दक्षिण कश्मीर के पुलवामा जिले के रोहमू गांव में सोमवार को आतंकियों ने गोलीबारी कर पीडीपी के जिलाध्यक्ष अब्दुल गनी पर हमला किया। घायल अब्दुल गनी की अस्पताल में मौत हो गई। जिस दौरान यह हमला हुआ उस समय वह श्रीनगर पीडीपी नेताओं से मिलने जा रहे थे। पिछले दो हफ्तों में दक्षिण कश्मीर में किसी पीडीपी नेता पर यह तीसरा हमला है।
पंजाब के होशियारपुर के एक युवक विक्रम जारयाल की अमेरिकी शहर वाशिंगटन में गोली मार कर हत्या कर दी गई। विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने कहा कि गोलीबारी की घटना में इस मौत की भारत को एक रिपोर्ट मिली है और वह इस घटना की जांच कर रही एजेंसियों से बातचीत कर रही हैं।
गौरक्षा के नाम पर बढ़ती गुंडागर्दी और अलवर में गौवंश ले जाते व्यक्ति की हत्या के आरोपों के बीच राजस्थान से एक और खबर आई है। गौसेवा हेतु धन जुटाने के लिए राजस्थान सरकार ने 10 प्रतिशत सेस लगा दिया है। एक अप्रैल से यह सेस गैर-न्यायिक स्टाम्प पर सरचार्ज के तौर पर वसूला जाएगा।
देश के सेवा क्षेत्र में मार्च में लगातार दूसरे महीने वृद्धि दर्ज की गई। अर्थव्यवस्था में गतिविधियां बढ़ने और नये आर्डर मिलने के साथ साथ मुद्रास्फीति दबाव कम रहने से यह वृद्धि दर्ज की गई। एक मासिक सर्वेक्षण में यह परिणाम जारी किया गया है। इससे पहले पीएमआई के विनिर्माण क्षेत्र के सूचकांक में भी अच्छी वृद्धि दर्ज की गई।
रिलायंस जियो इंफोकॉम ने एक बार फिर अपने ग्राहकों को ‘जियो समर सरप्राइज’ का तोहफा है। जियो ने 303 रुपए मूल्य तथा अन्य प्लान रीचार्ज कराने की अंतिम तिथि को 15 अप्रैल तक बढ़ा दिया है। यह ऑफर जिओ प्राइम मेंबरशिप लेने वाले ग्राहकों के लिए है, जिसमें 303 रुपए का रिचार्ज कराने पर 3 महीने तक 4जी डेटा दिया जा रहा है।
गोवंश सुरक्षा को लेकर गुजरात विधानसभा ने एक नया कानून पारित किया है। इसके बाद गो हत्या करने वाले को उम्रकैद की सजा होगी। वहीं गो मांस मिलने पर सात से दस साल की सजा होगी। गो मांस के साथ पकड़े जाने पर एक लाख से पांच लाख का आर्थिक दंड भी लगाया जा सकता है।
मऊ के बाहुबली विधायक मुख्तार अंसारी ने रेल राज्यमंत्री मनोज सिन्हा पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि वह (मनोज सिन्हा) डॉन ब्रजेश सिंह के साथ मिलकर उनकी हत्या करा सकते हैं। अंसारी ने कहा कि मनोज सिन्हा, ब्रजेश सिंह और उनके भाई मेरे राजनीतिक दुश्मन हैं।
उच्चतम न्यायालय ने गुजरात में शिवसेना के एक नेता की हत्या के तीन दोषियों को सुनाई गई उम्रकैद की सजा बरकरार रखी है। शिवसेना नेता के छोटे भाई ने अल्पसंख्यक समुदाय की एक महिला से विवाह किया था।
भाजपा ने आज गोवा में भाजपा के सरकार बनाने की तैयारी को लोकतंत्र की हत्या बताने के कांग्रेस के आरोपों पर पलटवार किया। भाजपा ने कहा कि कांग्रेस को दूसरों पर दोष मढ़ने की बजाय आत्मचिंतन करना चाहिए क्योंकि जिसके पास बहुमत होगा, उसे ही सरकार बनाने का न्यौता मिलेगा।