केरल के महत्वपूर्ण त्यौहार ओणम के मौके पर भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष अमित शाह द्वारा ‘वामन जयंती’ की बधाई दिए जाने को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। ओणम का सप्ताह व्यापी त्यौहार राजा महाबली की घर वापसी के तौर पर मनाया जाता है। मान्यता है कि उनका राज्य और शासन विष्णु के अवतार वामन ने छीन लिया था। अमित शाह के बधाई संदेश में वामन अवतार को महाबली के सिर पर पैर रखे हुए दिखाया गया है।
लोकसभा-राज्य विधानसभाओं के चुनाव साथ-साथ कराने के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मुहिम पर सरकार ने जनता से राय मांगी है। इस पर राजनीतिक हलकों में ज्यादा उत्साह नहीं हैं। बहुत सारे राजनीतिक दलों ने इसे अव्यवहारिक करार दिया है। लोकसभा में विपक्षी दल कांग्रेस के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने सवालिया निशान उठाते हुए कहा कि यह अव्यवहारिक है। यह किस तरह होगा?
मुंबई से एक नवजात बच्चे के साथ महिला व तीन अन्य लोगों के इस्लामिक स्टेट से जुड़ने के लिए देश छोड़कर जाने का मामला सामने आया है। ये लोग जून में गए थे। 26 वर्षीय अशफाक अहमद, उसकी पत्नी, 22 वर्षीय भतीजा मोहम्मद सिराज और 30 वर्षीय एजाज रहमान देश छोड़ दिए। अंग्रेजी अखबार टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के अनुसार क्राइम ब्रांच के एक अधिकारी ने बताया, यह आश्चर्य कर देने वाली बात है कि एक परिवार के चार लोग प्रतिबंधित संगठन से जुड़ने चले गए। हम लोग उपदेशक मोहम्मद हनीफ से अशफाक और उसके परिवार को आईएस की ओर आकर्षित करने के रोल पर पूछताछ कर रहे हैं।
उत्तर प्रदेश में बुलंदशहर के करीब एक महिला और उसकी किशोर बेटी के साथ कथित तौर पर किए गए सामूहिक बलात्कार मामले में आज 14 लोगों को हिरासत में लिया गया जबकि मुख्य आरोपी को पकड़ने के लिए 15 टीमों को भेजा गया है जिसकी पहचान हो गई है।
केंद्रीय जल संसाधन नदी विकास और गंगा संरक्षण मंत्री उमा भारती ने कहा कि नदियों के ‘’अतिरिक्त जल’’ की परिभाषा को जल्द अंतिम रूप दिया जाना जरूरी है। इसके लिए उन्होने कहा कि सभी राज्यों की सहमति के बाद ही यह फैसला होगा। उन्होंने कहा, ‘जब तक यह नहीं हो जाता तब तक बार-बार नदियों के अतिरिक्ति जल का मुद्दा उठता ही रहेगा।’
चीन में भारी बारिश और बाढ़ की वजह से 250 से अधिक लोगों के मरने की आशंका है। 132 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है जबकि 120 से ज्यादा लोग अब भी लापता हैं। वहीं मध्य हुबेई प्रांत में अब भी लगभग ढाई लाख लोग बाढ़ के पानी में फंसे हुए हैं।
भारतीय वायु सेना का एक ट्रांसपोर्ट विमान खराब मौसम के बीच बंगाल की खाड़ी में लापता हो गया है। शुक्रवार को एयरफोर्स का प्लेन AN-32 चेन्नई से पोर्ट ब्लेयर जा रहा था। सुबह चेन्नई से उड़ान भरी थी और 11.30 बजे इसे पोर्ट ब्लेयर उतरना था। इसमें 29 लोग सवार हैं, जिसमें छह चालक दल के सदस्य हैं।
घाटी में अशांति के लिए पाकिस्तान को दोषी ठहराते हुए केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने सोमवार को कहा कि कश्मीरी हमारे अपने लोग हैं जिन्हें बरगलाया जा रहा है। इसके साथ ही उन्होंने जनमत संग्रह को अप्रासंगिक करार देते हुए भरोसा दिलाया कि वहां की स्थिति से निपटने में सरकार सबको साथ लेकर चलेगी।