डीआरडीओ ने टैंक भेदी मिसाइल नाग का सफल परीक्षण किया है। यह परीक्षण राजस्थान के रेगिस्तान में किया गया है। तीसरी पीढ़ी की एंटी टैंक मिलाइल का परीक्षण पिछली बार सफल नहीं रहा था। नाग पिछली बार अपने लक्ष्य से चूक गया था। इसकी तकनीकी खामियां दूर कर एक बार फिर इसका परीक्षण किया गया जिसमें यह सफल रहा है।
राजस्थान हाईकोर्ट के जज महेश चंद्र शर्मा के मोर और मोरनी वाले बयान को लेकर सोशल मीडिया पर जमकर मजाक बनाया जा रहा है। जज ने गाय को राष्ट्रीय पशु घोषित करने के पक्ष में तर्क देते हुए कहा था कि मोर आजीवन ब्रह्मचारी रहा है।
एक तरफ भारतीय जनता पार्टी देश भर में बीफ बैन की मांग कर रही है तो वहीं भाजपा के एक नेता का बड़ा बयान आया है। भाजपा नेता का कहना है कि उनकी पार्टी राज्य में सत्ता में आती है तो गो मांस पर प्रतिबंध नहीं होगा। और बूचड़खानों को कानूनी रूप से मान्यता दी जाएगी। जिससे विभिन्न प्रकार के मांसों की कीमतें घटेंगी।
जेवर में हत्या, लूटपाट और कथित गैंगरेप की घटना के बाद उत्तर प्रदेश के रामपुर में लड़कियों से छेड़छाड़ का एक वीडियो वायरल हो रहा है। वीडियो में कुछ लड़के दो लड़कियों के साथ छेड़छाड़ करते दिखाई दे रहे हैं।
दिल्ली में 1984 के सिख विरोधी दंगा मामले में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जगदीश टाइटलर ने लाई डिटेक्टर टेस्ट कराने से इंकार कर दिया है। पूर्व में इस मामले में सीबीआई जगदीश टाइटलर को क्लीन चिट दे चुकी थी।
रोहतक जिला एवं सत्र न्यायालय ने योग गुरु बाबा रामदेव के खिलाफ जमानती वारंट जारी किया है। बाबा रामदेव पर पिछले साल रोहतक में आयोजित सद्भावना सम्मेलन में विवादित बयान देने का आरोप है।
कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव और राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह के खिलाफ तेलंगाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। हाल ही में दिग्विजय सिंह ने बयान दिया था कि तेलंगाना पुलिस भटके हुए मुस्लिम युवाओं को फर्जी आईएसआईएस की साइट के जाल में फंसा रही है। इस विवादित बयान को लेकर ही मामला कायम किया गया है।