Advertisement

जनादेश के खिलाफ जाने वालों को सजा देगी जनता, कर्नाटक से हुई शुरुआत: पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी झारखंड विधानसभा चुनाव के तीसरे दौर के मतदान से पहले सोमवार को बरही में...
जनादेश के खिलाफ जाने वालों को सजा देगी जनता, कर्नाटक से हुई शुरुआत: पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी झारखंड विधानसभा चुनाव के तीसरे दौर के मतदान से पहले सोमवार को बरही में चुनावी रैली को संबोधित किया। पीएम मोदी ने अपने भाषण में कर्नाटक उपचुनावों के नतीजों के रुझानों में बीजेपी की मजबूत स्थिति का जिक्र किया। उन्होंने जनता से अपील की कि अगर वे झारखंड का विकास चाहते हैं तो बीजेपी को पूर्ण बहुमत से सरकार बनाने दें।

पीएम मोदी ने कहा कि कर्नाटक के लोगों ने कांग्रेस और उसके साथियों की सरकार के दौरान भ्रष्टाचार और विकास के साथ लापरवाही देखी थी। इसलिए उन्होंने भाजपा को वोट दिया है। कर्नाटक के लोगों ने ये सुनिश्चित कर दिया है कि कांग्रेस या जेडीएस वहां के लोगों के साथ विश्वासघात नहीं कर पाएंगे। ये देश के तमाम राज्यों के लिए संदेश है कि कोई जनादेश के खिलाफ जाएगा, जनता को धोखा देगा, तो पहला मौका मिलते ही जनता उसे पूरी सजा देगी।

झारखंड में मोदी ने किया कर्नाटक के राजनीतिक संकट का जिक्र

मोदी ने कर्नाटक के राजनीतिक संकट का जिक्र करते हुए झारखंड की जनता को आगाह किया और कहा, 'अगर त्रिशंकु परिणाम आता है तो कर्नाटक की तरह तबाह करने वाले मैदान में आ जाते हैं। इसलिए हम तय करें कि हम झारखण्ड को बर्बाद नहीं होने देंगे।'

बता दें कि कर्नाटक में 15 विधानसभा सीटों के लिए हुए उपचुनाव के लिए वोटों की गिनती जारी है। अभी तक के रुझानों में जनादेश स्पष्ट रूप से बीजेपी के पक्ष में है। उधर महज एक सीट पर जीत हासिल कर एक सीट पर आगे चल रही कांग्रेस ने हार मान ली है।

याद दिलाई कर्नाटक की कांग्रेस सरकार 

इससे पहले मोदी ने कर्नाटक की कांग्रेस-जेडीएस गठबंधन की सरकार पर तंज कसते हुए कहा, 'बीजेपी को रोकने के लिए इन्‍होंने जो सीएम बनाया था उसे भी रोज बंदूक दिखाई जाती थी। वह सीएम जनता के बीच रोता, गिड़गिड़ाता था। कर्नाटक के सीएम का हाल किडनैप होने वाले से भी बुरा कर दिया था।'

उन्होंने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस की सच्चाई को झारखंड के लोगों को भी याद रखना है। कांग्रेस कभी भी गठबंधन के भरोसे पर खरी नहीं उतरी है। ये अपने मतलब के लिए गठबंधन और जनादेश का उपयोग करती है। फिर अपने हित के लिए अपने सहयोगियों को कठपुतली की तरह उपयोग करती है।

'गठबंधन के विश्‍वास पर कांग्रेस खरी नहीं'

मोदी ने कहा, 'कांग्रेस कभी भी गठबंधन के भरोसे पर खरी नहीं उतरी है। वह अपने मतलब के लिए गठबंधन और जनादेश का उपयोग करती है, और सहयोगियों को कठपुतली की तरह प्रयोग करती है। इससे जनता को सही शासन नहीं मिलता है, पूरा राज्‍य अनिश्चितता, खरीद-बिक्री में डूब जाता है। इसलिए बीजेपी को पूर्ण बहुमत से चुनें ताकि झारखंड को स्थिर शासन मिले, ताकि पांच साल विकास हो।'

'कांग्रेस ने किया पर्दे के पीछे खेल'

कर्नाटक विधानसभा चुनाव का जिक्र करते हुए नरेंद्र मोदी ने कहा, 'जनता ने चुनाव में बीजेपी को सरकार बनाने के लिए जनादेश दिया था, लेकिन कांग्रेस ने पर्दे के पीछे से खेल करके बीजेपी को सरकार बनाने नहीं दी थी। लेकिन आज जनता ने उन्हें सजा दी है, ज्यादातर सीटों पर बीजेपी जीत हासिल कर रही है या तेजी से आगे बढ़ रही है।

अनुच्छेद 370 पर क्या बोले मोदी

पीएम मोदी ने कहा कि डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी जी ने जम्मू कश्मीर में अलग प्रधान, अलग संविधान को खत्म करने के लिए संघर्ष किया। मुझे खुशी है कि उनकी भावना के अनुरूप आज जम्मू कश्मीर में भारतीय संविधान पूरी तरह से लागू हो चुका है।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad