आम आदमी पार्टी के बागी विधायक कपिल मिश्रा ने आज एक बार फिर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर आरोप लगाए हैं। कपिल मिश्रा ने कहा, “अरविंद केजरीवाल की अगुवाई वाली दिल्ली सरकार ने हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट मामले में 400 करोड़ रुपए का घोटाला किया है।”
झारखंड के जमशेदपुर इलाके में बच्चा चोरी करने के संदेह पर कुछ ग्रामीणों ने सात लोगों को पीट-पीटकर मार डाला। भीड़ के गुस्से का आलम यह था कि पिटते हुए लोगों को बचाने पहुंचे पुलिसकर्मियों पर भी ग्रामीणों ने हमला किया। चार लोगों को राजनगर में और तीन युवकों को बागबेड़ा थाना के नागाडीह में रात 9 बजे लोगों ने पीट-पीटकर मार डाला।
केद्रीय वन और पर्यावरण मंत्रालय का अतिरिक्त प्रभार विज्ञान और प्रौद्योगिकी मंत्री डॉ हर्षवर्धन को सौंपा गया है। वन व पर्यावरण मंत्री अनिल माधव दवे का अचानक निधन होने के कारण यह व्यवस्था की गई है।
दिग्विजय सिंह को कांग्रेस ने गोवा और कर्नाटक के पार्टी प्रभारी पद से हटा दिया है। इनके स्थान पर गोवा में चेल्ला कुमार को और कर्नाटक में के.सी. वेणुगोपाल को जिम्मेदारी दी गई है।
दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष के सिसौदिया के पूर्वी दिल्ली में पटपड़गंज इलाके में स्थित दफ्तर में चोरी हो गई। कहा जा रहा है कि उनके दफ्तर से चोर कंप्यूटर, कुछ दस्तावेज, सीसीटीवी कैमरे की डीवीआर सहित अन्य सामान लेकर चंपत हो गए।
बिहार के जहानाबाद जिला की एक अदालत ने 17 साल पुराने सेनारी नरसंहार कांड में आज फैसला सुनाते हुए 15 आरोपियों को दोषी करार दिया। वहीं अदालत ने इस हत्याकांड के 23 अन्य आरोपियों को साक्ष्य के अभाव में बरी कर दिया।
दिल्ली एनसीआर क्षेत्र के लाखों रोजाना यात्रियों को राहत देने वाले फैसले में इलाहाबाद उच्च न्यायालय ने आज आदेश दिया कि आठ लेन वाले और 9.2 किलोमीटर लंबे दिल्ली नोएडा डायरेक्ट (डीएनडी) फ्लाईओवर का प्रयोग करने वालों से अब टोल टैक्स नहीं वसूला जाएगा।
यह सुनने में भले ही अजीब लग सकता है, लेकिन छोटी, बड़ी सभी चोरियों को साथ मिला दें तो देश में 2015 के दौरान 8,210 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य की संपत्तियों की चोरी की गई।