कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी बुधवार को राजस्थान में ‘किसान आक्रोश आंदोलन’ की शुरुआत करेंगे। इस आंदोलन के जरिए कांग्रेस पार्टी पूरे देश में हो रही किसानों की खुदकुशी का मुद्दा उठाएगी, यह आंदोलन पूरे देश में चलेगा।
जम्मू कश्मीर हाई वे पर रामबन के पास अमरनाथ यात्रियों की एक बस खाई में गिर गई। इस हादसे में 16 लोगों की मौत हो गई, जबकि 19 घायल हो गए। इनमें कई की हालत गंभीर है। बस जम्मू से पहलगाम जा रही थी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृहमंत्रई राजनाथ सिंह तथा मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती ने घटना पर दुख जताते हुए कहा है कि दुख की घड़ी में जान गंवाने वाले परिवारों के साथ हैं।
कुख्यात बदमाश आनंदपाल के एनकाउंटर की सीबीआई जांच की मांग कर रहे उसके समर्थकों ने कल नागौर में पुलिस पर जमकर पथराव किया। गुस्साई भीड़ पर काबू पाने के लिए पुलिस को फायरिंग करनी पड़ी। बवाल के दौरान एक व्यक्ति के मारे जाने की खबर है।
राजस्थान के बालेसर में एयरफोर्स का एमआईजी-23 एयरक्राफ्ट विमान क्रैश हो गया। तीन दिन के भीतर यह दूसरी बड़ी हवाई दुर्घटना है। मंगलवार को अरुणाचल प्रदेश में इंडियन एयरफोर्स का हेलिकॉप्टर भी दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। इस तरह सैन्य विमानों का दुर्घटनाग्रस्त होना भारत के लिए चिंता का सबब है।
संसद के सेंट्रल हॉल में 30 जून की मध्यरात्रि को जीएसटी लॉन्चिंग के दौरान जन्म लेने वाली बच्ची का नाम जीएसटी रखने पर राजस्थान की मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने भी ट्विट कर बधाई दी है।