Advertisement

शिवसेना ने प्रियंका को बताया कांग्रेस के लिए 'ट्रंप कार्ड', कहा- सही समय पर हुई उनकी नियुक्ति

कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी द्वारा बहन प्रियंका गांधी वाड्रा को पार्टी महासचिव बनाने के साथ पूर्वी...
शिवसेना ने प्रियंका को बताया कांग्रेस के लिए 'ट्रंप कार्ड', कहा- सही समय पर हुई उनकी नियुक्ति

कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी द्वारा बहन प्रियंका गांधी वाड्रा को पार्टी महासचिव बनाने के साथ पूर्वी उत्तर प्रदेश का प्रभारी नियुक्त किए जाने के बाद से पक्ष-विपक्ष की तरफ से बयानबाजी जारी है। एक ओर कांग्रेस के कार्यकर्ता और नेता इस फैसले से उत्साहित हैं तो विपक्षी नेता तंज कसने से बाज नहीं आ रहे हैं। इन सबके बीच आज शिवसेना ने प्रियंका गांधी को कांग्रेस के लिए 'ट्रंप कार्ड' बताया तो वहीं, बिहार के उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने तंज कसते हुए कहा कि यूपी में प्रियंका गांधी सपा-बसपा को डराएंगी।

कांग्रेस के लिए 'ट्रंप कार्ड' हैं प्रियंका गांधी

महाराष्ट्र में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सहयोगी दल शिवसेना के संजय राउत ने कहा है कि कांग्रेस ने प्रियंका गांधी को सही समय पर उनकी नियुक्ति हुई है और वह कांग्रेस के लिए 'ट्रंप कार्ड' हैं। शिवसेना नेता ने कहा कि राहुल गांधी ने कोई झूठा आश्वासन नहीं दिया है।

प्रियंका की नियुक्ति यूपी में सपा-बसपा को डराने के लिए की गई

वहीं, बिहार के उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने कहा है कि प्रियंका गांधी की नियुक्ति यूपी में सपा और बसपा को डराने के लिए की गई है। उन्होंने ये भी कहा है कि प्रियंका ने राजनीति में एंट्री रॉबर्ट वाड्रा के प्रतिनिधि के रूप में की है ताकि रॉबर्ट वाड्रा द्वारा किए गए घोटाले को छुपा सकें।

खूबसूरत चेहरों के दम पर वोट नहीं जीते जा सकते

एनडीए के एक और सहयोगी जेडीयू के नेता और नीतीश कुमार के मंत्री विनोद नारायण झा ने कहा है कि खूबसूरत चेहरों के दम पर वोट नहीं जीते जा सकते। इससे भी बढ़कर तथ्य यह है कि वह रॉबर्ट वाड्रा की पत्नी हैं, जिन पर भूमि घोटाले और भ्रष्टाचार के कई मामलों में शामिल होने का आरोप है। वह बेहद खूबसूरत हैं, लेकिन उसके अलावा उनकी कोई राजनैतिक उपलब्धि नहीं है।

प्रियंका के हाथ में पूर्वी उत्तर-प्रदेश की कमान

कांग्रेस में प्रियंका गांधी को महासचिव बनाया गया है और उनको पूर्वांचल की जिम्मेदारी दी गई है। कांग्रेस सहित कई लोगों का मानना है कि कांग्रेस की ओर से किया गया यह फैसला पार्टी को उत्तर प्रदेश में अच्छी-खासी सफलता दिला सकता है। कांग्रेस के कई कार्यकर्ता भी समय-समय पर प्रियंका को उत्तर प्रदेश में लाने की मांग करते रहे हैं। यह कांग्रेस का बड़ा दांव माना जा रहा है। प्रियंका अब तक भाई राहुल गांधी और मां सोनिया गांधी के संसदीय क्षेत्र तक सीमित थीं। अब उन्हें प्रभारी नियुक्त किया गया है।

फरवरी में कार्यभार संभालेंगी प्रियंका

प्रियंका फरवरी के पहले सप्ताह में कार्यभार संभालेंगी। पार्टी के वरिष्ठ नेता केसी वेणुगोपाल को संगठन महासचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई है जो पहले की तरह कर्नाटक के प्रभारी की भूमिका निभाते रहेंगे।

पूर्वी उत्तर प्रदेश का गणित

पूर्वी उत्तर प्रदेश की बात करें तो इस क्षेत्र में 21 जिले हैं, जिनमें लोकसभा की 26 और विधानसभा की 130 सीटें हैं। पूर्वी उत्तर प्रदेश खासकर भोजपुरी भाषी बेल्ट है। इस क्षेत्र की अहमियत इसी बात से समझी जा सकती है, अभी तक पांच प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू, लाल बहादुर शास्त्री, वीपी सिंह, चंद्रशेखर और नरेंद्र मोदी पूर्वी उत्तर प्रदेश से ही आए हैं। पूर्वी उत्तर प्रदेश में गोरखपुर, वाराणसी और आजमगढ़ जैसी सीटें आती है।

 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement