जब मैं 2016 में आया तो वह मेरे कप्तान थे। टीम पर उनका साफ प्रभाव है और वह हमेशा मदद के लिए तैयार रहते हैं। विडियो की शुरुआत इंग्लैंड के विकेटकीपर बल्लेबाज जोस बटलर से होती है। वह धोनी को मिस्टर कूल कहकर संबोधित करते हैं। बटलर कहते हैं कि धोनी हमेशा उनके आदर्श रहे हैं। 

स्टोक्स ने भी धोनी की तारीफ की

इग्लैंड के ही ऑलराउंडर बेन स्टोक्स ने धोनी की तारीफ में कहा कि कोई भी उनके बराबर नहीं हो सकता। स्टोक्स ने धोनी के साथ आईपीएल में राइजिंग पुणे सुपरजायंट्स की टीम में खेला था। स्टोक्स ने कहा कि वह एक महान खिलाड़ी हैं, शानदार विकेटकीपर हैं। मुझे नहीं लगता है कि कोई भी उनके बराबर है।

फिलहाल आलोचनाओं का सामना कर रहे हैं

धोनी, जिन्हें कभी दुनिया का बेस्ट फिनिशर कहा जाता था, हालिया वक्त में आलोचनाओं का सामना कर रहे हैं। इंग्लैंड के खिलाफ 30 जून को उनकी बल्लेबाजी अप्रोच को लेकर सवाल उठे और उसके बाद बांग्लादेश के खिलाफ मैच में भी पारी के अंत में बड़े शॉट न खेल पाने पर भी उनकी आलोचना हुई। धोनी ने अभी तक टूर्नामेंट में 223 रन बनाए हैं।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad