Advertisement

जन्मदिन विशेष: कैप्टन कूल के नाम दर्ज हैं ये 10 बेमिसाल रिकॉर्ड

भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी का आज जन्मदिन है। 7 जुलाई 1981 में जन्में धोनी आज 36 साल के हो गए हैं। टीम इंडिया के कैप्टन कूल कहे जाने वाले महेंद्र सिंह धोनी भारतीय क्रिकेट टीम के सबसे सफलतम कप्तान रहे हैं।
जन्मदिन विशेष: कैप्टन कूल के नाम दर्ज हैं ये 10 बेमिसाल रिकॉर्ड

धोनी का जन्‍म 7 जुलाई, 1981 को तत्‍कालीन बिहार (मौजूदा झारखंड) के रांची में हुआ था। कप्तानी को अलविदा कहने के बाद अब वो बतौर विकेट कीपर और बल्लेबाज़ टीम को अपना योगदान दे रहे हैं। साल 2004 में डेब्यू करने वाले धोनी भारतीय क्रिकेट टीम के ऐसे कप्तान रहे हैं जिनकी अगुवाई में टीम इंडिया ने आईसीसी के तीनों बड़े टूर्नामेंट में जीत दर्ज की है।

धोनी के नाम दर्ज हैं ये बेमिसाल रिकॉर्ड

# महेंद्र सिंह धोनी इकलौते ऐसे कप्तान हैं, जिन्होंने आईसीसी की तीनों बड़ी ट्रॉफी पर कब्जा जमाया है। धोनी की कप्तानी में भारत आईसीसी की वर्ल्ड टी-20 (2007), क्रिकेट वर्ल्ड कप (2011) और आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी (2013) का खिताब जीत चुका है।

# धोनी भारत के सबसे सफल कप्तान हैं। धोनी की कप्तानी में भारत ने 107 वनडे और 27 टेस्ट मैच जीते हैं। इसके बाद सौरव गांगुली का नंबर आता हैं, जिनकी कप्तानी में 76 वनडे मैच और 21 टेस्ट मैच भारतीय टीम ने जीते हैं।

# साल 2005 में जयपुर में श्रीलंका के खिलाफ खेली गई धोनी की 183 रनों की शानदार पारी आज भी हर भारतीय क्रिकेट फैन को याद है। वनडे में किसी भी विकेटकीपर-बल्लेबाज द्वारा खेली गई ये सबसे बड़ी पारी है। दूसरे नंबर पर एडम गिलक्रिस्ट की 172 रनों की पारी है।

# धोनी के नाम 7 नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए सबसे ज्यादा 139 रन बनाने का वर्ल्ड रेकॉर्ड भी उन्हीं के नाम है। साथ ही 7वें नंबर पर सबसे ज्यादा शतक लगाने का रिकॉर्ड भी धोनी के नाम दर्ज है। उन्होंने 2 शतक लगाए हैं।

# धोनी एकमात्र भारतीय विकेटकीपर है जिन्होंने अंतरराष्ट्रीय करियर में अब तक कुल 14,706 (तीनों फॉर्मेट जोड़कर) रन बनाए हैं। धोनी एकदिवसीय क्रिकेट में सबसे ज़्यादा रन बनाने वाले दूसरे विकेटकीपर बल्लेबाज है। धोनी ने 294 मैचों में 51.31 औसत से 9442 रन बनाए है।

# एमएस धोनी भारत के लिए वन-डे में सर्वाधिक रन बनाने वाले चौथे बल्लेबाज हैं। हाल ही में उन्होंने मोहम्मद अजहरुद्दीन (9,378) को पीछे छोड़ा। धोनी के अब 9,442 रन हो गए हैं। भारत में धोनी से अधिक सचिन तेंदुलकर, सौरव गांगुली और राहुल द्रविड़ के ही रन हैं।

# धोनी एकदिवसीय क्रिकेट में सबसे ज्यादा 208 छक्के लगाने वाले पहले भारतीय बल्लेबाज़ हैं। इतना ही नहीं अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले खिलाड़ियों की सूची में भी धोनी पांचवें नंबर पर पहुंच हैं। अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में धोनी के नाम 322 छक्के दर्ज हैं।

# धोनी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे ज्यादा मैंचों में कप्तानी करने वाले दुनिया के एकमात्र कप्तान हैं। धोनी 194 अंतरराष्ट्रीय एकदिवसीय, 60 टेस्ट और 71 अंतरराष्ट्रीय टी-20 मैचों में भारत की कप्तानी कर चुके हैं। दिग्गज ऑस्ट्रेलियाई कप्तान रिकी पॉन्टिंग 324 मैचों के साथ दूसरे नंबर पर हैं।

# धोनी ने बतौर कप्तान टी-20 फॉर्मेट में सबसे ज्यादा मैच जीते हैं। धोनी ने 72 टी-20 में कप्तानी की और 41 मैच जीते। भारत ने वनडे और टेस्ट में भी सबसे ज्यादा मैच धोनी की कप्तानी में ही जीते हैं।

# 'मिस्टर फिनिशर' के नाम से मशहूर विकेटकीपर बल्लेबाज महेंद्र सिंह धोनी के नाम सर्वाधिक स्टम्पिंग का विश्व रिकॉर्ड दर्ज हैं। कुल 439 मैचों की 510 पारियों में उन्होंने 158 खिलाड़ियों की गिल्लियां बिखेरीं हैं।

 

 

 

 

 

 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement