Advertisement

केजरीवाल का मजाक उड़ाते सिद्धू के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल

क्रिकेटर से राजनीतिज्ञ बने नवजोत सिंह सिद्धू के भाजपा छोड़ने के बाद आप में शामिल होने की अटकलों के बीच उनकी कुछ वीडियो क्लिप सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं जिनमें वह अरविंद केजरीवाल का मजाक उड़ाते दिख रहे हैं।
केजरीवाल का मजाक उड़ाते सिद्धू के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल

पूर्व क्रिकेटर नवजोत सिंह सिद्धू के आप में शामिल होने की अटकलों के बीच अरविंद केजरीवाल का मजाक उड़ाते उनके कुछ वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गए हैं। सिद्धू ने सोमवार को राज्यसभा से इस्तीफा दिया था और मंगलवार को उनकी पत्नि ने कहा कि राज्यसभा छोड़ने का अर्थ भाजपा छोड़ना भी है। ऐसा प्रतीत होता है कि ये वीडियो क्लिप 2014 के दिल्ली विधानसभा चुनाव के दौरान बनाई गई थी। वीडियो में सिद्धू आप के राष्ट्रीय संयोजक केजरीवाल का मजाक उड़ाते दिख रहे हैं और उन्हें नौटंकी कंपनी वाला केजरीवाल बता रहे हैं।

एक क्लिप में सिद्धू कहते दिख रहे हैं, नौटंकी कंपनी वाले केजरीवाल साहब। मैं पॉलीटिक्स ज्वाइन नहीं करूंगा और आम आदमी पार्टी बना दी। मैं सिक्युरिटी नहीं लूंगा जेड सिक्युरिटी ले ली। मैं बंगला नहीं लूंगा, बंगले में खुद झाड़ू मारने लग गया, बंगला ले लिया। मैं कोई झूठ बोल रहा हूं। पूर्व भारतीय क्रिकेटर सिद्धू एक क्लिप में दिल्ली के मुख्यमंत्री केजरीवाल की पुरानी खांसी का मजाक उड़ाते दिख रहे हैं। वह क्लिप में कहते दिख रहे हैं, इधर धरना, उधर धरना। तुझसे खांसी तो ठीक नहीं हुई, दिल्ली क्या ठीक करेगा। क्या मैंने झूठ बोला। एक अन्य क्लिप में सिद्धू कहते हैं हर जगह पे भागम-भाग। नौकरी छोड़कर भागा, दिल्ली की जनता को छोड़कर भागा, जो बंदा अन्ना हजारे का नहीं हो सका, वो तुम्हारा कैसे होगा।

2004 से 2014 तक अमृतसर से भाजपा के सांसद रहे सिद्धू ने पंजाब में विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा को झटका देते हुए कल सोमवार को राज्यसभा से इस्तीफा दे दिया था। इससे ये अटकलें लगनी शुरू हो गईं कि वह अपनी पत्नी नवजोत कौर के साथ आप में शामिल हो सकते हैं। नवजोत कौर पंजाब से भाजपा की विधायक हैं। तीन महीने पहले ही नरेंद्र मोदी सरकार ने नवजोत सिंह सिद्धू को राज्यसभा में मनोनीत किया था। केजरीवाल एवं आप के अन्य नेताओं ने सिद्धू के इस निर्णय की प्रशंसा की। उनकी पत्नी ने आज कहा कि उनके पति के पास आप में शामिल होकर पंजाब के लोगों की सेवा करने के अलावा अन्य कोई विकल्प नहीं है।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad