Advertisement

शिवराज सिंह ने किया विभागों का बंटवारा, नरोत्तम मिश्रा को स्वास्थ्य-गृह मंत्रालय का जिम्मा

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कैबिनेट गठन के 24 घंटे बाद ही विभागों का बंटवारा कर...
शिवराज सिंह ने किया विभागों का बंटवारा, नरोत्तम मिश्रा को स्वास्थ्य-गृह मंत्रालय का जिम्मा

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कैबिनेट गठन के 24 घंटे बाद ही विभागों का बंटवारा कर दिया है। शिवराज ने बुधवार को अपने ट्विटर अकाउंट के जरिए मंत्रियों के विभागों की जानकारी दी। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज पांच मंत्रियों को उनके मंत्रालय सौंपें। इन पांचों मंत्रियों ने कल ही यानी मंगलवार को शपथ ली थी। मध्य प्रदेश में मंत्रिमंडल गठन में शामिल 5 मंत्रियों को अलग-अलग विभाग सौंपे गए हैं। वरिष्ठ नेता नरोत्तम मिश्रा को गृह और स्वास्थ्य मंत्रालय का जिम्मा दिया गया है। तुलसी सिलावट जल संसाधन विभाग का काम संभालेंगे। गोविंद सिंह राजपूत सहकारिता और खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग देखेंगे। कमल पटेल कृषि मंत्री बनाए गए हैं। मीना सिंह आदिम जाति कल्याण विभाग देखेंगी।

दरअसल, कोरोना वायरस के संकट के बीच विपक्ष की ओर से लगातार हमला किया जा रहा था कि राज्य में कोई भी स्वास्थ्य मंत्री नहीं है, ऐसे में अब सरकार की ओर से तुरंत ही कैबिनेट मंत्रियों को विभाग बांट दिए गए। सीएम ने कहा कि अभी हमने विभागों का बंटवारा कोरोना को ध्यान में रखते हुए किया है। महामारी को नियंत्रित करने के लिए जितने विभाग जरूरी थे, उन्हें ही बनाया गया है।

जानें किस मंत्री को मिला कौन-सा मंत्रालय

मंत्री

मंत्रालय

नरोत्तम मिश्रा

गृह और स्वास्थ्य मंत्रालय

तुलसीराम सिलावट

जल संसाधन मंत्रालय

कमल पटेल

कृषि मंत्रालय

गोविंद सिंह

खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्रालय

मीना सिंह

आदिम जाति कल्याण मंत्रालय

 

 

23 मार्च को शिवराज सिंह ने ली थी शपथ

बता दें कि 23 मार्च को शिवराज सिंह चौहान ने राज्य के मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ ली थी, लेकिन तब से अबतक वो बिना मंत्रिमंडल के ही काम कर रहे थे। इसी के बाद वह विपक्ष के निशाने पर थे। मुख्यमंत्री बनने के करीब 29 दिन के बाद शिवराज ने अपनी कैबिनेट का गठन किया और मंगलवार को राजभवन में पांच मंत्रियों ने शपथ ली।

पांच नेताओं में सिंधिया गुट के दो मंत्री भी हैं शामिल

गौरतलब है कि जिन पांच नेताओं को मंत्री बनाया गया है, उनमें से कांग्रेस छोड़ भाजपा में आए ज्योतिरादित्य सिंधिया गुट के तुलसी सिलावट और गोविंद सिंह राजपूत भी शामिल हैं। मध्य प्रदेश कृषि के लिहाज से काफी अहम राज्य है, ऐसे में दोनों नेताओं को इससे जुड़े मंत्रालयों का जिम्मा दिया गया है।

कमलनाथ सरकार पर मंडरा रहे थे संकट के बाद

कांग्रेस की कमलनाथ सरकार पर काफी लंबे वक्त से संकट के बादल मंडरा रहे थे, जिसके बाद 22 विधायकों ने पार्टी से इस्तीफा देने का ऐलान किया। लंबी खींचतान के बाद 22 मार्च को कमलनाथ को अपने पद से इस्तीफा देना पड़ा और 23 मार्च को शिवराज सिंह चौहान ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ले ली, लेकिन 24 मार्च को ही देश में लॉकडाउन लागू हो गया, जिसकी वजह से शिवराज कैबिनेट का विस्तार नहीं हो पाया था।

 

 

 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad