Advertisement

कर्नाटक: भाजपा पर सरकार गिराने के आरोपों के बीच बोले कुमारस्वामी, हमें कोई खतरा नहीं

कांग्रेस नेता और कर्नाटक के जल संसाधन मंत्री डीके शिवकुमार ने भाजपा पर सरकार गिराने की कोशिश का आरोप...
कर्नाटक: भाजपा पर सरकार गिराने के आरोपों के बीच बोले कुमारस्वामी, हमें कोई खतरा नहीं

कांग्रेस नेता और कर्नाटक के जल संसाधन मंत्री डीके शिवकुमार ने भाजपा पर सरकार गिराने की कोशिश का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, "राज्य सरकार को अस्थिर करने के लिए भाजपा ऑपरेशन लोटस चला रही है। कांग्रेस के तीन विधायक मुंबई के एक होटल में भाजपा के कुछ नेताओं के साथ ठहरे हुए हैं।" उधर, मुख्यमंत्री एचडी कुमारस्वामी ने कहा कि वे मुझे बताकर गए हैं। चिंता की कोई बात नहीं है। हमारा कोई भी विधायक पाला नहीं बदलेगा।

मेरी सरकार को कई खतरा नहीं: कुमारस्वामी

कुमारस्वामी ने कहा, ''सभी तीन विधायक लगातार मेरे संपर्क में हैं। वे लोग मुझे बताने के बाद ही मुंबई गए हैं। मेरी सरकार को कोई खतरा नहीं है। मुझे पता है कि भाजपा किसके संपर्क में हैं और वे क्या ऑफर कर रहे हैं। मैं इससे निपट लूंगा। मीडिया को इसकी चिंता नहीं करनी चाहिए।''

सभी विधायक हमारे साथ: उपमुख्यमंत्री परमेश्‍वर

कर्नाटक के उपमुख्‍यमंत्री जी परमेश्‍वर ने कहा, " हमारे विरोधी कह रहे हैं कि सरकार गिरने जा रही है लेकिन ऐसा नहीं होने जा रहा है। हमारे कुछ विधायक गए हैं, यह बात सच है। वे विधायक मंदिर गए हैं। छुट्टियों पर गए हैं या फिर परिवार से साथ समय बिताने गए हैं। यह बात हमें नहीं पता। किसी ने भी यह नहीं कहा है कि विधायक भाजपा में शामिल होकर सरकार को गिराने जा रहे हैं। सभी विधायक हमारे साथ अभी तक बने हुए हैं।"

उनके विधायक हमारे संपर्क में नहीं, यह अफवाह है: येदियुरप्पा

कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा नेता बीएस येदियुरप्पा दिल्ली में अपने विधायकों के साथ पहुंचे। उन्होंने आरोप लगाया- कर्नाटक का मुख्यमंत्री होने के बावजूद कुमारस्वामी विधायकों की खरीद-फरोख्त में लगे हैं। उन्होंने हमारे कलबुर्गी विधायक को मंत्री पद और पैसों का लालच दिया। हम यहां पर अपनी एकता को दर्शाने के लिए आए हैं। हम यहां एक-दो दिन और रहेंगे।

येदियुरप्पा ने 3 कांग्रेसी विधायकों के भाजपा के संपर्क में होने की रिपोर्ट पर कहा- यह सब अफवाहें हैं, इनमें कोई सच्चाई नहीं है। ये केवल जेडीएस और कांग्रेस के बीच में है। हमारे संपर्क में उनका कोई भी विधायक नहीं है। हमारा फोकस केवल अपने विधायकों को एकसाथ रखने में है।

सदानंद गौड़ा ने कहा- भाजपा पर आरोप गलत

केंद्रीय मंत्री और भाजपा नेता डीवी सदानंद गौड़ा ने कहा कि कांग्रेस को पहले अपना घर संभालना चाहिए। वे अपने विधायकों को एकसाथ कर्नाटक में रख नहीं पा रहे और हर बात के लिए भाजपा पर उंगली उठाते हैं। भाजपा के पूर्व मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा ने कहा कि सब बातें बेबुनियाद हैं। यह कांग्रेस और जेडीएस के बीच का मामला है। हम उनके किसी भी विधायक के संपर्क में नहीं हैं।

ऑपरेशन लोटस क्या है?

2008 विधानसभा चुनाव में किसी भी पार्टी को बहुमत नहीं मिला था। भाजपा को 110, कांग्रेस को 80, जेडीएस को 28 और निर्दलीय को 6 सीटें मिली थीं।

भाजपा ने 6 निर्दलीय विधायकों के समर्थन से सरकार बनाई थी। इसके बाद भाजपा ने जेडीएस के चार और कांग्रेस के तीन विधायकों को अपने पक्ष में कर लिया था। इसके लिए उन्होंने पार्टी से इस्तीफा दे दिया। बाद में सभी भाजपा में शामिल हो गए। इन सीटों पर उप चुनाव हुए। सात में से पांच विधायक जीत गए। इस तरह सदन में भाजपा की संख्या 115 हो गई। इस पूरी कवायद को ‘ऑपरेशन लोटस’ कहा गया।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad