दिल्ली के तालकटोरा स्टेडियम में देश-विदेश से आए मेहमान, कई धर्म गुरु और मंत्रियों ने विश्व रक्षाबंधन दिवस मनाया। इसके पीछे उद्देश्य इतना था कि यह पर्व लोगों के बीच एकता और भाईचारे को मजबूत कर सके।
बेंगलुरु में मानवधिकारों के लिए काम करनेवाली संस्था एमनेस्टी इंटरनेशनल की रैली में कथित तौर पर राष्ट्रविरोधी नारे लगने के विरोध में एबीवीपी कर्नाटक की सड़क पर उतर गई है। पुलिस ने एबीवीपी की शिकायत पर इस मसले पर मामला दर्ज कर लिया है। विरोध कर रही एबीवीपी ने बुधवार को शहर में पुलिस कमिश्नर कार्यालय की तरफ जाने वाले रास्ते को रोक लिया। एबीवीपी ने कर्नाटक में विरोध प्रदर्शन का आह्वान किया। जिसके तहत पूरे राज्य भर में प्रदर्शन किए गए।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वतंत्रता दिवस भाषण में न्यायाधीशों की नियुक्ति का उल्लेख नहीं होने को लेकर प्रधान न्यायाधीश टीएस ठाकुर द्वारा निराशा जताए जाने पर विपक्षी दलों ने भी प्रतिक्रिया दी। कांग्रेस ने कहा कि प्रधानमंत्री को शीर्ष न्यायाधीश की सलाह पर ध्यान देना चाहिए।
बाॅलीवुड अभिनेता आमिर खान ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर कहा कि महाराष्ट्र में पांच साल के भीतर पानी की कमी की समस्या सुलझाना उनका सपना है। उन्होंने कहा कि वह पूरी कोशिश करेंगे महाराष्ट्र में पानी की किल्लत की समस्या दूर हो।
योग गुरु बाबा रामदेव न्यूयॉर्क में भारत के स्वतंत्रता दिवस की परेड में विशिष्ट अतिथि के तौर पर भाग लेंगे। बाबा रामदेव अमेरिका के अलावा कनाडा की भी यात्रा करेंगे। योग गुरू रामदेव 21 अगस्त को न्यूयार्क में होने वाली वार्षिक 70वीं स्वतंत्रता दिवस परेड में हिस्सा लेंगे और अमेरिका के ह्यूस्टन शहर में योग शिविर आयोजित करेंगे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 15 अगस्त को लाल किले के प्राचीर से दिए गए संबोधन के एक दावे पर उसी गांव के लोग सवाल उठा रहे हैं जिस गांव का उल्लेख पीएम मोदी ने अपने भाषण में किया है। प्रधानमंत्री ने कहा था कि आजादी के 70 साल बाद उत्तर प्रदेश के गांव नगला फतेला में उनकी सरकार ने बिजली पहुंचाई। गांव वालों ने खुद आगे आकर इस दावे को झूठ बताया है।
स्वतंत्रता के 70 साल पूरे होने पर देशभर में तिरंगा यात्रा निकाली जा रही है। पीएम नरेंद्र मोदी के निर्देश पर यह यात्रा निकाली जा रही है। लेकिन इस यात्रा में पीएम मोदी के मंत्री ही नियमों की धज्जियां उड़ा रहे हैं। जयपुर में केंद्रीय मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़ और केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने तिरंगा यात्रा का नेतृत्व किया। इस दौरान राठौड़ बाइक को चला रहे थे और उन्होंने हेलमेट नहीं पहना। इसके बजाए उन्होंने तिरंगी पगड़ी पहन रखी थी।
देश में न्यायपालिका और कार्यपालिका के बीच लगता है तकरार अभी भी चल रही है। इसकी झलक स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर दिखाई दी। देश के चीफ जस्टिस ऑफ इंडिया टीएस ठाकुर ने पीएम के भाषण में एक बेहद जरूरी मुद्दे का जिक्र नहीं करने पर निराशा जताई। जस्टिस ठाकुर ने जजों की नियुक्ति का मुद्दा उठाया।
पाकिस्तान ने आज यहां एक भड़काऊ संदेश में कहा कि वह अपने स्वतंत्रता दिवस को कश्मीर की आजादी के लिए समर्पित करता है और वह राज्य की जनता को कूटनीतिक, राजनीतिक और भावनात्मक स्तर पर पूरा समर्थन देेता रहेगा। पाकिस्तानी दूतावास में देश के स्वतंत्रता दिवस समारोह के आयोजन के मौके पर भारत में पाकिस्तानी उच्चायुक्त अब्दुल बासित ने ये टिप्पणियां की हैं। भारत ने शनिवार को जम्मू-कश्मीर पर बातचीत के पाकिस्तान के प्रस्ताव को अस्वीकार करते हुए पाक-समर्थित सीमा पार आतंकवाद को खत्म करने की मांग उठाई थी।
पड़ोसी देश पाकिस्तान भी इन दिनों अपने स्वतंत्रता दिवस की सत्तरवीं वर्षगांठ के उत्साह में है। वहां यह जश्न हम से एक दिन पहले मनाया जाता है। हर बार की तरह इस बार भी पाकिस्तान में शहीदों को याद करते समय भगत सिंह की शान में भी खूब कसीदे पढ़े गए।