जम्मू कश्मीर हाई वे पर रामबन के पास अमरनाथ यात्रियों की एक बस खाई में गिर गई। इस हादसे में 16 लोगों की मौत हो गई, जबकि 19 घायल हो गए। इनमें कई की हालत गंभीर है। बस जम्मू से पहलगाम जा रही थी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृहमंत्रई राजनाथ सिंह तथा मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती ने घटना पर दुख जताते हुए कहा है कि दुख की घड़ी में जान गंवाने वाले परिवारों के साथ हैं।
उत्तरकाशी में गंगोत्री हाईवे पर नालूपानी के पास तीर्थयात्रियों से भरी एक बस भागीरथी नदी में गिर गई, जिसमें 21 श्रद्धालुओं की मौत हो गई। जबकि सात श्रद्धालुओं को सुरक्षित बचा लिया गया है। ये सभी श्रद्धालु गंगोत्री धाम से दर्शन करके लौट रहे थे। पीएम नरेंद्र मोदी ने मृतकों के परिजन को 2 लाख और गंभीर रूप से जख्मी हुए लोगों को 50 हजार रुपये की मदद का एलान किया है।
राजधानी दिल्ली में रफ्तार का कहर रूकने का नाम नहीं ले रहा है। पंजाबी बाग फ्लाईओवर से होंडा सिटी कार गिरने से दो लोगों की मौत हो गई तथा पांच लोग घायल हो गए। जान गंवाने वाले छात्र व छात्रा हैं।
उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री और बहुजन समाज पार्टी की सर्वेसर्वा मायावती ने आज एक बड़ा फैसला लेते हुए अपने भाई आनंद कुमार को पार्टी का उपाध्यक्ष बनाने की घोषणा की। साथ ही कहा कि वे भाजपा को रोकने के लिए किसी भी दल से हाथ मिलाने को तैयार हैं।
पंजाब और हरियाणा उच्च न्यायालय ने आज मीडिया दिग्गज सुभाष चंद्रा के राज्यसभा में निर्वाचन को चुनौती देने वाली याचिका को खारिज कर दिया। चंद्रा ने पिछले साल हरियाणा से निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर राज्यसभा चुनाव जीता था। भारतीय जनता पार्टी ने उनका समर्थन किया था।
पूर्व विश्व शतरंज चैम्पियन विश्वनाथन आनंद को भरोसा है कि 2016 में मिश्रित सफलता के बाद वह वापसी करने में सफल रहेंगे और उन्होंने कहा कि वह इस साल ग्रैंड चेस टूर और विश्व कप में हिस्सा लेंगे। ग्रैंड चेस टूर में इस साल पांच टूर्नामेंट होंगे।
कानपुर ग्रामीण के शिवराजपुर में एक कोल्ड स्टोरेज में अमोनिया गैस रिसाव के बाद तेज धमाका हुआ जिससे पांच मजदूरों की मौत हो गयी तथा कम से कम आठ लोग घायल हो गये जिसमें एक मजदूर की हालत गंभीर है।