गोवंश सुरक्षा को लेकर गुजरात विधानसभा ने एक नया कानून पारित किया है। इसके बाद गो हत्या करने वाले को उम्रकैद की सजा होगी। वहीं गो मांस मिलने पर सात से दस साल की सजा होगी। गो मांस के साथ पकड़े जाने पर एक लाख से पांच लाख का आर्थिक दंड भी लगाया जा सकता है।
सभी मौजूदा मोबाइल उपभोक्ताओं को जल्द ही अपना आधार आधारित पुन:प्रमाणन कराना पड़ सकता है। सरकार ने इस संबंध में दूरसंचार सेवा प्रदाताओं को प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए हैं।
2007 में अजमेर दरगाह में हुए बम विस्फोट मामले में एनआईए की विशेष अदालत ने दोषी पाए गए भवेश पटेल और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के नेता देवेंद्र गुप्ता को उम्रकैद की सजा सुनाई है।
धनबाद में कांग्रेस नेता और पूर्व उप महापौर नीरज सिंह पर हमलावरों ने दनादन 36 गोलियां दाग कर मौत के घाट उतार दिया। हमलावरों ने स्पीड ब्रेकर का फायदा उठाते हुए गाड़ी के सामने से 26 गोलियां दागी। नीरज सामने की सीट पर ही बैठे थे और उन्हें 14 से ज्यादा गोलियां लगी। गोलीबारी के बाद परिजन नीरज सिंह को सेंट्रल अस्पताल ले गए जहां डॉक्टरों ने उन्हें दिवंगत घोषित कर दिया।
उत्तर प्रदेश की सवायजपुर सीट से भाजपा के नवनिर्वाचित विधायक माधवेन्द्र सिंह पर एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी को फोन पर धमकाने का आरोप लगा है। इस मामले में विधायक और पुलिस अफसर की कथित बातचीत का ऑडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के बाद प्रशासन ने मामले की जांच के आदेश दिये हैं।
महाराष्ट्र के सांगली में कन्या भ्रूण हत्या के एक दिल दहलाने वाले मामले का खुलासा हुआ है। पुलिस ने यहां से 19 भ्रूण बरामद किये हैं। ये सभी भ्रूण लड़कियों के हैं, गर्भपात के बाद इन शवों को एक स्थानीय नाले के पास गाड़ दिया गया था।
बसपा सुप्रीमो मायावती ने रविवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को आड़े हाथ लेते हुए आरोप लगाया कि वह अमेरिका में भारतीय मूल के लोगों की हत्याओं से बेपरवाह हैं।
अन्नाद्रमुक के एक नेता ने जयललिता की मौत पर सनसनीखेज दावा किया है। तमिलनाडु विधानसभा के पूर्व स्पीकर पी. एच. पंडियन ने आरोप लगाया कि जयललिता को उनके पोएस गार्डन आवास में किसी ने धक्का दिया था जिसके बाद उन्हें अपोलो हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया।
निर्भया कांड के पश्चात किशोर न्याय अधिनियम में किए गए संशोधन के बाद मध्यप्रदेश के झाबुआ की एक अदालत ने दो नाबालिगों को हत्या के आरोप में वयस्क की श्रेणी में रखा और उन्हें दोषी ठहराए जाने के बाद उम्रकैद की सजा सुनाई है।