Advertisement

सपा-बसपा गठबंधन से घबराकर भाजपा गठजोड़ के लिए दर-दर की ठोकरें खा रही: मायावती

बहुजन समाज पार्टी की प्रमुख मायावती ने गठबंधन को लेकर भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधा है। तमिलनाडु...
सपा-बसपा गठबंधन से घबराकर भाजपा गठजोड़ के लिए दर-दर की ठोकरें खा रही: मायावती

बहुजन समाज पार्टी की प्रमुख मायावती ने गठबंधन को लेकर भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधा है। तमिलनाडु और महाराष्ट्र में भाजपा के गठबंधन के एलान के बाद मायावती ने निशाना साधते हुए कहा कि बसपा-सपा गठबंधन के डर से भाजपा गठबंधन के लिए दर-दर की ठोकरें खा रही है। मायावती ने ट्वीट करते हुए बुधवार को कहा, 'भाजपा द्धारा लोकसभा चुनाव से पहले बिहार फिर महाराष्ट्र और तमिलनाडु में पूरी लाचारी में दण्डवत होकर गठबंधन करना क्या इनके मजबूत नेतृत्व को दर्शाता है? वास्तव में बसपा-सपा गठबंधन से भाजपा इतनी ज्यादा डर गई है कि इसे अब अपने गठबंधन के लिए दर-दर की ठोकरें खानी पड़ रही है।'

जनता भाजपा का घमंड तोड़ेगी

इसके साथ ही एक अन्य ट्वीट में उन्होंने लिखा, 'लेकिन भाजपा अब चुनाव के समय में चाहे लाख हाथ-पांव मार ले, इनकी गरीब, मजदूर, किसान व जनविरोधी नीति व इनके अहंकारी रवैये से लगातार दु:खी व त्रस्त, देश की 130 करोड़ जनता इन्हें अब किसी भी कीमत पर माफ करने वाली नहीं है। जनता इनका घमंड चुनाव में तोड़ेगी व इनकी सरकार जाएगा।'

तमिलनाडु-महाराष्ट्र में भाजपा ने किया गठबंधन

भारतीय जनता पार्टी और अन्नाद्रमुक ने साथ मिलकर लोकसभा चुनाव लड़ने का ऐलान मंगलवार को किया है। गठबंधन के मुताबिक बीजेपी तमिलनाडु की 5 सीटों पर लोकसभा चुनाव लड़ेगी। इसके अलावा भाजपा और AIADMK पुदुचेरी में भी साथ चुनाव लड़ेंगे। गठबंधन को लेकर केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि दोनों पार्टियां साथ में मिलकर तमिलनाडु में स्वीप करेंगी। अन्नाद्रमुक के संयोजक और उपमुख्यमंत्री ओ. पन्नीरसेल्वम और केंद्रीय मंत्री एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता पीयूष गोयल ने गठबंधन की घोषणा की। दोनों दलों के बीच दूसरे और अंतिम दौर की चर्चा के बाद यह घोषणा की गई। चर्चा में मुख्यमंत्री के. पलानीस्वामी भी शामिल थे। इससे पहले अन्नाद्रमुक ने पीएमके के साथ समझौता किया, जिसके तहत वेन्नियार की पार्टी को 40 में से सात सीटें दी गईं। केंद्र शासित क्षेत्र पुडुचेरी की सीट भी पीएमके के हिस्से में गई है।

इससे एक दिन पहले भाजपा अध्यक्ष अमित शाह और शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे की मौजूदगी में महाराष्ट्र के सीएम देवेंद्र फडणवीस ने राज्य में भाजपा-शिवसेना गठबंधन का ऐलान किया गया था। दोनों दलों का गठबंधन आगामी लोकसभा चुनाव और विधानसभा चुनाव के लिए हुआ है। महाराष्ट्र में लोकसभा चुनाव में शिवसेना 23 और बीजेपी 25 सीटों पर लड़ेगी। फडणवीस ने कहा, 'अब हमारे बीच कोई गलतफहमी नहीं है।' सीएम देवेंद्र फडणवीस ने महाराष्ट्र के विधानसभा चुनाव को लेकर गठबंधन की स्थित भी साफ कर दी। उन्होंने कहा कि 'प्रदेश में हमारे जो मित्र हैं उनकी सीटें छोड़कर बीजेपी और शिवसेना आधी-आधी सीटों पर चुनाव लड़ेगी।'

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad