अभिनेत्री और भारतीय जनता पार्टी की सदस्य रूपा गांगुली को आज राज्यसभा के लिए मनोनीत किया गया। रूपा ने लोकप्रिय धारावाहिक महाभारत में द्रौपदी का किरदार अदा किया था।
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को जनता दल यूनाइटेड का निर्विरोध अध्यक्ष चुन लिया गया। जदयू के राष्ट्रीय सचिव अफाक अहमद खान के मुताबिक पार्टी के निर्वाचन अधिकारी अनिल हेगड़े ने नीतीश कुमार को जदयू अध्यक्ष निर्वाचित किये जाने का प्रमाणपत्र उनके प्रतिनिधि विधान पार्षद संजय कुमार सिंह को सौंपा।
केंद्र सरकार के रोजगार सृजन पर जोर के बावजूद देश में बेरोजगारों की संख्या बढ़ रही है। श्रम ब्यूरो की रिपोर्ट के अनुसार देश की बेरोजगारी दर 2015-16 में पांच प्रतिशत पर पहुंच गयी जो पांच साल का उच्च स्तर है।महिलाओं के मामले में बेरोजारी दर उल्लेखनीय रूप से 8.7 प्रतिशत के उच्च स्तर पर जबकि पुरूषों के संदर्भ में यह 4.3 प्रतिशत रही। यह आंकड़ा केंद्र की भाजपा शासित सरकार के लिये खतरे की घंटी हो सकती है जिसने देश में समावेशी वृद्धि के लिये रोजगार सृजित करने को लेकर मेक इन इंडिया जैसे कई कदम उठाये हैं।
कॉरपोरेट मामलों के मंत्रालय में अतिरिक्त सचिव स्तर के अधिकारी बीके बंसल ने मंगलवार सुबह साढ़े नौ बजे बेटे के साथ खुदकुशी कर ली है। मधु विहार के नीलकंठ अपार्टमेंट में उन्होंने बेटे के साथ फांसी लगा ली। उनका और उनके बेटे का शव घर से मिला।
जनता दल यूनाइटेड ने बिहार प्रदेश अध्यक्ष वशिष्ठ नारायण सिंह को फिर निर्वाचित किया है। राज्यसभा सदस्य सिंह के खिलाफ किसी ने नामांकन नहीं किया था और वे दूसरी बार अध्यक्ष निर्वाचित हुए हैं।
भारतीय जनता पार्टी के नेता और उत्तर प्रदेश में सरधना के विधायक संगीत सोम ने रविवार को कहा कि पाकिस्तान के साथ नरमी नहीं बरतनी चाहिए। पाकिस्तान के जितने भी हीरो-हीरोइन भारत में काम कर रहे हैं, उन्हें जूते मारकर भगा देना चाहिए। वे अपने चुनाव क्षेत्र के एक गांव में रैली को संबोधित कर रहे थे।
उत्तर प्रदेश में सत्तारूढ समाजवादी पार्टी ने छह अक्तूबर को आजमगढ में होने वाली पार्टी मुखिया मुलायम सिंह यादव की रैली को अचानक रद्द कर दिया जिससे ऐसी आशंका व्यक्त की जा रही है कि सत्तारूढ परिवार में अब भी सब कुछ पटरी पर नहीं लौटा है।
यूपी में अखिलेश यादव अपने पिता मुलायम सिंह यादव से अधिक लोकप्रिय हैं। यह तथ्य मुलायम परिवार में छिड़ घमासान के बाद सी वोटर के सर्वे में सामने आया है। ताजा विवाद के बाद हुए सर्वे के अनुसार अखिलेश उत्तर प्रदेश में अपने पिता के मुकाबले बहुत अधिक लोकप्रिय हैं। सर्वे प्रदेश की 403 सीटों पर लगभग 11 हजार लोगों के बीच किया गया। इसके अनुसार शिवपाल सिंह यादव की लोकप्रियता लोगों के बीच काफी कम है।
कोझीकोड में चल रहे भारतीय जनता पार्टी की राष्ट्रीय परिषद की बैठक का आज आखिरी दिन था। पार्टी अध्यक्ष अमित शाह और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भाषण के साथ ही बैठक समाप्त हो गई। लेकिन कुछ नेताओं की नाराजगी को लेकर अटकलबाजी शुरू हो गई।
सूबे की भाजपा सरकार के पुरजोर प्रयासों के बाद भी प्रदेश के आईएएस, आईपीएस और आईएफएस अफसर जनता से जुड़ने के लिए सोशल मीडिया का उपयोग करने से हिचक रहे हैं। अधिकारियों का आम आदमी से कोई सीधा संवाद नहीं है। जबकि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और खुद मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान सोशल मीडिया के जरिए सरकार के कामकाज का फीडबैक ले रहे हैं। और जनता से जुड़कर लोक कल्याण के कार्यों में अधिक योगदान देना चाहते हैं।