भारत और चीन के बीच दिल्ली में 18वें दौर की सीमा वार्ता आज से शुरू हो गई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पिछले साल सत्ता संभालने के बाद यह दोनों देशों के बीच पहले चरण की सीमा वार्ता है।
जबलपुर पुलिस ने एक चर्च और एक अन्य धार्मिक परिसर में तोड़फोड़ करने के आरोप में छह व्यक्तियों को सोमवार तड़के गिरफ्तार कर लिया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ईशा पंत ने एजेंसी भाषा को बताया कि पुलिस ने एक कैथोलिक स्कूल और धार्मिक परिसर में तोड़फोड़ करने के आरोप में छह व्यक्तियों को गिरफ्तार कर लिया है।
संयुक्त राष्ट्र ने कहा है कि विदेशों में उत्तर कोरिया के तकरीबन बीस हजार बंधुआ मजदूर हैं और उनमें से ज्यादातर चीन और रूस में हैं जबकि उत्तर कोरिया ने रिपोर्ट को सिरे से खारिज करते हुए इसे दुर्भावनापूर्ण करार दिया है।
नगालैंड में बलात्कार के आरोपी की हत्या वाले मामले में दिमापुर के डीसी और एसपी को संस्पेंड कर दिया गया है और मामले की न्यायिक जांच शुरू हो गई है। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने राज्य सरकार से मामले की जानकारी मांगी है। गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने कहा है कि जांच पूरी होने पर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस बीच मुस्लिम संगठनों ने पुलिस के मूकदर्शक बने रहने पर सवाल उठाया है।
राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने कहा है कि भारत को सिर्फ शांति सुनिश्चित करने के लिए ही नहीं बल्कि अपनी क्षेत्रीय अखंडता की सुरक्षा के लिए भी मजबूत रक्षा बलों की जरूरत है।
श्रीलंका की पिछली महिंदा राजपक्षे सरकार के समय कोलंबो बंदरगाह के निर्माण में मदद करने वाले चीन द्वारा उस बंदरगाह पर बार-बार अपनी पनडुब्बियां भेजने से विवाद बढ़ता जा रहा है। श्रीलंका के नए राष्ट्रपति मैत्रीपाला सिरीसेना की सरकार ने चीन के इस कदम का कड़ा विरोध किया है जबकि चीन ने कहा है कि उसकी पनडुब्बियां वहां सिर्फ ईधन भरने के लिए रुकी थीं।
चीन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अरुणाचल प्रदेश की यात्रा को लेकर भारत के साथ कड़ा विरोध दर्ज कराया और कहा कि सीमा विवाद को सुलझाने के लिहाज से यह यात्रा कारगर नहीं है।
उत्तर पूर्वी नाइजीरिया में दो आत्मघाती हमलों में कम से कम 38 लोग मारे गए। देश में 28 मार्च को चुनाव होने हैं और बोकोहरम के नेता ने मतदान में व्यवधान डालने की धमकी दी है।
प्रधानमंत्री ने रक्षा आयात पर भारत की निर्भरता खत्म करने की आवश्यकता की जोरदार वकालत की है। बेंगलुरू में उन्होंने इस क्षेत्र में विनिर्माताओं को पक्षपात रहित कर व्यवस्था सहित निवेश- अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराने का वायदा किया।