Advertisement

आईपीएल 2020 के लिए कोलकाता में आज लगेगी 12 देशों के 332 खिलाड़ियों पर बोली

इंडियन प्रीमियर लीग 2020 के लिए आज का दिन बेहद अहम होने वाला है। आज टूर्नामेंट में खेलने वाली आठ टीमें...
आईपीएल 2020 के लिए कोलकाता में आज लगेगी 12 देशों के 332 खिलाड़ियों पर बोली

इंडियन प्रीमियर लीग 2020 के लिए आज का दिन बेहद अहम होने वाला है। आज टूर्नामेंट में खेलने वाली आठ टीमें अपनी टीम को अगले एडिशन से पहले मजबूत करने के लिए कोलकाता में मनपसंद खिलाड़ियों की खरीद के लिए बैठेगी। नीलामी दोपहर में शुरू होगी और उसके बाद एक-एक कर तय होगा कि कौन सा खिलाड़ी किस टीम के लिए खेलने वाला है। इस लुभावनी लीग का यह सत्र इसलिए भी अहम है क्योंकि 2020 में ही टी-20 विश्व कप होगा। हालांकि इसमें फ्रेंचाइजी टीमों को अपने खर्च पर लगाम कसनी होगी।

73 स्थान भरे जाने हैं

आठ फ्रेंचाइजी 73 स्थानों के लिए 12 देशों के 332 खिलाड़ियों पर बोली लगाएंगी। नीलामी में पांच ऑस्ट्रेलियाई पैट कमिंस, जोश हेजलवुड, क्रिस लिन, मिशेल मार्श और ग्लेन मैक्सवेल शामिल हैं। ये पांचों और दक्षिण अफ्रीका के डेल स्टेन और श्रीलंका के एंजेलो मैथ्यूज सबसे ऊंचे बेस प्राइज दो करोड़ रुपये में उपलब्ध होंगे। इसमें कोई भारतीय शामिल नहीं हैं।

शिमरोन हेटमायर पर होंगी सबकी निगाहें

वेस्टइंडीज के 22 वर्षीय बिग हिटर शिमरोन हेटमायर पर सबकी निगाह रहेगी। नीलामी से पहले रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर ने उन्हें रिलीज कर दिया है। भारत के खिलाफ पहले वनडे में 85 गेंदों में शतक जड़कर टीम को जीत दिलाने के बाद उन्होंने अपना दावा मजबूत कर दिया है। उनका बेस प्राइज 50 लाख रुपए है। उन्हें पिछले साल बेंगलूरू ने 4.2 करोड़ में खरीदा था। वह पांच मैचों में 90 रन ही बना पाए थे। भारतीय खिलाड़ियों में रॉबिन उथप्पा, पीयूष चावला, यूसुफ पठान, चेतेश्वर पुजारा, हनुमा विहारी आकर्षण का केंद्र होंगे। 

कई युवा क्रिकेटरों पर होगी पैसों की बरसात

वहीं अगर भारत के युवा क्रिकेटरों की बात करें तो मुंबई के बाएं हाथ के ओपनर यशस्वी जायसवाल, भारत की अंडर-19 विश्व कप टीम के कप्तान मेरठ के प्रियम गर्ग, तमिलनाडु के बाएं हाथ के स्पिनर आर साई किशोर, बंगाल के तेज गेंदबाज ईशान पोरेल, झारखंड के बाएं हाथ के बल्लेबाज विराट सिंह और कर्नाटक के बल्लेबाज रोहन कदम पर फ्रेंचाइजी पैसों की बरसात कर सकती हैं। इन सभी बेस प्राइज 20 लाख रुपए है। 

अफगानिस्तान के नूर अहमद सबसे युवा खिलाड़ी

14 साल, 350 दिन के अफगानिस्तान के नूर अहमद सबसे युवा खिलाड़ी हैं। बाएं हाथ के चाइनामैन खिलाड़ी का बेस प्राइज 30 लाख रुपए हैं। हाल में भारत के खिलाफ अंडर-19 वनडे सीरीज में नूर ने नौ विकेट लिए थे। टीमों के कलाई के स्पिनरों के प्रति आकर्षण को देखते हुए उन्हें जल्द ही लिया जा सकता है। 

 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad