Advertisement

महाराष्ट्र की राजनीति को छोड़ गोवा की ओर बढ़े संजय राउत, कहा- जल्द होगा एक और चमत्कार

महाराष्ट्र में एक लंबे समय तक राजनीतिक खेल खेलने के बाद अब शिवसेना नेता संजय राउत गोवा के लिए तैयारी...
महाराष्ट्र की राजनीति को छोड़ गोवा की ओर बढ़े संजय राउत, कहा- जल्द होगा एक और चमत्कार

महाराष्ट्र में एक लंबे समय तक राजनीतिक खेल खेलने के बाद अब शिवसेना नेता संजय राउत गोवा के लिए तैयारी करने में जुट गए हैं। उन्होंने शुक्रवार को अपने एक ताजा बयान में कहा कि अब शिवसेना गोवा में भी जल्द सरकार बनाएगी। उन्होंने कहा, 'गोवा फॉरवर्ड पार्टी के अध्यक्ष और गोवा के पूर्व सीएम विजय सरदेसाई 3 विधायकों के साथ शिवसेना के साथ गठबंधन कर रहे हैं। एक नया राजनीतिक मोर्चा गोवा में आकार ले रहा है, ठीक वैसे ही जैसे महाराष्ट्र में हुआ। जल्द ही गोवा में भी आपको एक चमत्कार दिखाई देगा।'

इसके बाद उनसे जब एक कोर्ट द्वारा देवेंद्र फडणवीस को समन जारी करने पर सवाल किया गया तो उन्होंने कहा, 'मुझे मालूम नहीं। हम अभी गोवा की राजनीति में व्यस्त हैं। महाराष्ट्र की राजनीति खत्म।'

संजय ने प्रमोद सावंत पर भी साधा निशाना

संजय राउत ने गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि बीजेपी ने गोवा में सरकार बनाने के लिए हर तरह की जोड़ तोड़ की। उन्होंने कहा कि सावंत ने कांग्रेस के सबसे भ्रष्ट नेताओं को साथ मिलाया। इसके साथ ही संजय ने जानकारी दी कि विजय देसाई भी शुक्रवार को शिवसेना के साथ आ गए हैं। जल्द ही बड़ा बदलाव आपको देखने को मिलेगा।

हम देश में बीजेपी के बिना अपना फ्रंट बनाना चाहते हैं

संजय राउत ने आगे कहा कि महाराष्ट्र के बाद गोवा और उसके बाद शिवसेना अन्य राज्यों का भी रुख करेगी। उन्होंने कहा कि हम देश में बीजेपी के बिना अपना फ्रंट बनाना चाहते हैं। इस दौरान जब संजय से देवेंद्र फडणवीस को मिले समन के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि इस बात की मुझे जानकारी नहीं है अभी हम गोवा की राजनीति में व्यस्त हैं।

पार्रिकर के निधन के बाद प्रमोद बने थे गोवा के सीएम

बता दें कि गोवा में बीजेपी की सरकार है। यहां पर मुख्यमंत्री मनोहर पार्रिकर के निधन के बाद प्रमोद पांडुरंग सावंत ने इस पद को संभाला था। इससे पहले वे गोवा विधानसभा के स्पीकर के तौर पर नियुक्त थे। अभी तक गोवा में कांग्रेस और बीजेपी ही दो बड़ी राजनीतिक पार्टियों के तौर पर स्‍थापित हैं।

गोवा विधानसभा में दलगत स्थिति

भाजपा  के 27 विधायक

निर्दलीय के 3 विधायक

गोवा फॉरवर्ड पार्टी के 3 विधायक

कांग्रेस के 5 विधायक

राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी का  एक विधायक

महाराष्ट्रवादी गोमंतक पार्टी का एक विधायक

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad